दिवाली के खास मौके पर घर की सजावट और पूजा के लिए गेंदे के फूल खूब इस्तेमाल किए जाते हैं। मगर कुछ ही दिनों में ये फूल मुरझा जाते हैं और अक्सर कूड़ेदान में फेंक दिए जाते हैं। पर क्या आपको पता है कि आप इसकी मदद से खुशबूदार साबुन बना सकती हैं? इसके लिए आपको महंगे सामान या किसी खास मशीन की जरूरत नहीं होगी। बस मिक्सी और रसोई में आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों की मदद से आप घर पर ही खूबसूरत साबुन बना सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें गेंदे के फूल से होममेड साबुन बनाने का आसान प्रोसेस-
साबुन बनाने के लिए जरूरी सामान
घर पर गेंदे के फूलों से साबुन बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है। इसके लिए ये सामान इकट्ठा कर लें। ध्यान रखें कि पूजा या सजावट में इस्तेमाल हुए फूल तभी लें, जब उन पर सिंदूर, गुलाल, इत्र, धूप-दीप की राख, तेल या दूसरे रसायन न लगे हों। गंदे या फफूंद लगे फूलों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
Image Credit-herzindagi
- इस्तेमाल किए हुए गेंदे के फूलों की साफ पंखुड़ियां
- साबुन बनाने वाला ग्लिसरीन सोप बेस
- एक से दो चम्मच एलोवेरा जेल (ऑप्शनल)
- अपनी पसंद का कॉस्मेटिक-ग्रेड फ्रेगरेंस ऑयल (ऑप्शनल)
- एक छोटी कटोरी
- मिक्सी
- साबुन जमाने के लिए सिलिकॉन मोल्ड
गेंदे के फूल से साबुन बनाने का आसान तरीका
सारी चीजों को इकट्ठा करने के बाद नीचे बताए गए तरीके से कम मेहनत में होममेड साबुन बनाकर तैयार कर सकती हैं। पढ़ें आसान तरीका-
Image Credit-ai
- साबुन बनाने के लिए सबसे पहले गेंदे के फूलों से पंखुड़ियां अलग कर लें।
- अगर फूल साफ हैं, तो उन्हें हल्के हाथों से झाड़कर इस्तेमाल करें।
- अब गेंदे की पंखुड़ियों को मिक्सी के छोटे जार में डालकर जरूरत के हिसाब से पानी डालें।
- अब इन्हें तब तक पीसें, जब तक बारीक पेस्ट न बन जाए।
- इसके बाद इसे छन्नी या सूती कपड़े पर डालकर छान लें।
- ध्यान दें तैयार किए पेस्ट से एक-एक बूंद पानी निकाल लें।
- इसके बाद बचे हुए फूलों के साथ भी यही काम करें।
- आखिर में पानी और बचे हुए हिस्से को अलग करें।
- इसके बाद ग्लिसरीन सोप बेस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- इसे डबल बॉयलर या फिर कड़ाही में मदद से धीरे-धीरे पिघलाएं।
- इसके लिए पिघले हुए साबुन में गेंदे के फूल से तैयार पानी (जो छानकर अलग किया है) को डालें।
- 5-10 मिनट लो फ्लेम पर चलाते हुए पकाएं।
- इसके बाद चाहें तो थोड़ी मात्रा में एलोवेरा जेल और कॉस्मेटिक-ग्रेड खुशबू भी मिला सकती हैं।
- सभी चीजों को धीरे-धीरे चलाकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- अब इस मिश्रण को सिलिकॉन मोल्ड में डाल दें।
- ऊपर से थोड़ी सूखी पंखुड़ियां डालकर इसे सुंदर लुक दे सकती हैं।
साबुन कितनी देर में तैयार हो जाएगा?
साबुन के मिश्रण को मोल्ड में डालने के बाद कमरे के सामान्य तापमान पर जमने दें। इसे जल्दी जमाने के लिए फ्रिज में भी रखा जा सकता है। आमतौर पर कुछ घंटों में साबुन इस्तेमाल करने लायक हो जाता है, लेकिन समय सोप बेस और मोल्ड के आकार पर निर्भर करेगा।
Image Credit-ai (gemini)
इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
घर पर तैयार साबुन को इस्तेमाल करने से पहले कुछ सावधानियां जरूर बरतें। सबसे पहले हाथ या बांह के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करें। अगर खुजली, जलन या रेडनेस महसूस हो, तो इसका इस्तेमाल न करें। संवेदनशील त्वचा या एलर्जी की समस्या होने पर बिना विशेषज्ञ की सलाह के इसका इस्तेमाल करने से बचें।
इसे भी पढ़ें- सर्दियों में मोटे-मोटे गेंदे के फूलों से घर पर आप भी बना सकती हैं साबुन, जानें किन चीजों की पड़ेगी जरूरत
अगली बार जब घर में पूजा या सजावट के गेंदे के फूल बच जाएं, तो उन्हें तुरंत कूड़ेदान में डालने के बजाय इस तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। थोड़ी-सी मेहनत से तैयार यह DIY साबुन आपके घर के पुराने फूलों को एक नया इस्तेमाल देने का आसान तरीका है अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-ai
