जैसे गर्मियों में हमारी स्‍क‍िन और बालों का बुरा हाल हाे जाता है। ठीक वैसे ही मॉनसून में हमारे बाल तेजी से झड़ने लगते हैं। कई बार तो बालों का टूटना इतना ज्‍यादा बढ़ जाता है क‍ि जगह-जगह पर ये गुच्‍छों में नजर आते हैं। दरअसल, मॉनसून में हवा में नमी बढ़ जाती है ज‍िससे स्‍कैल्‍प ज्‍यादा चि‍पचि‍पे नजर आने लगते ह‍ैं। इससे स‍िर में धूल, पसीना और गंदगी जमा होने लगती हैं।

इससे बालों का झड़ना तेज हो जाता है। ऐसे में लोग इससे छुटकारा पाने के ल‍िए बाजार से महंगे प्रोडक्‍ट्स खरीदकर इस्‍तेमाल करते हैं। हालांक‍ि, इससे भी कोई खास फर्क देखने को नहीं म‍िलता है। तो अगर आप कुछ घरेलू ऑप्‍शन देख रही हैं, तो ब्‍यूटी और हेयर एक्‍सपर्ट अमरीश काैर कुछ आसान से होम रेमेडीज बता रही हैं। आइए जानते हैं इन नुस्‍खों के बारे में-

नीम के पानी से धोएं बाल

मॉनसून में स्कैल्प पर बैक्टीरिया और फंगस जल्दी पनप सकते हैं। ऐसे में आप नीम की पानी से बालों को धो सकती हैं। इसके ल‍िए कुछ नीम की पत्तियों को लेकर पानी में उबाल लें और ठंडा होने पर उसी से बाल धोएं। इससे स्कैल्प साफ होता है और बैक्‍टीर‍िया भी नहीं पनपने पाते।

नारियल तेल से करें मालिश

बरसात में बालों की जड़ें कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में बालों को पोषण देना जरूरी है। इसके ल‍िए आप हफ्ते में एक या दो बार गुनगुने नारियल तेल से स्कैल्प में मालिश कर सकती हैं। इससे ब्‍लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और बालों की जडें भी मजबूत होती हैं।

मेथी का हेयर पैक लगाएं

मेथी के दाने भी हमारी बालों की देखभाल करने के ल‍िए जाने जाते हैं। ऐसे में आप रातभर मेथी को भिगोकर रख दें और सुबह पीसकर पेस्ट बना लें। इसे बालों और स्कैल्प पर कम से कम आधे घंटे के ल‍िए लगा लें। इसके बाद साफ पानी से बालों को धो लें।

गीले बालों में कंघी न करें

मॉनसून में ये गलती बहुत से लोग करते हैं। मैं खुद भी यही गलती बार-बार दोह‍राती हूं। आपको बता दें क‍ि गीले बाल सबसे ज्यादा कमजोर होते हैं। ऐसे में अगर आप तुरंत कंघी करेंगी तो बाल टूट सकते हैं। इसल‍िए बालों को पहले सूखने दें, फिर चौड़े दांतों वाली कंघी से ही बालों को सुलझाएं।

इन बातों का रखें ध्‍यान

  • कोई भी नुस्‍खा आजमाने से पहले पैच टेस्‍ट जरूर करें। 
  • साफ बालों में ही कोई भी पैक लगाएं।
  • स्‍कैल्‍प में जलन या खुजली हो तो इस्‍तेमाल न करें और एक्‍सपर्ट की सलाह लें।  

तो अगर आपके बाल भी मॉनसून में तेजी से झड़ने लगते हैं तो आप ऊपर बताए गए घरेलू तरीके आजमा सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik