मेनोपॉज कोई अनोखी बात नहीं है। दुनिया की हर महिला को जिंदगी में एक बार इस दौर से गुजरना ही पड़ता है। फिर भी इस पर बात करते समय आवाज धीमी हो जाती है। घर में मां-बेटी, सास-बहू और पति-पत्नी भी इस पर खुलकर बात नहीं कर पाते। जैसे ये कोई बीमारी हो, या कोई शर्म की बात हो। सवाल यह है कि आखिर मेनोपॉज पर इतनी चुप्पी क्यों है? इसके पीछे एक नहीं, बल्कि कई गहरे कारण छिपे हैं।
मेनोपॉज उम्र नहीं समाज की सोच का है मामला
अगर किसी महिला को बुखार हो, तो पूरा घर पूछता है, दवा ली? डॉक्टर को दिखाया? जब वही महिला रात भर नींद न आने, पसीना आने, घबराहट और जोड़ों के दर्द की बात करती है, तो सब चुप हो जाते हैं। इस चुप्पी की वजह महिला नहीं है, समाज की सोच है। मेनोपॉज को आज भी बुढ़ापे, कमजोरी और खत्म हो जाने से जोड़कर देखा जाता है। यही सोच महिलाओं को बोलने से रोकती है। आइए National Library of Medicine की रिसर्च Menopause से जानते हैं।
1. बुढ़ापे और मां ना बन पाने का डर
हमारे समाज में जवानी और सुंदरता को बहुत ज्यादा महत्व दिया जाता है। मेनोपॉज आते ही लोगों को लगता है कि अब महिला बूढ़ी हो गई है। मेनोपॉज का मतलब है कि अब महिला मां नहीं बन सकती है। जिस समाज में औरत की पहचान उसके मां बनने से जोड़ी जाती है, वहां यह बात उसे छोटा महसूस कराती है। इसलिए कई महिलाएं इस बात को छुपाती हैं कि उन्हें मेनोपॉज हो गया है। उन्हें लगता है कि अगर लोगों को पता चला, तो उन्हें बूढ़ी और कमजोर समझा जाएगा।
Photo Credit: Pinterest (Ferty9)
2. बचपन से सिखाया गया
हमारे यहां लड़कियों को बचपन से ही सिखाया जाता है कि पीरियड्स, हार्मोन और शरीर की बातें सबके सामने नहीं करनी चाहिए। महिलाओं को लंबे समय से ये सिखाया गया है कि हार्मोन, पीरियड्स या शरीर से जुड़ी परेशानियों को प्राइवेट रखो, खुलकर मत बोलो। यही आदत मेनोपॉज के समय भी चलती रहती है। महिला को लगता है कि अगर उसने अपनी परेशानी बताई, तो लोग उसका मजाक उड़ाएंगे। इसलिए, वो दर्द सहती रहती है, लेकिन बोलती नहीं है।
Photo Credit: Pinterest (Vaishnaviiiii)
3. लोगों को पता ही नहीं है कि मेनोपॉज सिर्फ नहीं है हॉट फ्लैश
ज्यादातर लोगों को लगता है कि मेनोपॉज का मतलब सिर्फ गर्मी लगना और थोड़ी परेशानी होना है। बस, कुछ समय की बात है, फिर ठीक हो जाएगा। सच्चाई इससे बहुत बड़ी है। मेनोपॉज सिर्फ हॉट फ्लैश नहीं है। इसके साथ नींद न आना, दिमाग का भटकना, जिसे ब्रेन फॉग कहते हैं, मूड का अचानक बदलना, जोड़ों में दर्द, हड्डियों का कमजोर होना और दिल की बीमारी का खतरा भी जुड़ा होता है। मेनोपॉज से पहले का दौर, जिसे पेरिमेनोपॉज कहते हैं, कई सालों तक चल सकता है। लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं है, इसलिए वो महिला की तकलीफ को समझ ही नहीं पाते हैं।
4. डॉक्टर भी नहीं समझते, तो महिला किससे कहे?
ये सुनकर हैरानी होगी, लेकिन ये सच है कि कई डॉक्टरों को भी मेनोपॉज की पूरी ट्रेनिंग नहीं मिलती है। कई डॉक्टरों को मेनोपॉज के बारे में बहुत कम पढ़ाया जाता है। जब महिला अपनी परेशानी लेकर जाती है, तो उसे कई बार ये कहकर लौटा दिया जाता है कि ये तो उम्र का असर है, सब ठीक हो जाएगा। जब डॉक्टर ही बात को गंभीरता से नहीं लेते, तो महिला को लगता है कि शायद उसकी परेशानी सच में छोटी है। इसके बाद वो दोबारा डॉक्टर के पास जाने से भी डरने लगती है।
Photo Credit: Pinterest (dottiee wilson)
5. ऑफिस में डर, कहीं कमजोर न समझ लिया जाए
मेनोपॉज अक्सर उसी उम्र में आता है, जब महिला अपने करियर के सबसे ऊंचे मुकाम पर होती है। ऑफिस में मीटिंग के बीच पसीना आना, नींद की कमी से ध्यान न लगना, मूड खराब होना, ये सब महिला को परेशान करता है। लेकिन वो किसी को बता नहीं पाती। उसे डर रहता है कि अगर उसने बताया, तो लोग उसका मजाक उड़ाएंगे। उसे कमजोर समझा जाएगा। उसे काम में पीछे कर दिया जाएगा। इसी डर से कई महिलाएं अपनी तकलीफ छिपाती हैं और कुछ तो नौकरी तक छोड़ देती हैं।
ये चुप्पी टूटे, इसके लिए क्या करना होगा?
चुप्पी तोड़ने के लिए सिर्फ महिलाओं को नहीं, पूरे समाज को बदलना होगा।
- मां, पत्नी, बहन की बात को ध्यान से सुनें। उनकी थकान को आलस न कहें।
- लड़के और लड़कियों दोनों को मेनोपॉज के बारे में सही जानकारी दें।
- महिलाओं के लिए थोड़ा समझदारी वाला माहौल बनाएं। उन्हें ब्रेक और सहूलियत दें।
- डॉक्टरों को मेनोपॉज की बेहतर ट्रेनिंग दी जाए, ताकि वो महिलाओं की बात को समझें।
मेनोपॉज शर्म की बात नहीं है, सेहत की बात है। जब तक समाज इसे बुढ़ापे और कमजोरी से जोड़कर देखेगा, तब तक महिलाएं चुप रहेंगी। जरूरत है कि इस पर घर में, ऑफिस में और अस्पताल में खुलकर बात हो। जब महिला बोलेगी, तभी उसे सही देखभाल मिलेगी। चुप्पी तोड़ना ही पहला इलाज है।
यह भी पढ़ें- 'शादी की उम्र निकल रही है!' महिलाओं को सुनाए जाते हैं ये ताने, जानें कैसे दें इनका जवाब?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
