Pink Force Delhi: दिल्ली में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए उपराज्यपाल ने पुलिस को सख्त कदम उठाने के आदेश दिए हैं। राजधानी में हाल ही में सामने आए दिल दहला देने वाले मामलों के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है। महिलाओं और स्कूली छात्राओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अब एक स्पेशल पिंक फोर्स (Pink Force) का गठन किया जा रहा है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में गश्त भी बढ़ाई जाएगी। हालांकि, इस फोर्स में कितने सदस्य होंगे, इसे कब शुरू किया जाएगा, जिले के हिसाब से तैनाती कैसे होगी और गश्त का समय क्या होगा, इन बातों की घोषणा अभी नहीं की गई है?

गोवा पुलिस की तर्ज पर बनाई जाएगी पिंक फोर्स

शहर को ट्रेंड महिला पुलिसकर्मियों की एक खास 'पिंक फोर्स' मिलने वाली है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि, वे गोवा पुलिस की 'पिंक फोर्स' की तर्ज पर यह यूनिट बनाएं।

इसमें महिला पुलिसकर्मियों को स्कूलों, कॉलेजों, मेट्रो स्टेशनों और दूसरी संवेदनशील जगहों पर गश्त के लिए तैनात करने का प्रस्ताव है। इस फोर्स का मुख्य मकसद संवेदनशील समय में पुलिस की मौजूदगी दिखाना और तेजी से कार्रवाई करना होगा। यह प्रस्तावित फोर्स पहले से चल रहे उपायों, जैसे ऑपरेशन शिष्टाचार और महिलाओं की अगुवाई वाली बीट पेट्रोलिंग के साथ मिलकर काम करेगी।

राजधानी में नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराध

यह निर्देश बीते दिन कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्का कुंज पार्क में हुई एक 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के ठीक एक दिन बाद आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तीन बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उस नाबालिग को एक सुनसान जगह पर ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

कालकाजी की यह घटना अकेली नहीं है, बल्कि पिछले कुछ हफ्तों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से नाबालिगों के साथ अपराध की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

  • देश बंधु गुप्ता रोड- यहां एक छह साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया।
  • सदर बाजार- इस इलाके में एक दर्जी की दुकान के अंदर छठी क्लास की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर गलत हरकत की गई।
  • स्वरूप नगर- यहां एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसकी हत्या जैसी बेहद जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।

इसे भी पढ़ें- दिल्ली रेप केस के बाद सवाल, क्या पहचान के लोग ही बन रहे हैं सबसे बड़ा खतरा?

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI