एकता कपूर के पॉपुलर डेली सोप 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में अब एक और नया व धमाकेदार ट्विस्ट आने वाला है। फिलहाल जहां 'शांति निकेतन' में तृप्ति अपने तेज-तर्रार तेवर से तुलसी की मुश्किलें बढ़ा रही है, वहीं अब सीरियल में कुछ पुराने किरदारों की एंट्री होने वाली है। शो के नए-नए ट्विस्ट लगातार ऑडियंस को बांधकर रखे हुए हैं। एक तरफ जहां फैंस को मिहिर की वापसी का इंतजार है, वहीं दूसरी तरफ तृप्ति ने तुलसी के सामने बड़ा दांव चला है और बताया है कि वह पार्थ की मौत का राज जानती है। इधर आने वाले एपिसोड्स में मिहिर-तुलसी की प्रेम कहानी के सबसे बड़े विलेन डॉ मंदिरा कपाड़िया के शो में वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरी बात?
तुलसी-मिहिर की जिंदगी में लौटेगी मंदिरा?
सोशल मीडिया पर वायरल रिपोर्ट्स की मानें तो मंदिरा कपाड़िया यानी अचिंत कौर शो में वापसी करने वाली हैं। पिछले सीजन में जहां मंदिरा की वजह से मिहिर और तुलसी का रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया था, वहीं अब इस ओजी विलेन के लौटने के चर्चे जोरो पर हैं। बताया जा रहा है कि ओजी विलेन जल्द ही तुलसी की मुश्किलें बढ़ाने के लिए विरानी परिवार में कदम रख सकती हैं। हालिया ट्रैक में दिखाया जा रहा है कि एक नकाबपोश इंसान 'शांति निकेतन' पर चोरी-छुपे नजर रख रहा है और विरानी परिवार के कई सदस्य उसे देख चुके हैं। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि यह शख्स और कोई नहीं बल्कि मिहिर होगा, लेकिन अब नई रिपोर्ट्स की मानें तो मिहिर से पहले ओजी विलेन मंदिरा का शो में कमबैक होगा।
अमन वर्मा के कमबैक के भी हैं चर्चे
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में एक और पुराने किरदार की वापसी को लेकर चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि इस मिस्ट्री मैन का राज जल्द खुलने वाला है और अमन वर्मा यानी अनुपम कपाड़िया शो में वापसी करेंगे। पिछले सीजन में अनुपम की तुलसी के साथ बॉन्डिंग काफी अच्छी थी, ऐसे में देखना होगा कि क्या इस सीजन में भी वह तुलसी का सहारा बनेंगे या कहानी में कोई और ट्विस्ट आएगा।
मिहिर को लेकर बना हुआ है सस्पेंस
सीरियल से लंबे समय से मिहिर विरानी यानी अमर उपाध्याय गायब चल रहे हैं। बीच में कई बार उनकी वापसी की अटकलें लगाई गई हैं, लेकिन वह अभी तक शो में नहीं लौटे हैं। कुछ वक्त पहले सीरियल में दिखाया गया था कि गौतम और करण मिलकर मिहिर का राज तुलसी से छुपा रहे हैं, हालांकि हालिया ट्रैक में ऑडियंस को बड़ा झटका लगा है क्योंकि करण और गौतम दोनों ही नहीं जानते हैं कि मिहिर कहां हैं। ऐसे में मिहिर की वापसी कब होगी और उनके इतने सालों तक 'शांति निकेतन' से दूर रहने की क्या वजह थी, इन सवालों के जवाब का ऑडियंस को बेसब्री से इंतजार है।
यह भी पढ़ें- KSBKBT 2: तुलसी का सालों से दबाया राज आएगा सामने, तृप्ति उठाएगी पार्थ की मौत के सच से पर्दा
यह भी पढ़ें- KSBKBT 2: तुलसी ने बदली 'शांति निकेतन' की काया, इस शख्स की वापसी से बदलेगी कहानी
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिंदगी के साथ।
