नेटफ्लिक्स ने नई सीरीज 'अक्का' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह एक गैंगस्टर ड्रामा सीरीज होगी, जिसमें राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश लीड रोल में हैं। 'अक्का' नाम की गैंगस्टर ड्रामा वेब सीरीज में दोनों एक्ट्रेस एक-दूसरे से टकराती नजर आएंगी। कुछ दिन पहले इस सीरीज का टीजर लॉन्च हुआ था, जिसे फैंस ने खूब प्यार दिया था और अब फाइनली इसका ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है। 'अक्‍का' में कीर्ति सुरेश 'भवानी' और राधिका आप्‍टे 'रुद्र' नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं। वेब सीरीज की कहानी पेरुन्नुरु नाम की एक काल्पनिक जगह पर आधारित है, जहां सालों से महिलाएं ही शासन करती आई हैं और अब रुद्र और भवानी के बीच सत्ता की लड़ाई छिड़ी है। चलिए आप भी इस धमाकेदार ट्रेलर पर नजर डाल लीजिए। सोशल मीडिया पर फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं और वे सीरीज के धमाकेदार होने की उम्मीद जता रहे हैं।

'अक्का' का ट्रेलर हुआ रिलीज

इस सीरीज की कहानी पेरुन्नुरु नाम के एक ऐसे राज्य की है, जहां सालों से महिलाएं शासन कर रही हैं और 800 सालों से महिलाएं ही इस राज्य की रक्षा करती हैं। कीर्ति सुरेश यानी भवानी यहां की रानी है और राधिका आप्टे यानी रुद्र मौजूदा व्यवस्था और सत्ता को बदलना चाहती है, ये दोनों ही बहुत दमदार हैं और जब ये विपरीत शक्तियां टकराती हैं, तो क्या भूचाल आता है, यह देखने लायक है। दोनों के विचार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, दोनों बेबाक और मजबूत हैं, लेकिन एक-दूसरे के सामने खड़ी हैं और वक्त व विचारों के चलते इनकी दुश्मनी और गहरी हो जाती है। ट्रेलर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, "एक करेगी राज, एक करेगी नाश...पेरुन्नुरु का इतिहास बदलने वाला है। देखें 'अक्का' 30 अक्टूबर को, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।"

'अक्का' के ट्रेलर में क्या है खास?

आमतौर पर जब बात गैंगस्टर ड्रामा की होती है, तो अक्सर उसमें मेल किरदारों के बदले या उनकी दुश्मनी दिखाई जाती है और महिलाओं का रोल इस तरह की सीरीज में कुछ खास नहीं होता है, लेकिन नेटफ्लिक्स की आने वाली सीरीज 'अक्का' कुछ ऐसा दिखाने की हिम्मत कर रही है, जो बहुत कम फिल्मों या सीरीज में देखने को मिला है। यह सीरीज एक ऐसी दुनिया में हमें ले जा रही है जहां महिलाएं नियम बनाती हैं और राज करती हैं। वे सबसे ताकतवर पदों पर हैं और तय करती हैं कि कारोबार में और घर में क्या होगा। कबीले की मुखिया भवानी के तौर पर कीर्ति ने अपना रोल शानदार तरीके से निभाया है। वह एक ऐसे कबीले की मुखिया हैं जहां महिलाओं का बहुत सम्मान किया जाता है। वहीं रुद्र उसके साम्राज्य को बर्बाद करना चाहती है। ट्रेलर में कई बढ़िया डायलॉग्स हैं, जो इसे और दिलचस्प बना रहे हैं।

'अक्का' की स्टारकास्ट

यह सीरीज वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की है। इसका निर्देशन और लेखन धर्मराज शेट्टी ने किया है। वहीं इस सीरीज में कीर्ति और राधिका के अलावा, तन्वी आजमी, महेश मांजरेकर, अंशुमान पुष्कर और मोनिका पंवार लीड रोल में हैं।

फैंस को पसंद आ रहा है 'अक्का' का ट्रेलर

'अक्का' के ट्रेलर को फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में इसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। एक यूजर ने ट्रेलर को दमदार बताया, तो एक यूजर ने लिखा कि कीर्ति ने बहुत दमदार परफॉर्मेंस दी है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह सीरीज जबरदस्त होगी, क्योंकि इसकी कहानी एकदम हटके हैं। वहीं एक यूजर ने लिखा कि ट्रेलर देखने के बाद सीरीज का इंतजार करना मुश्किल है।


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।