शादी दो लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा होती है। जिंदगी के सफर में न केवल आपको हमसफर मिलता है, बल्कि आपकी दुनिया भी काफी हद तक बदल जाती है। दो लोग जो एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं, जब वो साथ आते हैं, एक रिश्ते में बंधते हैं, तो एक-दूसरे को समझने में और तालमेल बिठाने में थोड़ा वक्त लगता है। दोनों की सोच अलग होती है, जिंदगी को देखने का नजरिया अलग होता है और यही वजह है कि कई बार छोटी सी बात भी बड़ी तकरार का कारण बन जाती है। बेशक लव मैरिज में पार्टनर को समझना थोड़ा आसान होता है, लेकिन शुरुआती वक्त में मुश्किलें लव और अरेंज दोनों ही शादियों में आ सकती हैं। अगर आपकी भी हाल ही में शादी हुई है, हर छोटी बात में पार्टनर से तकरार हो जाती है और तालमेल बिठाना बहुत मुश्किल लग रहा है, तो आपको इन स्मार्ट सीक्रेट्स से अपना रिश्ता संभालना चाहिए।
उम्मीदों को वक्त दें
शादी के बाद लड़की और लड़का दोनों ही नई जिंदगी में कदम रखते हैं। इस नई जिंदगी के लिए, अपने पार्टनर के लिए हमन ढेर सारे सपने सजाए होते हैं और मन में कई उम्मीदें भी होती हैं। बेशक उम्मीद रखना गलत नहीं है, लेकिन उम्मीदों को थोड़ा वक्त दें। हो सकता है शुरुआत में आपका पार्टनर आपकी उम्मीदों को समझ न पाए या उन पर खरा न उतर पाए, ऐसे में नाराज होने की वजह थोड़ा वक्त दें। आप अपनी बात को खुलकर समझाने की कोशिश करें।
किसी भी रिश्ते में बातचीत बहुत जरूरी होती है। लड़कियां अक्सर उम्मीद करती हैं कि उनका पार्टनर बिना कहे उनके मन की बात समझ ले, लेकिन अगर शुरुआत में ऐसा नहीं हो रहा है, तो अपनी बात खुलकर कहने में कोई बुराई नहीं है। बीतते वक्त के साथ वो आपकी खामोशी को भी जरूर समझ पाएंगे।
स्पेद देना भी है जरूरी
शादी के बाद दोनों ही पार्टनर्स की लाइफ एकदम बदल जाती है। नई शादी में एक-दूसरे के साथ वक्त बिताने की भी चाहत होती है, जो लाजमी है, लेकिन एक-दूसरे को स्पेस देना भी जरूरी है। जरूरी नहीं है कि सारा वक्त आप एक-दूसरे के साथ बिताएं, कुछ वक्त अकेले बिताना और मी टाइम एज्वॉय करना भी रिश्ते को मजबूत करता है। कई बार लड़ाईयां स्पेस न मिलने की वजह से भी होती हैं।
सिर्फ कहें नहीं सुनें भी
रिश्ते में कहना जितना जरूरी है, उतना जरूरी सुनना भी है। शादी के शुरुआती वक्त में लड़ाई की एक वजह ये भी बनती है कि हम सिर्फ अपनी बात कहते हैं, पार्टनर की नहीं सुनते हैं या फिर अपनी बात को ज्यादा ऊपर रखने की कोशिश करते हैं, ये सही नहीं है। याद रखें रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए दोनों की फीलिंग्स को अहमियत देना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- Relationship Tips: रिश्ता लंबा चलेगा या नहीं! इन बातों पर टिकी होती है रिलेशनशिप
दोनों तरफ से होना चाहिए बदलाव
शादी के बाद रिश्ते को निभाने के लिए दोनों पार्टनर्स में बदलाव जरूरी है। अगर आप सिर्फ अपने पार्टनर से ही बदलाव की उम्मीद रखेंगे या हर बात पर उन्हें अपने हिसाब से ढालने की कोशिश करेंगे, तो इससे आपका रिश्ता कमजोर पड़ने लगेगा और दूसरे पार्टनर को दबाव महसूस होने लगेगा। ऐसे में अगर आप अपने पार्टनर से आपके हिसाब से बदलने की उम्मीद कर रहे हैं, तो कुछ बदलाव आपको खुद में भी करने होंगे।
यह भी पढ़ें- ये 4 बदलाव बताते हैं कि आपका पार्टनर रिश्ते में खुश नहीं, जानें कैसे पहचानें?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Freepik
