'बिग बॉस 20' में बीती रात का एपिसोड हंगामों और ड्रामे से भरपूर रहा। जहां एक तरफ घर में नॉमिनेशन टास्क हुआ, वहीं दूसरी तरफ एपिसोड के आखिर में गुल्लू और नकुल के बीच ऐसी जोरदार लड़ाई हुई जिसने पूरे घर का माहौल ही बदल दिया। 'बिग बॉस 20 ' में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेने वाले नकुल ढुल ने गुल्लू के साथ हाथापाई की और शो से उनका पत्ता कटना लगभग तय माना जा रहा है। चलिए आपको बताते हैं कि कल रात के एपिसोड में क्या कुछ खास हुआ, कौन-कौन सदस्य इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेटेड हैं और बिग बॉस नकुल को क्या सजा देने वाले हैं?

नॉमिनेशन टास्क में हुआ जोरदार हंगामा

'बिग बॉस 20' में इस हफ्ते के नॉमिनेशन टास्क में कैप्टन आसिफ ने अपने विशेष अधिकार का इस्तेमाल करके माही विज को नॉमिनेट किया और इसके बाद बाकी सदस्यों ने भी 'बीबी गजब बेइज्जती जोन' में नॉमिनेशन शुरू किया। अरिश्फा खान और उदिति सिंह, मैरी कॉम से भिड़ते नजर आए। मैरी कॉम को नॉमिनेट करने से शुरू यह बहस जल्द ही जोरदार लड़ाई में बदल गई। आम्रपाली और उदिति के बीच भी लड़ाई हुई और आम्रपाली ने उदिति पर टच करने व हाथ लगाने का आरोप लगाया। इस दौरान काजी और यंग में भी बहस हुई।

इन सदस्यों पर लटकी नॉमिनेशन की तलवार

नॉमिनेशन टास्क के आखिर में यंग डीएसए, गुल्लू, मैरी कॉम, अरिश्फा खान, काजी तौकीर, कनिका मान, स्काउट, अमन गांधी और लव गिल घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट हो गए हैं। अब देखना होगा कि इस हफ्ते इनमें से कौन घर से बेघर होगा या किसकी एक लाइफलाइन कम होगी?

नकुल और गुल्लू में जोरदार लड़ाई

काजी, माही और कुछ घरवालों के साथ बैठकर बात करते हैं कि उन्होंने स्काउट के कान में थूका। इस बारे में कुछ देर तक बातें होती हैं, नकुल ये सब बातें सुनते हैं और अंदर जाकर स्काउट से कहते हैं कि बाहर काजी उनके बारे में उल्टी-सीधी बातें कर रहा है। इसके बाद स्काउट, काजी से बात करने बाहर आते हैं और फिर स्काउट और गुल्लू बात करने लगते हैं, लेकिन अचानक इस बहस में नकुल कूद पड़ते हैं और फिर गुल्लू-नकुल से बीच लड़ाई शुरू होती है, जो हाथापाई तक पहुंच जाती है।

गुल्लू और नकुल के बीच है पुरानी दुश्मनी?

इस लड़ाई के बाद माही विज और अन्य कई घरवाले कहते हैं कि नकुल के इस बर्ताव से घर के लोगों के खतरा है और ऐसे में नकुल को घर से बाहर कर देना चाहिए। लड़ाई के दौरान दोनों के बीच बहस में यह बात भी सामने आई कि गुल्लू और नकुल के बीच कोई पुराना रिश्ता या लड़ाई है, जिसे दोनों ने छुपाकर रखा है।

क्या नकुल ढुल होंगे शो से बाहर?

शो के नए प्रोमो में दिखाया गया है कि बिग बॉस सभी कंटेस्टेंट्स को लिविंग रूम में इकट्ठा होने के लिए का आदेश देते हैं और कहते हैं कि घर का एक बड़ा नियम टूटा है और यह सही नहीं है। बताया जा रहा है कि इसके बाद नकुल ढुल को घर से बाहर निकाल दिया जाएगा।

 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Jio Hotstar