OTT पर यूं तो हर दूसरे दिन नई वेब सीरीज दस्तक देती हैं, लेकिन इनमें से कुछ ही ऐसी होती हैं जिन्हें न केवल अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, बल्कि ये ऑडियंस के दिलों को भी छू लेती हैं। हाल ही में एक ऐसी वेब सीरीज प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। इस सीरीज का नाम 'राख' है। 1978 में देश की राजधानी दिल्ली में हुए रंगा-बिल्ला केस पर आधारित इस सीरीज को ऑडियंस खूब पसंद कर रही है। यह सीरीज इमोशनल करती है, डराती है और कई सीन्स में तो आंखों में आंसू ले जाती है। साल 1978 में दिल्ली के भाई-बहन गीता चोपड़ा और संजय चोपड़ा के अपहरण और हत्या के केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले पर बनी इस 8 एपिसोड की सीरीज में सोनाली बेंद्रे,अली फजल, राकेश बेदी और आमिर बशीर लीड रोल में हैं। बता दें कि इस क्राइम ड्रामा सीरीज में दिखाए गए केस का असर बॉबी देओल के बचपन पर भी हुआ था, जिसके बारे में उन्होंने खुद जिक्र किया था। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरी बात?

रंगा-बिल्ला केस का बॉबी देओल पर हुआ था यह असर

राख सीरीज में दिखाए गए कुख्यात रंगा-बिल्ला केस की वजह से बॉबी देओल का बचपन खराब हो गया है। इस बारे में उन्होंने खुद एक पॉडकास्ट में बताया था। उन्होंने बताया था कि बचपन में उनके एक दोस्त का रंगा-बिल्ला ने किडनैप कर लिया था, लेकिन उसकी खुशकिस्मती थी कि वो बच गया। उन दोनों किडनैपर्स (रंगा और बिल्ला) के बीच कुछ गलतफहमी हो गई थी और उसी वजह से उनका दोस्त बच गया। हालांकि, इसका असर बॉबी के बचपन पर पड़ा।

एक्टर ने बताया कि उस दोस्त ने रंगा और बिल्ला के सामने बॉबी देओल और उनकी फैमिली का नाम ले दिया था और जब धर्मेंद्र को इस बारे में पता चला, तो वो काफी डर गए थे। धर्मेंद्र को डर था कि क्योंकि उन दोनों के सामने बॉबी देओल का नाम आ गया है, ऐसे में वो उन्हें किडनैप करने की कोशिश न करें इसलिए बॉबी के घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई थी। उन्हें साइकिल भी घर के अंदर सिखाई गई थी और दोस्तों की हाउस पार्टी में जाना भी बंद करवा दिया गया था।

यह भी पढ़ें- Lock Upp 2 Contestants List: 'लॉक अप' में कैदी बनेंगे बिग बॉस के कई पुराने चेहरे, शिल्पा शिंदे से सुनीता आहूजा तक इन नामों पर लगी मुहर?

क्या था रंगा बिल्ला केस?

रंगा-बिल्ला दो खूंखार आरोपी थे और उन्होंने 70 के दशक में चोरी और अपहरण के कई मामलों को अंजाम दिया दिया था। साल 1978 में उन्होंने फिरौती के लिए नौसेना के अधिकारी मदन मोहन चोपड़ा के दोनों बच्चों गीता और संजय का किडनैप कर लिया था, लेकिन जब बच्चों ने बताया कि उनके पिता फौजी हैं, तो उन्होंने बच्चों को मारा-पीटा और फिर उनकी जान ले ली। उन्होंने गीता का रेप भी किया था। उन्होंने दोनों बच्चों को गोल डाकखाने से ऑल इंडिया रेडियो छोड़ने के लिए लिफ्ट दी थी। गीता का ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम था। बच्चों ने बहुत हिम्मत से उन दोनों से लड़ाई की, लेकिन खुद को बचा नहीं पाए। साल 1982 में इन दोनों को फांसी दी गई थी।

12 जून को रिलीज हुई है 'राख'


'राख' वेब सीरीज 12 जून को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। यह सीरीज रंगा-बिल्ला केस की कहानी कहती है। सीरीज में आमिर बशीर ने कर्नल अशोक अरोड़ा और सोनाली बेंद्रे ने मोना अरोड़ा का रोल प्ले किया है। अली फजल ने सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश का किरदार निभाया है और राकेश बेदी उनके पिता के रोल में हैं। दिव्या शर्मा ने सुमन अरोड़ा और विवान शर्मा ने साहिल अरोड़ा का किरदार निभाया है।

 

यह भी पढ़ें- OTT पर इन दिनों टॉप 5 में ट्रेंड कर रही हैं ये फिल्में, वीकेंड खत्म होने से पहले आप भी देखें

Raakh सीरीज को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसके बाद वो दर्दनाक कहानी फिर लोगों को याद आ गई है, जिसनें दो बच्चों की जिंदगी छीन ली थी। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।