Why Bride Throws Rice At Vidai: भारतीय शादियों में कई ऐसी रस्में निभाई जाती हैं, जिनके पीछे सिर्फ धार्मिक मान्यता ही नहीं, बल्कि परिवार से जुड़ी भावनाएं और जीवन की गहरी सीख भी छिपी होती हैं। इन्हीं में से एक है दुल्हन की विदाई के समय चावल पीछे फेंकने की रस्म। आपने अक्सर देखा होगा कि विदाई के वक्त दुल्हन अपने मायके की ओर चावल फेंकती है और परिवार के लोग भावुक होकर उसे विदा करते हैं। मगर क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर इस रस्म को निभाने के पीछे क्या कारण है? आज के इस आर्टिकल में हम आपको इसके पीछे की वजह और महत्व के बारे में बताने जा रहे हैं। वाराणसी के पंडित राघवेंद्र तिवारी से जानें-
विदाई के समय चावल फेंकने की रस्म क्या होती है?
हिंदू विवाह में दुल्हन की विदाई के समय चावल पीछे की ओर फेंकने की रस्म होती है। इसे अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नामों से जाना जाता है। इसमें दुल्हन अपने हाथों में चावल लेकर सिर के ऊपर या पीछे की ओर फेंकती है। आमतौर पर यह रस्म तीन या पांच बार निभाई जाती है। यह संख्या परिवार तथा क्षेत्र के अनुसार बदल सकता है।
इस दौरान दुल्हन अपने मायके की दहलीज से विदा होती है। माता-पिता, भाई-बहन और परिवार के दूसरे सदस्य उसे आशीर्वाद देते हैं। बाहर से देखने पर यह चावल फेंकने की एक छोटी-सी परंपरा लग सकती है, लेकिन इसके साथ बेटी के अपने मायके के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना जुड़ी होती है।
इसे भी पढ़ें- शादी में दुल्हन की बहन ही क्यों चुराती है दूल्हे के जूते? जानिए इस मजेदार रस्म के पीछे की वजह
चावल फेंकने का क्या होता है महत्व?
भारतीय संस्कृति में चावल को शुभता, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। पूजा-पाठ, मांगलिक कार्यों और विवाह जैसे शुभ अवसरों पर भी चावल का इस्तेमाल किया जाता है। कई परंपराओं में अक्षत यानी साबुत चावल को शुभ कार्यों के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। विदाई के समय चावल पीछे फेंकने की रस्म को इस मान्यता से जोड़ा जाता है कि बेटी अपने मायके से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए विदा हो रही है। वह अपने माता-पिता के घर के लिए मंगलकामना करती है, ताकि उसके जाने के बाद भी परिवार में सुख-शांति और संपन्नता बनी रहे।
माता-पिता के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक है यह रस्म
इस परंपरा का सबसे भावुक पहलू माता-पिता के प्रति बेटी का आभार है। जिस घर में वह बचपन से पली-बढ़ी, जहां उसे प्यार, सुरक्षा और संस्कार मिले, उस घर को छोड़ते समय वह प्रतीकात्मक रूप से अपना स्नेह व्यक्त करती है। कुछ परिवारों में इस रस्म को इस भावना से भी समझा जाता है कि बेटी अपने मायके को खाली हाथ नहीं छोड़ रही, बल्कि उसके लिए सुख-समृद्धि की कामना करके जा रही है। यह चावल माता-पिता के प्यार, त्याग और बेटी के मन में उनके लिए मौजूद सम्मान का प्रतीक बन जाते हैं।
बेटी का चावल फेंकने की रस्म करती है बेहद भावुक
विदाई शादी का सबसे भावुक पल माना जाता है। शादी की तैयारियों, हंसी-मजाक और खुशियों के बीच जब बेटी के जाने का समय आता है, तो परिवार को उसके बचपन से लेकर शादी तक की यादें आने लगती हैं। चावल फेंकने की रस्म इसी भावुक पल को और खास बना देती है। माता-पिता के लिए यह उस बेटी को विदा करने का समय होता है, जिसे उन्होंने वर्षों तक अपने पास रखा और हर कदम पर उसका साथ दिया। वहीं, दुल्हन के लिए भी यह अपने पुराने घर और परिचित माहौल से विदा लेने का अवसर होता है।
अलग-अलग जगहों पर बदल सकता है रस्म का तरीका
भारत में विवाह की परंपराएं क्षेत्र, समुदाय और परिवार के अनुसार अलग-अलग होती हैं। कहीं दुल्हन चावल पीछे फेंकती है, तो कहीं अनाज या दूसरी शुभ वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ परिवारों में इस रस्म के दौरान माता-पिता या घर के दूसरे सदस्य चावल को अपने आंचल में ग्रहण करते हैं, जबकि कई जगह इसका तरीका अलग होता है।
इसी तरह, इस रस्म से जुड़ी मान्यताओं और इसे निभाने की संख्या में भी अंतर हो सकता है। इसलिए हर परिवार की परंपरा को एक ही अर्थ या नियम से जोड़ना सही नहीं होगा। इसका मूल भाव अक्सर बेटी की विदाई, मायके के प्रति स्नेह और परिवार की खुशहाली की कामना से जुड़ा रहता है।
इसे भी पढ़ें- शहनाई बजने से पहले यूपी में निभाई जाती है सिलमायन की रस्म, जानें क्या है इसका मतलब और महत्व?
दुल्हन का विदाई से पहले चावल फेंकने के पीछे की वजह साफ पता चल गई होगी। इसकी सबसे खूबसूरत बात यह है कि बेटी एक नए जीवन की शुरुआत करते हुए भी अपने पुराने घर के लिए खुशहाली की कामना करती है।
Image Credit- Shutterstock (all images)
