"उसने कहा है वो दोबारा ऐसा नहीं करेगा...इसलिए मैंने उसे एक और मौका दे दिया।" आपने अक्सर अपनी सहेलियों या जान-पहचान की महिलाओं को उनके पार्टनर के साथ ऐसा करते देखा होगा या हो सकता है आपने खुद भी कभी अपने रिश्ते में ऐसा किया हो। बेशक, किसी भी रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं और रिश्ते को निभाने के लिए माफ करना और माफी मांग लेना दोनों ही जरूरी होता है, बशर्ते ये दोनों तरफ से हो। अक्सर महिलाएं अपने पार्टनर को बार-बार माफ कर देती हैं और हर गलती के बाद रिश्ते में एक और मौका दे देती हैं। कई बार तो उन गलतियों के लिए भी अपने पार्टनर को माफ कर देती हैं, जिनके लिए शायद माफ नहीं भी करना चाहिए। इसके पीछे क्या वजह होती है, आखिर क्यों महिलाएं हर बार ये सोच लेती हैं कि इस बार माफ कर देती हूं, इस बार तो सब ठीक हो ही जाएगा। चलिए इसका जवाब जानने की कोशिश करते हैं।
आखिर क्यों पार्टनर को बार-बार माफ कर देती हैं महिलाएं?
इसके बहुत सारे फैक्टर्स हो सकते हैं। सिर्फ शादी के बाद ही नहीं, बल्कि अगर कोई महिला किसी पुरुष के साथ रिलेशन में भी है, तो भी वो अक्सर उसकी गलतियों को माफ करके रिश्ते को एक और मौका देने की कोशिश करती है। असल में महिलाएं रिश्ता तोड़ने से ज्यादा उसे बचाने और निभाने में विश्वास रखती हैं। जब महिलाएं प्यार में होती हैं, तो वो भरोसा भी आसानी से कर लेती हैं। ऐसे में जब उनका पार्टनर कहता है कि वो दोबारा ऐसा नहीं करेगा, तो उन्हें लगता है कि वो सच कह रहा है और वो सोचती हैं कि इस बार सब ठीक हो जाएगा। यही विचार मन में रखकर वो पार्टनर को माफ कर देती हैं।
इस बारे में हमने रिलेशनशिप एक्सपर्ट, लाइफ और हीलिंग कोच सुप्रिया अग्रवाल से भी बात की और इसकी वजह जानने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "जब महिलाएं किसी रिश्ते में होती हैं, तो कई बार वो मेंटली और इमोशनली अपने पार्टनर पर निर्भर हो जाती हैं और उन्हें लगता है कि वो उसके बिना नहीं रह पाएंगी। ऐसे में वो रिश्ता तोड़ने से बेहतर पार्टनर को माफ कर देना समझती हैं।"
शादी के बाद हो सकते हैं ये कारण
शादी के बाद पति को माफ करने के पीछे इमोशनल कारणों के अलावा समाज के तानों का डर, मायके वापस लौटने में झिझक या बच्चों की फिक्र समेत कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं जिसके चलते महिलाएं अपने पति को माफ करके रिश्ते को बचाने की कोशिश करती हैं।
यह भी पढ़ें- ज्यादातर महिलाओं को रसोई में काम करते वक्त या अकेले में गुनगुनाने की आदत क्यों होती है?
कब रुकना है जरूरी?
जैसा हमने शुरुआत में कहा था कि किसी भी रिश्ते में माफी मांग लेना और माफ कर देना दोनों जरूरी होता है, लेकिन आपके लिए बाउंड्रीज सेट करना भी बहुत जरूरी है। बार-बार माफ करके आप पार्टनर के मन में यह फीलिंग पैदा कर देती हैं कि वो चाहें कुछ भी कर लें, आप उन्हें छोड़कर नहीं जाएंगी। ऐसे में वो रिश्ते को निभाने की कोशिश भी नहीं करते और उन्हें लगता कि उनके पास कोई भी गलती करने का लाइसेंस है इसलिए जरूरी है कि आप ये तय करें और इस बात पर अडिग रहें कि आपको किन बातों को माफ करना है और किन बातों को नहीं। याद रखें कोई भी रिश्ता, आत्म-सम्मान से बड़ा नहीं होता है।
यह भी पढ़ें- बातचीत के दौरान महिलाएं पुरुषों से ज्यादा हाथों के इशारों और चेहरे के हाव-भाव का इस्तेमाल क्यों करती हैं?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific, shutterstock
