कुछ दिनों पहले पड़ोस में रहने वाली गीता ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में आत्महत्या का सबसे बड़ा कारण यह सामने आया है कि उसके एक्स बॉयफ्रेंड ने उसकी प्राइवेट फोटोज और वीडियोज उसके मंगेतर को भेज दिए थे और उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। मामला इतना बढ़ गया कि गीता की शादी भी टूट गई। यह मामला सिर्फ गीता का ही नहीं है, ऐसे न जाने कितने ही मामले होंगे जो दर्ज भी नहीं हो पाते।
अब फोन के जरिए यह सब आसान हो गया है। आज के समय में आसानी से लोग सेकेंड्स में एक दूसरे को अपनी प्राइवेट फोटोज भेज देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा करना कितना खतरनाक हो सकता है? अगर नहीं, तो ऑनलाइन फोटोज शेयर करने से पहले इस आर्टिकल को जरूर पढ़ें।
दृश्यम तो आपने देखी ही होगी...
आप सभी ने फिल्म दृश्यम तो देखी होगी, इसमें अजय देवगन की बड़ी बेटी की बाथरूम में नहाते हुए फोटो को तब्बू के बेटे ने कैमरे में कैद कर लिया था और इसके बाद से वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसके बाद की कहानी तो आप सभी को पता है। इन सब गलत चीजों से किसी की भी जिंदगी खराब हो जाती है।
इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली के यूरोलॉजिस्ट डॉ. अजीत सक्सेना बताते हैं कि एक-दूसरे को न्यूड फोटो और वीडियोज भेजना आजकल आम हो गया है। पहले के समय में लोग सिर्फ कुछ पत्रिकाओं में ही न्यूड फोटोज देख पाते थे, लेकिन आज इंटरनेट और सोशल मीडिया के कारण इनका दायरा काफी बढ़ चुका है। ध्यान रखें कि एक गलत क्लिक से आपका अच्छा रिलेशन भी खराब हो सकता है।
वायरल हो सकती हैं फोटोज
चाहे डेटिंग साइट्स हों या ऑनलाइन डेटिंग कर रहे हों, ऐसे में कई लोग अपने पार्टनर की न्यूड फोटोज मांगते हैं। यह आज के समय में बहुत सामान्य बात हो गई है। सेक्शुअल प्लेजर के लिए फोटोज सेंडिंग का यह तरीका काफी खतरनाक है। अगर फोटो पर गलती से कोई और बटन प्रेस हो गया, तो किसी की फोटोज सेकेंड्स में वायरल हो सकती है।
क्या प्राइवेट फोटो भेजना प्यार दर्शाता है?
अगर कोई महिला किसी पुरुष को अपनी प्राइवेट फोटो नहीं भेजना चाहती और वह अपने पार्टनर को ऐसी फोटोज भेजने से इंकार कर देती है, तो यह समझदारी भरा निर्णय है। जो लड़कियां अपने बॉयफ्रेंड या मंगेतर की बातों में आकर उन्हें अपनी फोटोज भेज देती हैं, उनके मन में हमेशा डर बना रहता है। ब्रेकअप होने के बाद कहीं वह इसका गलत इस्तेमाल न करे। अगर किसी लड़की का बॉयफ्रेंड या पार्टनर उससे ऐसी फोटोज की मांग करता है, तो पल भर रुककर पहले उसे यह सोचना चाहिए कि क्या वह वाकई स्त्रियों का सम्मान करता है?
यह भी पढ़ें- क्या आप भी सोशल मीडिया पर सब कुछ शेयर करते हैं? इन 9 जानकारियों को पब्लिक करना पड़ सकता है महंगा
फोटोज भेजने से पहले सोचें
यदि कोई महिला न्यूड फोटो भेजने के लिए हां कहती है, तो महिला प्रशंसा प्राप्त कर सकती है और अपने बारे में आत्मविश्वास की झूठी भावना मन में ला सकती है, लेकिन हो सकता है कि ऐसी फोटोज भेजने के बाद पुरुष अपनी पार्टनर पर ही शक करने लगे। कुछ समय बाद पुरुष को यह बात अच्छी न लगे कि मेरे मांगने पर इस स्त्री ने मुझे अपनी प्राइवेट फोटोज भेज दीं।
जब कोई महिला अपने पार्टनर को ऐसी फोटोज भेजती है, तो पुरुष ऐसी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल भी कर सकते हैं। वह इनका इस्तेमाल दोस्तों के बीच डींग मारने के लिए कर सकता है और उन्हें दोस्तों के साथ शेयर भी कर सकता है। ऐसी स्थिति में स्त्रियों को हमेशा ही सावधान रहना चाहिए।
बुरा लगे या अच्छा, ना ही कहें
वो कहते हैं न अपनी चीजों और समस्या के लिए आप ही जिम्मेदार होते हैं। अगर कोई पुरुष या महिला बार-बार ऐसी तस्वीरों की मांग करता या करती है तो पहली बार में ही नहीं कह देने से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
किसी को भी अपनी न्यूड फोटोज भेजना एक हेल्दी रिश्ते की नींव तो कतई नहीं है। ज्यादातर मामलों में ऐसी सस्ती बातें अस्थायी आनंद देती हैं, लेकिन हो सकता है, इसके बाद वह आपसे और ज्यादा फोटोज या वीडियो की भी डिमांड कर सकता है।
यह भी पढ़ें- फोटो और वीडियो शेयर करने से पहले जान लें इनसे जुड़े सभी नियम
एक्सपर्ट टिप्स: अगली बार अपनी फोटो और वीडियो भेजने से पहले इस लेख को जरूर याद कर लीजिएगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक: गीतांजलि
Image Credit: magnific.com
