रिश्ते जितने खूबसूरत होते हैं, उन्हें संभालना कभी-कभी उतना ही चुनौतीपूर्ण हो जाता है। शादी के फैसले में परिवार की असहमति हो या फिर एक ही छत के नीचे अलग-अलग पीढ़ियों के बीच तालमेल बिठाने की बात, पारिवारिक जीवन में अक्सर ऐसी स्थितियां आ खड़ी होती हैं, जहां सही मार्गदर्शन की जरूरत महसूस होती है। जब रूढ़िवादी सोच, आर्थिक असमानता या जनरेशन गैप रिश्तों में कड़वाहट घोलने लगे, तब सही नजरिया और आपसी समझ ही घर की शांति बनाए रख सकती है। आइए जानते हैं, रोज के जीवन से जुड़ी ऐसी ही दो अहम समस्याओं के सटीक समाधान।  इसके लिए मन:स्थली वेलनेस की फाउंडर और सीनियर साइकेट्रिस्ट डॉ. ज्योति कपूर भी बात की है। जानते हैं...

प्रश्न 1: मेरी उम्र 25 वर्ष है। मैं अपने एक कलीग से प्रेम करने लगी हूं और हम दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन मेरे पेरेंट्स तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि तुम्हारे कलीग की पारिवारिक पृष्ठभूमि कमजोर है और वह तुमसे कम सैलरी पाता है। ऐसी स्थिति में तुम्हें उसके साथ गृहस्थी की गाड़ी आगे बढ़ाने में दिक्कत आ सकती है। बेहतर होगा कि तुम किसी ठीक-ठाक आर्थिक स्थिति वाले लड़के से शादी करो, ताकि नौकरी तुम्हारे लिए अनिवार्यता न बनी रहे। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा है, कृपया मार्गदर्शन करें। अपर्णा बाली, चंडीगढ़

सलाह: शादी सिर्फ फाइनेंशियल सिक्योरिटी के लिए नहीं होती। यह एक भावनात्मक बंधन है, जिसमें पति-पत्नी एक-दूसरे से प्यार और सम्मान की अपेक्षा करते हैं। आपको समझना होगा कि दो व्यक्ति कभी एक जैसे नहीं हो सकते। लड़के को लड़की से ज्यादा पैसे कमाने चाहिए, यह उस समाज की सोच है जिसमें लड़के को श्रेष्ठ और लड़की को कमतर माना जाता है। इसलिए अपने माता-पिता को समझाएं कि अगर वे आप पर विश्वास करते हैं और आपकी खुशी चाहते हैं, तो आपके निर्णय का सम्मान करें। साथ ही सबको खुश रखने की कोशिश में खुद को नजरअंदाज न करें, क्योंकि जिंदगी के हर मोड़ पर सबसे महत्वपूर्ण आपकी अपनी खुशी है। इस प्रकार की समस्याओं के समाधान में फैमिली काउंसलिंग भी काफी मददगार साबित होगी।

यह भी पढ़ें- रिश्ते को बचाने में कहीं खुद को तो नहीं खो रहीं आप? पहचानें ये 5 लक्षण

प्रश्न 2: मेरी उम्र 55 साल है। हम पति-पत्नी, मेरी सास और हमारे दो शादीशुदा बेटे एक ही घर में रहते हैं। मेरी सास पुराने खयालात की हैं और अक्सर बहुओं को पहनने-ओढ़ने के ढंग के बारे में टोकती रहती हैं। बड़ी बहू तो बात बर्दाश्त कर लेती है, लेकिन छोटी पलटकर जवाब दे देती है, जो मेरे पति को अच्छा नहीं लगता। इस वजह से कई बार घर का माहौल काफी नकारात्मक हो जाता है। मुझे क्या करना चाहिए? - अर्चना राग, रायपुर (छत्तीसगढ़)

सलाह: पिछले कुछ वर्षों में लोगों की सोच और रहन-सहन में काफी बदलाव आया है, फिर भी घर के बड़े-बुजुर्गों के नजरिए को बदलना आसान नहीं होता। बेहतर यही होगा कि आप बेटे-बहुओं के रहने की अलग व्यवस्था करें। बहुओं को जब हर समय दूसरों के हिसाब से वेशभूषा नहीं पहननी पड़ेगी और वे अपनी पसंद के मुताबिक जिंदगी जी पाएंगी, तो कभी-कभी परिवार के रीति-रिवाजों और परंपराओं को निभाने में उन्हें दिक्कत नहीं होगी। साथ ही, बहुओं को बेटी समझकर उनकी समस्याएं सुनें और जिंदगी के प्रति उनका नजरिया जानें, इससे रिश्तों में मिठास आएगी। समय-समय पर अपनी सास को भी बहुओं के व्यक्तित्व की खूबियां बताएं, इससे उनके मन में बहुओं के प्रति सकारात्मकता पनपेगी।

यह भी पढ़ें- पुराना रिश्ता नहीं, खुद का Old Version मिस कर रहे हैं आप? जानें वजह

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक - वंदना

Images: magnific