शादी की तैयारियों में कपड़ों से लेकर सजावट और मेहमानों की लिस्ट तक कई चीजों पर खर्च होता है। इन्हीं में से एक है शादी का कार्ड। बाजार में डिजाइनर वेडिंग कार्ड की कीमत कई बार इतनी ज्यादा होती है कि सिर्फ कार्ड बनवाने में ही हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं। क्या आपको पता है कि इसके लिए आपको किसी डिजाइनर के पास जाने की जरूरत नहीं है। आप थोड़ी क्रिएटिविटी और मोबाइल या लैपटॉप की मदद से अपना वेडिंग कार्ड तैयार कर सकती हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें आप अपनी पसंद के रंग, तस्वीरें, नाम और पारिवारिक रस्मों को भी शामिल कर सकती हैं।

आज के इस लेख में हम आपको 5 ऐसी आसान ट्रिक्स, जिनकी मदद से कम बजट में शानदार शादी का कार्ड बनाया जा सकता है।

शादी का कार्ड खुद से कैसे बनाएं?

अगर आप अपनी शादी या भाई के विवाह का इंविटेशन कार्ड बनाना चाहती हैं, तो इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। नीचे जानें पूरा प्रोसेस-

1. कैनवा से बनाएं कार्ड का डिजाइन

अगर आपको डिजाइनिंग की ज्यादा जानकारी नहीं है, तो Canva आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें पहले से कई वेडिंग कार्ड टेम्पलेट मौजूद होते हैं।

  • मोबाइल में Canva ऐप या वेबसाइट खोलें।
  • सर्च बार में Wedding Invitation लिखें।
  • अपनी पसंद का टेम्पलेट चुनें।
  • दूल्हा-दुल्हन का नाम, शादी की तारीख और जगह बदलें।
  • अपनी पसंद के हिसाब से रंग और फॉन्ट चुनें।

इसका फायदा यह है कि आपको शुरुआत से डिजाइन बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। तैयार टेम्पलेट में चेंज करके कुछ ही समय में कार्ड तैयार हो सकता है।

2. दो या तीन रंगों का ही करें इस्तेमाल

शादी का कार्ड खूबसूरत बनाने के लिए उसमें बहुत सारे रंग भरना जरूरी नहीं है। ज्यादा रंग और अलग-अलग फॉन्ट कार्ड को भरा हुआ दिखा सकते हैं। इसके बजाय दो या तीन रंगों का कॉम्बिनेशन चुनें। उदाहरण के लिए मैरून और गोल्डन, क्रीम और लाल या पेस्टल पिंक और गोल्डन का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर शादी का कार्ड पारंपरिक अंदाज में बनाना चाहती हैं, तो लाल और सुनहरे रंग के साथ हल्के फूलों या बेलों का डिजाइन अच्छा लगेगा।

3. परिवार की कहानी को बनाएं कार्ड का हिस्सा

कार्ड को खास बनाने के लिए उसमें सिर्फ नाम और तारीख लिखने के बजाय परिवार से जुड़ी छोटी-सी पहचान भी जोड़ सकते हैं। जैसे परिवार का पारंपरिक चिन्ह, गांव या शहर का नाम, कोई खास पारिवारिक प्रतीक या दूल्हा-दुल्हन के नाम के शुरुआती अक्षरों से बना मोनोग्राम। इसके लिए Canva में Elements का विकल्प चुनें और अपनी पसंद के फूल, पत्तियां, मंडप या गणेश जी के चित्र जोड़ें। ध्यान रखें कि डिजाइन इतना भरा हुआ न हो कि जरूरी जानकारी पढ़ने में परेशानी हो।

4. कार्ड में जानकारी लिखने का रखें सही तरीका

अच्छा डिजाइन तभी काम आएगा, जब कार्ड में दी गई जानकारी स्पष्ट हो। इसलिए कार्ड बनाते समय सबसे पहले जरूरी जानकारियां लिख लें। अगर तिलक, हल्दी, संगीत और रिसेप्शन अलग-अलग दिन हैं, तो उनके लिए अलग पेज तैयार करें। इससे मेहमानों को किसी तरह की उलझन नहीं होगी।

  • दूल्हा-दुल्हन का पूरा नाम
  • माता-पिता और परिवार के सदस्यों के नाम
  • शादी की तारीख और समय
  • विवाह स्थल का पूरा पता
  • अन्य रस्मों की तारीख और समय

5. प्रिंट कराने से पहले चेक करें ये डिटेल्स

डिजाइन तैयार होने के बाद सीधे प्रिंट न कराएं। पहले उसे PDF फॉर्मेट में डाउनलोड करें और एक बार मोबाइल के अलावा कंप्यूटर पर भी खोलकर देखें। सभी नामों की स्पेलिंग, तारीख, समय और पते की जांच करें। प्रिंट के लिए मोटा मैट पेपर, टेक्सचर्ड पेपर या अपनी पसंद का कार्ड स्टॉक चुन सकते हैं। पहले एक सैंपल प्रिंट निकलवाएं। इससे आपको पेपर की क्वालिटी, रंग और अक्षरों की स्पष्टता का अंदाजा मिल जाएगा। प्रिंटिंग के लिए कार्ड का सही साइज और प्रिंट क्वालिटी भी जरूर जांचें।

डिजिटल कार्ड बनाना भी आसान

अगर आप कम खर्च में ज्यादा लोगों तक निमंत्रण पहुंचाना चाहती हैं, तो कार्ड का डिजिटल वर्जन भी तैयार करें। Canva से इसे JPG या PDF में डाउनलोड करके WhatsApp पर भेज सकती हैं। इस तरह बुजुर्ग रिश्तेदारों के लिए प्रिंटेड कार्ड और बाकी मेहमानों के लिए डिजिटल कार्ड का विकल्प रख सकती हैं।

शादी का कार्ड सिर्फ निमंत्रण नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों की झलक दिखाई देती है। इसलिए महंगे डिजाइन पर पैसे खर्च करने के बजाय आप अपने हिसाब उसे डिजाइन कर सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।

Image Credit-ai (main image)