भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि ब्रज अत्यंत अलौकिक और रहस्यमयी मानी जाती है। वृंदावन के 12 मुख्य वनों में शामिल भांडीरवन एक ऐसा ही परम पवित्र स्थल है, जो श्री राधा-कृष्ण के अनूठे और दिव्य विवाह का साक्षी रहा है। लोकल लोगों का मानना है कि राधा-कृष्ण का सांसारिक विवाह नहीं हुआ था, लेकिन शास्त्रों और ब्रज की प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, स्वयं जगत्पिता ब्रह्मा जी ने भांडीरवन में आचार्य बनकर दोनों का विवाह संपन्न करवाया था। यह पावन स्थल आज भी भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत केंद्र है, जहां कदम रखते ही अलौकिक शांति का अनुभव होता है। ऐसे में भांडीरवन के पौराणिक इतिहास, इसकी रहस्यमयी कथा और इससे जुड़े हाईलाइट्स के बारे में पता होना जरूरी है। जानते हैं आगे...

क्या कहती है भांडीरवन से जुड़ी कथा?

पौराणिक कथा के अनुसार, एक समय नंदबाबा बालक रूपी श्रीकृष्ण को गोद में लेकर भांडीरवन से गुजर रहे थे। तभी भगवान की इच्छा से अचानक भयंकर आंधी-तूफान आ गया। नंदबाबा घबरा गए और कृष्ण को सुरक्षित रखने के लिए एक विशाल वटवृक्ष के नीचे खड़े हो गए। उसी समय वहां श्री राधारानी का प्राकट्य हुआ। नंदबाबा दोनों के दिव्य स्वरूप से भली-भांति परिचित थे; उन्होंने बाल-कृष्ण को राधा जी की गोद में सौंप दिया और प्रणाम कर वहां से चले गए।

नंदबाबा के जाते ही आंधी थम गई और श्रीकृष्ण ने अपना पूर्ण पुरुषोत्तम रूप धारण कर लिया। इसके बाद भगवान की योगमाया शक्ति से वहां ब्रह्मा जी प्रकट हुए। ब्रह्मा जी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्री राधा और कृष्ण का विवाह संस्कार संपन्न करवाया 

भांडीवन से जुड़ी जरूरी जानकारी

अगर आप मंदिर जाना चाहते हैं तो पहले इससे जुड़ी जानकारी के बारे में जान लें-

प्रमुख विवरण जानकारी
जगह का नाम भांडीरवन (राधा-कृष्ण विवाह स्थल)
स्थान/जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश), भारत
मुख्य भाषा हिंदी, ब्रजभाषा
त्योहार जन्माष्टमी, राधाष्टमी
निकटतम शहर वृंदावन (21 किमी), मथुरा (26 किमी)

यह भी पढ़ें- सावन में दिल्ली से काशी कैसे जाएं? घाटों की महाआरती से लेकर बनारसी जायके तक, जानें सब कुछ

भांडीरवन की मुख्य विशेषताएं

भांडीरवन जाने वाले लोगों को वहां की मुख्य विशेषताओं के बारे में पता होना जरूरी है-

1. राधा-कृष्ण मुख्य मंदिर

  • विवाह स्थल मंदिर: भांडीरवन के मुख्य मंदिर में एक विशाल पेड़ के नीचे श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियां हैं, जहां वे एक-दूसरे को वरमाला पहना रहे हैं और ब्रह्मा जी विवाह की रस्में पूरी करा रहे हैं।
  • बलराम जी का मंदिर: विवाह स्थल के पास ही बलराम जी का मंदिर स्थित है। यही वह स्थान है, जहां बलराम जी ने कंस द्वारा भेजे गए दैत्य प्रलंबसुर का वध किया था।

2. भांडीरवन का गोपनीय रहस्य

  • एक कल्प भजन का पुण्य: श्रीमद्भागवत के अनुसार, भांडीरवन में 1 घंटा बिताना 1 कल्प (लगभग 4.32 अरब वर्ष) तक लगातार भजन-कीर्तन करने के समान फलदायी माना गया है।
  • राधारानी की अनुकंपा: मान्यता है कि यहां वही श्रद्धालु आ पाते हैं, जिन पर राधारानी की विशेष कृपा होती है।

पास ही स्थित है वंशीवट का अद्भुत रहस्य

भांडीरवन से मात्र 600 मीटर की दूरी पर स्थित वंशीवट अत्यंत रमणीक स्थान है। मान्यता है कि इस स्थान पर श्रीकृष्ण अपने ग्वाल-बालों के साथ बैठकर भोजन करते थे और अपनी मधुर वंशी बजाकर राधारानी व गोपियों को बुलाते थे। यहां भी एक विशेष वृक्ष है; मान्यता है कि यदि कोई सच्चा साधक अपने कान इस पेड़ के तने पर लगाए, तो उसे आज भी रासलीला के मृदंग की मधुर ध्वनि सुनाई देती है।

भांडीरवन कैसे पहुंचे?

यदि आप इस रहस्यमयी जगह पर जाना चाहते हैं तो निम्न तरीके बताए गए हैं-

  • टैक्सी या पर्सनल वाहन: वृंदावन से हाईवे मार्ग से यह लगभग 21 किमी की दूरी पर है, जहां कैब या अपनी गाड़ी से आसानी से पहुंचा जा सकता है।
  • बाइक या यमुना मार्ग: मानसून के अलावा अन्य दिनों में केशी घाट से यमुना पार करके बेलवन होते हुए मात्र 8 किमी में भांडीरवन पहुंचा जा सकता है।
भांडीरवन केवल एक ऐतिहासिक या धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम का अमर प्रतीक है। यहां की मिट्टी में आज भी भक्ति और प्रेम की दिव्य तरंगें महसूस होती हैं।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ से श्रीखंड महादेव ट्रेक की शुरुआत कहां से करें? पढ़ें पूरा ट्रैवल गाइड

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: braj ras website (brajrasik.org)