आजकल शहरों में छोटे फ्लैट और कॉम्पैक्ट घरों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे घरों में सबसे बड़ी चुनौती होती है कि कम जगह में जरूरत का हर सामान कैसे रखा जाए और घर खुला-खुला भी नजर आए। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप घर में बड़े बदलाव करें या महंगे डेकोरेशन पर पैसे खर्च करें। सही फर्नीचर और कुछ समझदारी भरे डिजाइन आइडियाज से छोटे घर को भी स्टाइलिश बनाया जा सकता है। शीशम की लकड़ी का फर्नीचर, स्मार्ट स्टोरेज और मार्बल जैसे नेचुरल स्टोन आपके घर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में मदद कर सकते हैं।

मल्टीफंक्शनल शीशम वुड फर्नीचर चुनें

छोटे घरों में ऐसे फर्नीचर का चुनाव करना चाहिए, जिसका इस्तेमाल एक से ज्यादा कामों के लिए किया जा सके। फर्नीचर एक्सपर्ट रघुनंदन सराफ के अनुसार, शीशम की लकड़ी से बने मल्टीफंक्शनल फर्नीचर कॉम्पैक्ट घरों के लिए अच्छा विकल्प हैं। आप ऐसा कंसोल टेबल रख सकते हैं, जिसका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर वर्क डेस्क के रूप में भी हो सके। इसी तरह एक्सटेंडेबल डाइनिंग टेबल रोजमर्रा के खाने और मेहमानों के आने पर दोनों कामों में उपयोगी है। शीशम की लकड़ी के प्राकृतिक रंग घर को बिना ज्यादा सजावट के खूबसूरत बनाते हैं।

Image Credit-herzindagi

फर्नीचर में ही बनाएं स्मार्ट स्टोरेज

छोटे घरों में सामान रखने की जगह कम होती है। ऐसे में अलग-अलग बड़ी अलमारियां रखने के बजाय स्टोरेज वाले फर्नीचर को प्राथमिकता दें। बेड के नीचे बने ड्रॉअर, स्लिम साइडबोर्ड और ऊंची लकड़ी की अलमारियां जगह बचाने में मदद करती हैं। दीवार के कोनों का इस्तेमाल भी स्टोरेज के लिए किया जा सकता है।

कम फर्नीचर से दें स्टाइलिश लुक

छोटे कमरे को सजाने के लिए बहुत सारे फर्नीचर की जरूरत नहीं होती। कम लेकिन सही डिजाइन वाले फर्नीचर कमरे को ज्यादा खुला दिखाते हैं। हल्की डिजाइन वाली कॉफी टेबल, छोटी साइड टेबल और कॉम्पैक्ट कुर्सियां चुनें। फर्नीचर के रंग और डिजाइन में एक जैसा तालमेल रखें।

Image Credit-herzindagi

स्टैचुरियो मार्बल टॉप वाला कन्वर्टिबल कंसोल

मार्बल छोटे घर के किसी भी कोने को प्रीमियम लुक दे सकता है। वैनश जैन के अनुसार, स्टैचुरियो वेनाटो मार्बल की हल्की सफेद सतह और ग्रे रंग की धारियां कमरे में रोशनी और खुलापन महसूस कराने में मदद करती हैं। एक्सटेंडेबल या फोल्ड होने वाला कंसोल टेबल चुनें। जरूरत पड़ने पर इसे डाइनिंग टेबल की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।

फोल्डेबल फर्नीचर के पीछे लगाएं ट्रैवर्टीन स्टोन

छोटे घरों में फोल्डेबल बेड, पुल-डाउन डेस्क और सोफा कम बेड काफी उपयोगी होते हैं। इनके पीछे ट्रैवर्टीन स्टोन की एक टेक्सचर्ड दीवार बनवाने से साधारण फर्नीचर भी डिजाइनर लुक देने लगता है। केवल एक दीवार पर स्टोन फिनिश रखें। बाकी दीवारों को हल्के रंगों में सजाएं, ताकि कमरा भरा हुआ न लगे।

Image Credit-amazon

नेस्टिंग टेबल और स्टोरेज ओटोमन अपनाएं

छोटी जगह के लिए नेस्टिंग टेबल अच्छा विकल्प है। इन्हें जरूरत के हिसाब से अलग-अलग करके इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं स्टोरेज ओटोमन बैठने, पैर रखने और सामान रखने के काम आता है। इसके ऊपर छोटे आकार का मार्बल टॉप लगवाकर घर को लग्जरी टच दे सकते हैं।

हल्के रंग के स्टोन फ्लोरिंग का करें चुनाव

छोटे घर में फर्श का डिजाइन भी काफी मायने रखता है। लिविंग और डाइनिंग एरिया में एक जैसी हल्के रंग की फ्लोरिंग रखने से जगह जुड़ी हुई और बड़ी दिखाई देती है। हल्के रंग का ट्रैवर्टीन मार्बल या नेचुरल स्टोन फ्लोर चुनें। इसके साथ कम ऊंचाई और पतली डिजाइन वाला फर्नीचर रखें, ताकि फर्श भी खूबसूरती से नजर आए।

निष्कर्ष

छोटे घर को खूबसूरत बनाने के लिए ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं है। बस फर्नीचर का चुनाव समझदारी से करें और खाली जगह का सही इस्तेमाल करें। शीशम की लकड़ी का फर्नीचर घर को गर्माहट देता है, जबकि मार्बल और नेचुरल स्टोन इसे क्लासी लुक देते हैं। कम सामान, बेहतर स्टोरेज और हल्के रंगों का तालमेल आपके छोटे घर को भी आरामदायक और आकर्षक बना सकता है।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।

Image Credit-ai, magnific