आजकल कई शादीशुदा कपल खासतौर पर लड़कियां इस बात को लेकर बहुत ज्यादा चिंता में रहती हैं कि उनका पार्टनर उनसे कहीं दूर न चला जाए। कहीं ऐसा तो नहीं कि पार्टनर का किसी और के साथ अफेयर है? क्या आपको बार-बार ऐसा ख्याल आता है कि पार्टनर आपको अहमियत नहीं दे रहा है? अगर हां, तो ये रिलेशनशिप एंग्जायटी के संकेत हो सकते हैं। रिलेशनशिप एंग्जायटी आज के समय में बहुत आम समस्या होती जा रही है। हालांकि, कई बार लोग इसे अनदेखा भी कर देते हैं और कई बार इसके बारे में इतना ज्यादा सोच लेते हैं कि बिना वजह ही रिश्ते खराब होने लगते हैं। आइए Relationship Expert and Mental Health Counsellor Harshada Desai से जानें क्या होती है रिलेशनशिप एंग्जायटी और इसके संकेत क्या होते हैं।

रिलेशनशिप एंग्जायटी के कारण क्या होते हैं?

रिलेशनशिप एंग्जायटी अक्सर पिछले अनुभवों से जुड़ी होती है। जैसे कि पहले का कोई ब्रेकअप, किसी करीबी का अचानक छोड़ देना, बचपन में भावनात्मक असुरक्षा या अस्थिर पारिवारिक माहौल। ऐसे कोई भी अनुभव आपके दिमाग में इमोशनल सेफ्टी अलार्म बना देते हैं, जो हर रिश्ते में खतरा ढूंढने लगता है।

ऐसे लोग ही जब शादीशुदा जीवन में आते हैं तो अपने पार्टनर के बारे में ऐसा सोचने लगते हैं कि कहीं उनका पार्टनर दूर न हो जाए। इसके अलावा, अगर व्यक्ति को बचपन में किसी भी जगह पर भावनात्मक समर्थन नहीं मिला है, तो बड़े होने पर वह अपने रिश्तों में लगातार सिक्योरिटी ढूंढता है जो रिलेशनशिप एंग्जायटी को जन्म देता है।

यह भी पढ़ें- पार्टनर से खुलकर बात करना क्यों है जरूरी? एक्सपर्ट से जानें मजबूत रिश्ते का फॉर्मूला

रिलेशनशिप एंग्जायटी के आम संकेत

  • रिलेशनशिप एंग्जायटी को पहचानना बहुत जरूरी है जिससे आप समय रहते इस समस्या को दूर कर सकें। आइए जानें इसके कुछ प्रमुख संकेत क्या हैं।
  • अगर आप बिना किसी कारण के ही पार्टनर पर भरोसा नहीं करती हैं, तो ये रिलेशनशिप एंग्जायटी का सबसे बड़ा संकेत हो सकता है। ऐसे में आप बार-बार पार्टनर से यह पूछते हैं कि क्या वो आपसे प्यार करता है? क्या उनका रिश्ता ठीक चल रहा है? कई बार पार्टनर का इन सवालों पर तुरंत जवाब न देना भी आपको परेशान कर सकता है।
  • जब आप रिलेशनशिप एंग्जायटी में होते हैं तो उसे पार्टनर के मैसेज करने के तरीके, टोन या रिप्लाई में देरी को लेकर आप बहुत ज्यादा सोचने लगते हैं।
  • कभी-कभी बिना किसी ठोस वजह के भी आपको लगता है कि पार्टनर आपसे दूर हो रहा है और आपकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा। यह भी रिलेशनशिप एंग्जायटी का एक बड़ा संकेत हो सकता है।
  • कई बार जब पार्टनर अपना स्पेस चाहता है, तो आपको घबराहट या बेचैनी महसूस होती है और आपको यह समय बहुत भारी लगने लगता है। यही नहीं ऐसे में आप पार्टनर को बार-बार फोन करती हैं और ये जानने की कोशिश करती हैं कि उनका पार्टनर कहां है और क्या कर रहा है।

रिलेशनशिप एंग्जायटी को दूर करने के लिए क्या करें?

  • सबसे पहले आपको रिलेशनशिप एंग्जायटी को समझने की जरूरत है।
  • अपने और पार्टनर के विचारों को नोटिस करें और यह समझने की कोशिश करें कि पार्टनर को लेकर ऐसा कोई डर सच नहीं है।
  • बार-बार पार्टनर से अपने रिश्ते की सिक्योरिटी से जुड़े सवाल न करें और पार्टनर पर भरोसा करें।
  • रिलेशनशिप एंग्जायटी से बचने के लिए अपने आत्मविश्वास और व्यक्तिगत जीवन पर ध्यान देना जरूरी होता है।

अगर आपको भी रिलेशनशिप एंग्जायटी के ऐसे कोई भी संकेत नजर आ रहे हैं तो आपको जल्दी ही इस समस्या से बाहर आने की कोशिश करनी चाहिए। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Magnific.com