सर्दियों में न सिर्फ स्किन डैमेज होती है, बल्कि बाल भी रूखे और बेजान होने लगते हैं। बदलते मौसम की वजह से बालों से जुड़ी समस्या होना एक आम बात है। अगर आप भी इससे परेशान हैं और हर महीने पार्लर में जाकर महंगा हेयर ट्रीटमेंट कराती हैं, तो फिजूल खर्च करने के बजाय आप घर पर रहकर भिंडी की मदद से अपने बालों को मुलायम और खूबसूरत बना सकती हैं।

भिंडी जेल हेयर मास्क

रसोई में रखी भिंडी का चिपचिपा जेल आपके बालों को एक अच्छा और पोषण भरा लुक दे सकता है। अगर आप भी इसके बारे में जानना चाहती हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें। आइए जानते हैं भिंडी के जेल से घर पर हेयर मास्क कैसे बनाया जा सकता है।

भिंडी के जेल से हेयर मास्क बनाने का तरीका

भिंडी का जेल तैयार करने और बालों में लगाने के लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें -

  • भिंडी का जेल बनाने के लिए कम से कम 10 ताजी भिंडी को धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक कप पानी के साथ धीमी आंच पर उबालें।
  • जब पानी गाढ़ा और चिपचिपा जेल जैसा दिख जाए, तब गैस बंद करें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने के बाद छन्नी से छानकर जेल अलग कर लें।
  • इस भिंडी जेल में एक चम्मच एलोवेरा जेल या बादाम तेल मिला दें। अब आपका हेयर मास्क बनकर तैयार हो गया है।
  • इस मास्क को स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक अच्छी तरह लगाएं। इसे कम से कम 40 मिनट तक बालों में लगा रहने दें। इसके बाद माइल्ड शैम्पू से अपने बालों को धो लें। शैम्पू के बाद आप हल्का कंडीशनर भी लगा सकती हैं।

भिंडी हेयर मास्क के फायदे

घर पर बने इस नेचुरल हेयर मास्क के इस्तेमाल से आपको ये फायदे मिल सकते हैं -

  • भिंडी से बना यह जेल बालों के रूखेपन को कम करता है और इन्हें मुलायम व सिल्की बनाता है।
  • आप भिंडी से बने इस जेल का इस्तेमाल करके पार्लर के महंगे ट्रीटमेंट पर होने वाले खर्च को बचा सकती हैं।
  • यह आपके बालों को नेचुरल शाइन देता है और बालों को अधिक मैनेजेबल बनाने में मदद करता है।

यह भी पढ़ें- रूखे और बेजान बालों से हैं परेशान? इस वीकेंड आजमाएं यह होममेड हेयर स्पा रूटीन

बालों में भिंडी मास्क लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

भिंडी से बना यह जेल हेयर मास्क इस्तेमाल करने से पहले इन खास बातों का ध्यान जरूर रखें -

  • अगर आप यह हेयर मास्क बालों या स्कैल्प पर लगा रही हैं, तो पहले थोड़ा सा पैच टेस्ट कर लें। अगर इससे आपको किसी तरह की जलन या खुजली जैसी परेशानी न हो, तभी इसका इस्तेमाल करें।
  • पहली बार भिंडी हेयर मास्क बालों पर लगा रही हैं, तो इसे 40 से 50 मिनट से ज्यादा देर तक न रखें।
  • भिंडी हेयर मास्क का इस्तेमाल एक हफ्ते में सिर्फ एक बार ही करें।  

निष्कर्ष: अगर आप भी हर महीने महंगी पार्लर ट्रीटमेंट ले रही हैं और अपने बालों के लिए कई तरह के नुस्खे आजमा रही हैं, तो परेशान होने के बजाय आप घर पर रहकर भिंडी का इस्तेमाल करके यह आसान हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं। भिंडी जेल से बना यह हेयर मास्क आपके बालों की खूबसूरती को निखारने और उन्हें मुलायम व सिल्की बनाने में मदद करेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।  

IMAGE CREDIT: MAGNIFIC