दिनभर ऑफिस की भागदौड़ के बाद घर के बिस्तर और तकिए पर ही सुकून की नींद आती है। बहुत से लोग ऐसे होते हैं, जो बिना तकिए के सो नहीं पाते है और यह गलत भी नहीं है, बस तकिए का कवर साफ रहे। लेकिन क्या आप जानती हैं कि तकिए के कवर को बदलने से त्वचा और बालों को काफी नुकसान पहुंचता है। आइए यहां विस्तार से जानते हैं।
बालों और त्वचा को नुकसान पहुंचाता है तकिए का गंदा कवर
अमेरिका की एक नॉन-प्रॉफिट संस्था नेशनल स्लीप फाउंडेशन के अनुसार, तकिए के गंदे कवर में टॉयलेट सीट से ज्यादा बैक्टीरिया होते हैं। बहुत दिन तक इनका इस्तेमाल करने से स्किन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही आपके बालों को भी नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक हफ्ते तक तकिए के कवर पर सोने के बाद, उस पर टॉयलेट सीट की तुलना में 17 हजार से ज्यादा बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं।
image credit-magnific
कब बदलना चाहिए तकिए का कवर?
तकिए का कवर हर हफ्ते बदलना चाहिए और किसी से शेयर भी नहीं करना चाहिए। तकिए के कवर पर रोजाना धूल जमती है और साथ ही बालों का तेल भी लग जाता है। जिसकी वजह से चेहरे पर पिंपल्स, दाग-धब्बे आने लगते हैं। जिन लोगों के घर में पालतू जानवर हैं, वो इस बात का जरूर ख्याल रखें और समय पर कवर बदल दें। साथ ही साल भर में अपने तकिए को भी बदल देना चाहिए।
image credit-magnific
कवर न बदलने से क्या होता है?
तकिए का कवर न बदलने से आपको बहुत सी दिक्कतें हो सकती हैं। आइए उनके बारे में नीचे जानते हैं।
गंदे तकिए के कवर पर सोने से आपको फंगस और एलर्जी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
तकिए के कवर पर पसीना और तेल जमा होने से बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे चेहरे पर दाने निकल सकते हैं।
ज्यादा गंदे कवर पर फफूंद या खमीर भी पनप सकती है, जो दाद जैसे स्किन इंफेक्शन का कारण बन सकती है।
अगर चेहरे पर पहले से पिंपल है, तो गंदे कवर के संपर्क में आने से इंफेक्शन और ज्यादा फैल सकता है।
फंगल स्पोर्स की वजह से डैंड्रफ या सिर की त्वचा में इन्फेक्शन का खतरा ज्यादा बढ़ सकता है।
लंबे समय तक गंदा तकिए का कवर इस्तेमाल करने से बालों में जुएं पड़ने की समस्या भी हो सकती है।
इन समस्याओं से बचने के लिए तकिए के कवर हर हफ्ते में धोने चाहिए और अच्छी सेहत और नींद के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit-magnific
