त्योहारों का मजा केवल स्वादिष्ट पकवानों और खूबसूरत सजावट में ही नहीं बल्कि अपनों के साथ बिताए गए खुशनुमा पलों में भी छुपा होता है। जब दिवाली जैसे त्योहारों में घर में कार्ड पार्टी होती है या परिवार के साथ खास डिनर का आयोजन होता है तो एक खूबसूरती से सजा हुआ डाइनिंग टेबल पूरे माहौल को आकर्षक बनाने का काम करता है। टेबलस्केप यानी टेबल की सजावट किसी भी डिनर पार्टी में एक अहम भूमिका निभाती हैं और मेहमानों के साथ अपनापन जोड़ने का काम भी करती हैं।
ऐसे में अगर आपको समझ नहीं आ रहा है कि कार्ड पार्टी और फैमिली डिनर के लिए टेबल को कैसे सजा सकते हैं, तो नीचे 5 आसान तरीकों के बारे में बताया गया है जिनकी मदद से आप बिना ज्यादा खर्च के आराम से मेहमानों के स्वागत के लिए माहौल तैयार कर सकती हैं।
टेबल क्लॉथ और रनर से बढ़ाएं कार्ड पार्टी और फैमिली डिनर की रौनक
टेबल क्लॉथ या टेबल रनर डाइनिंग टेबल की सजावट में खास महत्व रखते हैं। जब घर में लोग खाने की मेज पर बैठते हैं तो ये उस जगह को और अधिक खास बनाने में मदद करते हैं। दिवाली के समय फैमिली डिनर के लिए सफेद, बेज, पेस्टल, लाइट पिंक जैसे कॉटन या लिनेन टेबल क्लॉथ बढ़िया रहेंगे। इनके साथ आकर्षक शोपीस आपकी टेबल की खूबसूरती में जान भरने में मदद करेंगे। वहीं, कार्ड पार्टी के लिए आप थीम आधारित कोई भी चमकीले लाल या सुनहरे रंग का टेबल रनर चुन सकते हैं जो माहौल को चुलबुला बनाने में मदद करेगा।
क्रॉकरी सेट के साथ फैमिली डिनर बनेगी मजेदार
जब बात आती है परिवार के साथ डिनर पार्टी करने की तो भला क्रॉकरी सेट को कैसे भूला जा सकता है। आप एक ही रंग जैसे सादे व्हाइट या पेस्टल कलर के सिरेमिक सेट के साथ रंग-बिरंगे नैपकिन या टेबल मैट का इस्तेमाल कर सकते हैं जो डाइनिंग टेबल पर शाही अंदाज में नजर आएगा। आप क्रॉकरी के साथ-साथ मैचिंग चम्मच, कांच के ग्लास और कटोरियां रख सकते हैं। इनके बीचों-बीच गुलदस्ता या कैंडल होल्डर रखना आपके घर को एकदम रेस्टोरेंट जैसा दिखा सकता है।
मोमबत्तियों और लाइटिंग से बनाएं खुशनुमा माहौल
रोशनी किसी भी फंक्शन के माहौल को खास बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। टेबल पर छोटी-छोटी मोमबत्तियां, ग्लास कैंडल होल्डर और फेयरी लाइट्स इस्तेमाल करके खूबसूरत सजावट की जा सकती है। शाम की कार्ड पार्टी या फैमिली डिनर के लिए सॉफ्ट और वार्म लाइटिंग अच्छा विकल्प मानी जाती है। आप टेबल के आसपास छोटी लैंप लाइट्स या सजावटी लाइट्स भी लगा सकते हैं। बस आप यह ध्यान रखें कि मोमबत्तियां खाने और कागज के कार्ड से सुरक्षित दूरी पर हों। इससे सजावट खूबसूरत होने के साथ-साथ सुरक्षित भी बनी रहेगी।
घर में ताजगी का माहौल बनाने के लिए फूलों का करें इस्तेमाल
यह तो हम जानते ही हैं कि फूल किसी भी सजावट में प्राकृतिक खूबसूरती और ताजगी जोड़ने का काम करते हैं। जब आप डिनर टेबल के बीच में ताजे फूलों का छोटा गुलदस्ता, हरी पत्तियां या खूबसूरत फूलदान रखेंगे तो आपका टेबलस्केप और भी आकर्षक नजर आएगा। गुलाब, गेंदा, लिली जैसे फूल सजावट के लिए काफी सही माने जाते हैं। वहीं, अगर आपको या आपके परिवार के किसी सदस्य को फूलों से एलर्जी है तो आप आर्टिफिशियल फूलों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं जो बिना किसी सुगंध के आते हैं और इन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
पर्सनल टच और स्मार्ट अरेंजमेंट से सजावट करें पूरी
टेबलस्केप को यादगार बनाने का सबसे अच्छा तरीका उसमें पर्सनल टच जोड़ना माना जाता है। जी हां, आप मेहमानों के नाम वाले छोटे कार्ड, खूबसूरत मेन्यू कार्ड, छोटे गिफ्ट बॉक्स या हाथ से लिखे वेलकम कार्ड को अपनी टेबल पर रखकर उसकी सजावट को और अधिक खास बना सकते हैं। वहीं, कार्ड पार्टी के लिए ताश के पत्तों जैसे छोटे डेकोरेशन पीस भी एक दिलचस्प थीम तैयार कर सकते हैं। अगर बच्चे भी आपकी डिनर पार्टी में शामिल हैं तो आप उनकी पसंद का भी ध्यान रख सकते हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
