सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में इन दिनों कहानी रोज नए मोड़ ले रही है। एक तरफ जहां विरानी परिवार में नकुल-वैष्णवी की शादी के फंक्शन शुरू हो चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ करण-गौतम के बीच की दरार बढ़ती जा रही है। तुलसी ने 10 साल जेल में बिताने के बाद जैसे ही शांति निकेतन में कदम रखा था, परिवार के टूटते रिश्ते देखकर तुलसी हैरान रह गई थी। तुलसी फिलहाल बिल्कुल अलग अंदाज में शांति निकेतन को जोड़ने को कोशिश कर रही है। हाल ही में तुलसी ने एक ऐसी चाल चली, जिसने शांति निकेतन की काया की पलट दी और करण के पास उस चाल का कोई तोड़ नहीं था। इधर लेटेस्ट प्रोमो में दिखाया गया है कि तुलसी की जिंदगी में कोई खास लौटने वाला है, जिसके आने से पूरी कहानी ही बदल जाएगी। चलिए आपको बताते हैं कि आने वाले एपिसोड्स में क्या कुछ खास होने वाला है?
तुलसी की चाल के आगे फेल हुआ करण का प्लान
सीरियल में फिलहाल तुलसी के दोनों बेटों करण और गौतम के बीच की नफरत ने शांति निकेतन की नींव हिलाकर रख दी है। सीरियल में आने वाले कुछ एपिसोड्स के लिए नंदिनी का किरदार शो से गायब रहने वाला है। इधर करण और उसके बच्चों ने फैसला लिया है कि वो वैष्णवी और नकुल की शादी में नहीं जाएंगे, लेकिन तुलसी इस फैसले से बिल्कुल खुश नहीं है। ऐसे में तुलसी एक टेढ़ी चाल चलती है और करण के बिजनेस पार्टनर को शांति निकेतन लेकर आती है।
इसके बाद करण को मजबूरी में यह तय करना पड़ता है कि वो शादी के सारे फंक्शंस का हिस्सा बनेगा ताकि उसके बिजनेस पार्टनर के सामने उसके परिवार के टूटे-बिखरे रिश्ते का सच न आए और उसके बिजनेस पर कोई असर न हो। तुलसी, करण और गौतम से कहेगी कि दोनों शादी के सारे काम मिल-जुल कर करेंगे। तुलसी को उम्मीद है कि इसी तरह धीरे-धीरे दोनों भाईयों के बीच की दूरी मिट जाएगी।
यह भी पढ़ें- KSBKBT 2: मिहिर का राज छिपाने के लिए एक हुए करण-गौतम, क्या सच जान पाएगी तुलसी?
क्या तुलसी की जिंदगी में होगी मिहिर की वापसी?
सीरियल के लेटेस्ट प्रोमो में दिखाया गया है कि तुलसी की जिंदगी में अतीत के पन्नों से कोई वापसी कर रहा है। सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे हैं कि यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि मिहिर होगा। बता दें कि मिहिर को लंबे समय से स्टोरीलाइन से गायब दिखाया गया है। हाल ही के एक एपिसोड में करण और गौतम, मिहिर के एक ऐसे राज के बारे में बात करते नजर आए थे, जिसके बारे में सिर्फ उन दोनों को पता है और जिसे वो तुलसी से छिपाना चाहते हैं।
ऐसे में अगर मिहिर की वापसी होती है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि मिहिर का वो कौन-सा राज है, जिससे तुलसी अनजान है। सीरियल में कुछ वक्त पहले तुलसी, घरवालों से मिहिर के बारे में सवाल करती नजर आई थी और उसने यह भी कहा था कि उसे पूरा भरोसा है कि मिहिर, वैष्णवी और नकुल की शादी का हिस्सा जरूर बनेगा।
हालांकि, कई रिपोर्ट्स में ऐसा भी दावा किया जा रहा है कि सीरियल में किसी ऐसे शख्स की वापसी दिखाई जाएगी, जो यह सच जानता होगा कि पार्थ को तुलसी ने नहीं, बल्कि नंदिनी ने मारा था। ऐसे में देखना होगा कि आने वाले एपिसोड्स सीरियल में क्या नए ट्विस्ट लेकर आते हैं?
यह भी पढ़ें- 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में तुलसी की दहाड़ से सहमे करण और गौतम, जेल से लौटते ही संभाल ली 'शांति निकेतन' की कमान
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिंदगी के साथ।
