Kanya Pujan 2026 Mistakes To Avoid: शारदीय नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इस दिन छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर भोजन कराया जाता है। अगर आप भी इस साल कन्या पूजन कर रही हैं, तो भोजन कराते समय पैर धोने से लेकर साफ जगह पर बैठाने जैसे जरूरी नियमों का ध्यान रखें, ताकि पूजन का पूरा फल मिले।
कन्या पूजन में इन बातों का रखें ध्यान
कन्या पूजन के दौरान बहुत भागदौड़ होती है। ऐसे में किसी भी तरह की गलती करने से बचना चाहिए। नीचे दी गई इन बातों का रखें ध्यान।
1- स्वच्छता और स्वागत है सबसे जरूरी
जिस स्थान पर कन्याओं को भोजन कराना है, वहां की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। रसोई, बर्तन और बैठने के आसन पूरी तरह स्वच्छ होने चाहिए। परंपरा के अनुसार कन्याओं के घर आने पर उनके चरणों को स्वच्छ जल से धोएं और मुलायम कपड़े से पोंछकर उनका स्वागत करें। इस दौरान बच्चियों की सहजता का पूरा ख्याल रखें।
image credit- ai
2- सात्त्विक और ताजा भोजन ही परोसें
भोग के लिए हमेशा ताजा और सात्त्विक भोजन बनाएं। आप हलवा, पूरी, काले चने, चावल या मखाने की खीर और बिना प्याज-लहसुन वाली आलू या कद्दू की सब्जी बना सकते हैं। बासी, ज्यादा तीखा या भारी मसालेदार भोजन परोसने से बचें। अगर आपके यहां सरसों के तेल या खटाई का परहेज है, तो अपनी परंपरा का पालन करें। यह कोई जरूरी नियम नहीं है।
3- भोग की पवित्रता और बर्तनों का ध्यान
देवी के लिए बनाया गया भोग पहले खुद न चखें और उसे जूठा न होने दें। कोशिश करें कि घर पर ही साफ-सुथरे तरीके से भोजन तैयार हो। अगर बाहर से भोजन बनवा रहे हैं, तो उसकी ताजगी और स्वच्छता जरूर जांच लें। गर्म प्रसाद को कभी भी घटिया प्लास्टिक में न रखें। इसके लिए स्टील के बर्तन, साफ पत्तल या फूड-ग्रेड पात्र का ही इस्तेमाल करें।
4- बच्चों पर दबाव न बनाएं
सभी कन्याओं को एक समान सम्मान दें और सभी को एक जैसा तोहफा ही दें। उन्हें डांटे नहीं और भोजन को लेकर किसी तरह का भेदभाव न करें। थाली में कम भोजन परोसें और खत्म करने का दबाव न डालें। भोजन से पहले बच्चों की एलर्जी या परहेज के बारे में पूछ लें। 6 महीने से छोटे शिशुओं को हलवा, पूरी या चने जैसे ठोस आहार न दें।
image credit-ai
5- कन्या का सम्मान करें
कई लोग कन्या पूजन को सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान मानते हैं, लेकिन इसका एक सामाजिक पक्ष भी है। इस दिन बच्चियों का सम्मान करने से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता का भाव बढ़ता है। इसलिए भोजन के साथ-साथ उनकी शिक्षा और सुरक्षा के बारे में सोचना भी पूजन के पुण्य को और बढ़ा देता है।
6- निमंत्रण और बटुक भैरव का पूजन
कन्या पूजन के लिए कन्याओं और उनके परिवार को एक दिन पहले ही समय की जानकारी दे दें। इससे तैयारी में आसानी रहती है। अपनी पारिवारिक परंपरा के अनुसार कन्याओं के साथ एक बालक को बटुक भैरव के प्रतीक के रूप में जरूर आमंत्रित करें। कन्याओं के साथ उस बालक का भी पूजन और भोजन कराएं।
कन्या पूजन में न दें ये चीजें
कन्या पूजन में बच्चों को गिफ्ट देते वक्त इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
- प्लास्टिक के खिलौने न दें।
- काले रंग के तोहफे न दें।
- कोई नुकीली चीज न दें।
- हर किसी को एक जैसा गिफ्ट ही दें।
यह भी पढ़ें- नवरात्रि में कंजकों को देने हैं खास गिफ्ट? दिल्ली की इन मार्केट में थोक भाव पर मिलेंगी कई चीजें
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit-ai
