Gym Changing Room Safety Tips For Women: आजकल फिटनेस के लिए जिम जाना हर किसी के लिए आम बात हो गई है, लेकिन वर्कआउट के साथ-साथ महिलाओं के लिए सेफ्टी भी उतनी ही जरूरी है। अक्सर महिलाएं जिम के चेंजिंग रूम को बिना चेक किए यूज कर लेती हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है। चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, जैसे वहां महिला स्टाफ मौजूद है या नहीं और कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हो रही। आइए जानते हैं जिम के वुमन चेंजिंग रूम को यूज करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

जिम के चेंजिंग रूम को यूज करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप रोज जिम जाती हैं, तो यह खबर आपके लिए काफी जरूरी है। जिम में कपड़े बदलने से पहले इन 5 बातों को जरूर चेक करें, वरना आपको परेशानी हो सकती है।

1- ‘नो रिकॉर्डिंग’ के नियम पर ध्यान दें

अच्छे और प्रोफेशनल जिम में लॉकर रूम और चेंजिंग रूम में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर सख्त पाबंदी होती है। जिम के नोटिस बोर्ड पर इसके नियम लिखे होते हैं। अगर आपको चेंजिंग रूम में कोई भी व्यक्ति बिना इजाजत के वीडियो या फोटो बनाता दिखे, तो इसे रेड फ्लैग समझें और तुरंत स्टाफ को रिपोर्ट करें।

image credit- gemini

2- दरवाजा, लॉक और हिंज को जरूर चेक करें

कई बार हम सिर्फ दरवाजा बंद होने से ही मान लेते हैं कि लॉक लग गया है। ऐसा बिल्कुल न करें। चेंजिंग रूम के अंदर जाने से पहले उसके लॉक और हिंज को अच्छे से टेस्ट करें। अगर किसी केबिन का दरवाजा लॉक नहीं हो रहा या हिंज खराब है, तो तुरंत दूसरा केबिन इस्तेमाल करें और इसकी जानकारी जिम मैनेजमेंट को दें।

3- छिपे हुए कैमरे या अनजान चीजों को देखें

चेंजिंग रूम में घुसते ही एक बार चारों तरफ नजर दौड़ाएं। स्मोक डिटेक्टर, पावर सॉकेट, वेंटिलेशन या केबिन के ऊपर-नीचे के गैप को ध्यान से देखें। कहीं कोई छोटी चमकदार लाइट, अजीब वायरिंग या पिनहोल लेंस जैसी चीज तो नहीं है। अगर कुछ भी संदिग्ध लगे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत मैनेजमेंट और जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचना दें।

4- एंट्री प्वाइंट कैसा है, यह भी देखें

एक सेफ चेंजिंग रूम का दरवाजा कभी भी सीधे चेंजिंग स्टॉल के सामने नहीं खुलना चाहिए। अगर दरवाजा सीधे बाहर खुलता है तो हर बार किसी के आने-जाने पर आपकी प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है। हमेशा अंदर होने पर दरवाजा बंद रखें और ऐसे स्टॉल का चुनाव करें जो अंदर की तरफ और छुपा हुआ हो।

image credit- gemini

5. टाइमिंग का ध्यान रखें

कई बार हमारा मन ही हमें खतरे का संकेत दे देता है। अगर चेंजिंग एरिया में कोई व्यक्ति अजीब या संदिग्ध तरीके से व्यवहार कर रहा है तो तुरंत बाहर मेन जिम एरिया में आ जाएं। सुबह 5 बजे या देर रात जैसे ऑड टाइम पर ज्यादा सतर्क रहें। अगर चेंजिंग रूम पूरी तरह खाली है तो स्टाफ से पहले चेक कराने को कहें या घर पर ही कपड़े बदलें।

महिला स्टाफ की मौजूदगी है सबसे जरूरी

हर जिम के महिला चेंजिंग एरिया में महिला स्टाफ को जरूर होना चाहिए। इससे न सिर्फ सेफ्टी बढ़ती है बल्कि महिलाएं अपनी शिकायत खुलकर बता पाती हैं। जिम जॉइन करने से पहले यह जरूर पूछें कि चेंजिंग रूम की निगरानी कौन करता है।

अगर आप भी जिम जाती हैं, तो ऊपर दी गई बातों का जरूर ध्यान रखें। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- gemini