करण जौहर के पॉपुलर चैट शो' कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन का ऐलान हो गया है। यह सीजन पिछले 22 सालों से ऑडियंस को एंटरटेन कर रहा है। 8 सीजन और 161 एपिसोड के बाद अब फाइनली इस शो का लास्ट सीजन स्ट्रीम होने वाला है और करण जौहर आखिरी बार कॉफी मग उठाएंगे और सेलेब्स के राज खोलते नजर आएंगे। इस शो के नए सीजन को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। चलिए आपको बताते हैं कि Koffee With Karan 9 कब और कहां स्ट्रीम होने वाला है?
Koffee With Karan 9 कब और कहां होगा स्ट्रीम?
करण जौहर ने नए सीजन का ऐलान करते हुए इंस्टाग्राम से एक वीडियो मैसेज शेयर किया है। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "मुझे लगता है हमें बात करनी चाहिए और हां, कॉफी पीते हुए। Hotstar Specials: Koffee with Karan Season 9, 14 अक्टूबर से JioHotstar पर स्ट्रीम होगा।"
प्रोमो में इमोशनल नजर आए करण जौहर
करण जौहर शो के अनाउंसमेंट प्रोमो में काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं। वह कह रहे हैं कि यह एक प्रोफेशनल अनाउंसमेंट से ज्यादा एक इमोशनल मैसेज है। प्रोमो में वह बता रहे हैं कि कैसे साल 2004 में उन्होंने अपने पिता से कहा था कि वह एक टॉक शो होस्ट करना चाहते हैं, जिसमें वह बॉलीवुड सेलेब्स के साथ कैंडिड बातचीत करेंगे। इसके कुछ वक्त बाद उनके पिता की मौत हो गई थी और अगस्त, 2004 में उन्होंने इस शो का पहला शूट किया। करण ने यह भी बताया कि कई ऐसे सफर होते हैं, जिन्हें खत्म करने का आप प्लान नहीं करते, बस एक वक्त के बाद आपको अंदर से पता होता है कि उन्हें छोड़ने का वक्त आ गया है और यह सफर भी कुछ ऐसा ही है।
शो को बताया अपनी जिंदगी का हिस्सा
करण जौहर ने प्रोमो में इस शो को अपनी जिंदगी का हिस्सा बताया, जिसने उन्हें कई खूबसूरत पल, प्यार और काफी विवाद भी दिए। उन्होंने कहा कि अलविदा कहना उन्हें काफी इमोशनल कर रहा है। ऐसे में यह आखिरी सीजन एक तरीका है, आखिरी बार प्यार और शुक्रगुजारी के साथ कॉफी के उस मग को उठाने का।
'कॉफी विद करण 9' में नजर आएंगे कौन-से सेलेब्स?
'कॉफी विद करण 9' में कौन-से सेलेब्स नजर आएंगे, इसे लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं है। हालांकि, क्योंकि यह इस शो का लास्ट सीजन है, ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि इसमें कई पॉपुलर सेलेब्स आएंगे और यह सीजन धमाकेदार होगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
