छठ पूजा की शुरुआत आज (13 नवंबर) नहाय-खाय के साथ हो गई है। 16 नवंबर को सूर्य को अर्घ्य देकर इस पूजा का समापन होगा। छठ पूजा का त्योहार बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है और इसे सिर्फ एक पूजा या त्योहार की तरह नहीं, बल्कि एक इमोशन की तरह देखा जाता है। यह व्रत और इससे जुड़े नियम काफी कठिन हैं। छठ के दौरान व्रती कई नियमों और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं। इस समय पर विवाहित महिलाएं सोलह श्रंगार करती हैं और नाक से लेकर मांग तक लंबा पक्का सिंदूर लगाती हैं। चलिए आपको बताते हैं कि इसके पीछे क्या मान्यता और कथा छुपी है?

1. पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना

छठ पूजा व्रत के दौरान लंबा सिंदूर लगाने के पीछे पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन के सुख-समृद्धि की कामना छुपी है। हिंदू धर्म में विवाहित महिलाओं के लिए सिंदूर को सुहाग का प्रतीक माना जाता है। छठ पूजा के दौरान महिलाएं सूर्य देव और छठी मैया से अपने परिवार की खुशहाली, पति की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। इसी आस्था के साथ वे नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाती हैं।

2. छठी मैया का आशीर्वाद पाने की कामना

छठ पूजा के व्रत को सिर्फ वैवाहिक जीवन के सुख से नही, बल्कि संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली से जुड़ा भी माना जता है। महिलाएं इस दौरान बेहद कठिन निर्जला व्रत रखती हैं और छठी मैया से अपने परिवार के कल्याण और बच्चों को अच्छे भविष्य की प्रार्थना करती हैं। ऐसी लोक मान्यता है कि नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने से छठी मैया प्रसन्न होती हैं और व्रती महिलाओं को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है। हालांकि, यह धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ी मान्यता है।

3. शुभता का माना जाता है प्रतीक

छठ पूजा में विवाहित महिलाओं के नाक से मांग तक सिंदूर लगाने के पीछे कई मान्यताएं हैं। इनमें से एक यह भी है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा से बचाव होता है। इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कारण नहीं है, लेकिन ऐसा मना जाता है कि सिंदूर की यह रेखा परिवार को बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा से बचाती है।

4. सोलह श्रृंगार का खास हिस्सा है सिंदूर

हिंदू धर्म में विवाहित महिलाओं के सोलह श्रृंगार में सिंदूर का खास महत्व है। छठ पूजा के दौरान भी महिलाएं पारंपरिक साड़ी पहनकर और सोलह श्रृंगार करके पूजा-अर्चना करती हैं। इस दौरान नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाना उनके श्रृंगार का खास हिस्सा होता है। खासतौर पर बिहार और पूर्वांचल के कई इलाकों में इस परंपरा को विशेष महत्व दिया जाता है।


अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।