Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 का गेम अब सिर्फ टास्क और नॉमिनेशन तक सीमित नहीं रहा है। घर के अंदर की लड़ाई अब पर्सनल होती जा रही है। इस बार निशाने पर आई हैं माही विज। कैप्टेंसी टास्क के दौरान घरवालों ने गेम जीतने के लिए सारी हद पार कर दी, जिसने बाहर बैठे लोगों को भी गुस्सा दिला दिया।

मामला माही विज की 7 साल की बेटी तारा से जुड़ा है। टास्क में माही को कुर्सी से उठाने के लिए घरवालों ने उनकी बेटी का नाम लेकर उन्हें उकसाया। यह बात अब घर से बाहर आते ही सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई और माही के एक्स हसबैंड जय भानुशाली ने इस पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

कैप्टेंसी टास्क में क्या हुआ?

कैप्टेंसी टास्क में माही विज को रोबोट बनकर कुर्सी पर बैठना था। उन्हें उठाने के लिए यंग डीएसए, उदिति सिंह और कनिका मान ने कथित तौर पर तारा का नाम लेकर माही को भड़काने की कोशिश की। गेम के नाम पर बच्चों को बीच में लाना लोगों को भी पसंद नहीं आया।

image credit- instagram (mahhi vij)

जय भानुशाली का फूटा गुस्सा

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जय भानुशाली ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने कहा कि बिग बॉस में जो कुछ हुआ, उसे देखने के बाद उन्होंने एक पिता के तौर पर एक बड़ा फैसला लिया है।

जय ने लिखा कि उन्होंने पहले ही तय किया था कि वह किसी के गेमप्ले पर कमेंट नहीं करेंगे और किसी एक कंटेस्टेंट के बारे में बात नहीं करेंगे। जहां माही को जरूरत होगी, वहां वह उनका साथ देंगे, लेकिन बेटी का नाम घसीटे जाने के बाद वह चुप नहीं रह सके।

यंग डीएसए और कनिका पर साधा निशाना

जय ने अपने पोस्ट में यंग डीएसए और कनिका मान का नाम लेते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि एक टास्क के लिए यंग डीएसए कह रहे हैं कि माही के बच्चे बड़े होकर अपनी मां के एक्शन पर शर्मिंदा होंगे। वहीं कनिका कह रही हैं कि वह माही के बच्चों से कभी मिलना नहीं चाहतीं।

जय के अनुसार, तारा सिर्फ 7 साल की मासूम बच्ची है। वह बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है। किसी को नीचा दिखाने के लिए बच्चों को बीच में लाना बहुत गलत है। उन्होंने आगे कहा कि बिग बॉस एक गेम है। माही से किसी बात पर असहमत हुआ जा सकता है। उनके फैसले और गेमप्ले पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन उनके बच्चों को लाना और उनके मदरहुड पर सवाल उठाना हद पार करना है।

'मैं नहीं चाहता मेरे बच्चों को ट्रॉमा हो'

जय ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा कि एक पिता के तौर पर वह नहीं चाहते कि उनके बच्चे इस ट्रॉमा के साथ बड़े हों, जहां माही को नीचा दिखाने के लिए घरवाले तारा के नाम का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि यह गेम दुनिया के लिए एंटरटेनमेंट हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह पर्सनल है। उनके लिए उनके बच्चों की शांति और मासूमियत सबसे पहले है। इसी के साथ उन्होंने बिग बॉस 20 को अलविदा कह दिया।

बता दें कि माही और जय ने जनवरी 2026 में अपने अलग होने की घोषणा की थी। इसके बावजूद बिग बॉस 20 की जर्नी में जय लगातार माही को सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं।

बिग बॉस में झगड़े और टास्क आम बात है, लेकिन जब बात बच्चों तक पहुंच जाए तो यह गेम से ज्यादा पर्सनल हो जाता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- instagram (mahhi vij)