'बिग बॉस 20' में इस हफ्ते घर में कई ऐसे मुद्दे हुए, जिसकी वजह से वीकेंड के वार का फैंस का बेसब्री से इंतजार था। नकुल ढुल ने गुल्लू पर हाथ उठाया, जिसके बाद उन्हें आधी रात में बिग बॉस ने घर से निष्कासित कर दिया। नकुल ढुल के एविक्शन के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई लोगों ने कहा कि गलती सिर्फ उनकी नहीं थी, ऐसे में सिर्फ उन्हें घर से बेघर करना गलत था। बीती रात के एपिसोड में जहां अरिश्फा खान ने घर में जमकर हंगामा किया, वहीं एपिसोड के बाद वीकेंड के वार का प्रोमो भी आउट हुआ, जिसमें सलमान खान, काजी तौकी और आसिफ खान पर जमकर बरसते नजर आ रहे हैं। चलिए आपको बताते हैं कि इस प्रोमो में क्या खास है?

काजी तौकीर पर भड़के सलमान खान

सलमान खान प्रोमो की शुरुआत में कहते हैं कि इस घर में हिंसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद वह काजी तौकीर से कहते हैं कि आपने स्काउट के कान में थूका, इसमें आपको ह्यूमर कहां से नजर आता है? वह काजी से स्काउट और यंग से जुड़े मुद्दे पर बात करते हैं और कहते हैं कि आप स्टैंड लेने का तरीका भी अपनी सुविधा के हिसाब से बदल लेते हैं। बता दें कि काजी की इसी हरकत के बाद घर में बवाल हुआ था और स्काउट-काजी की बहस में नकुल और गुल्लू कूद पड़े थे, जिसके बाद घर में हिंसा हुई थी और इसी के चलते नकुल को घर से बाहर कर दिया गया था।

आसिफ खान से पूछा तीखा सवाल

सलमान खान, आसिफ से भी कहते हैं कि वह लव की तरफ चार्ज करते हुए क्यों आए थे? इस पर लव कहती हैं कि किसी का हाल पूछना गलत कैसे हो सकता है, मेरे घरवालों ने मुझे यही सिखाया है और मैं इसे लेकर किसी को कोई सफाई नहीं दूंगी। जब नकुल और गुल्लू की लड़ाई हुई थी, उसके बाद लव, नकुल के पास जाकर उनका हाल पूछती नजर आई थीं और इसे लेकर आसिफ खान ने उन्हें काफी कुछ कहा था।

 

क्या नकुल ढुल की होगी वापसी?

सोशल मीडिया पर कई खबरें वायरल हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि नकुल ढुल इस वीकेंड के वार पर शो में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन सामने नहीं आया है। शो की एक्स विनर शिल्पा शिंदे ने भी एक पोस्ट में नकुल के एविक्शन को गलत ठहराते हुए कहा था कि ऐसा पहली बार हुआ है कि जो पिटा है, उसे ही घर से बाहर कर दिया गया है। फिलहाल ऑडियंस के मन में यह सवाल जरूर है कि क्या वीकेंड के वार पर नकुल शो में वापसी करेंगे, इसका जवाब जानने के लिए आज रात के एपिसोड का इंतजार करना होगा।


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Jio Hotstar