पहले के समय में महिलाओं के लिए पढ़ाई, नौकरी और अपने काम को पहचान दिलाना आसान नहीं था। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपने काम से यह साबित कर दिया कि उस समय भी वह पुरुषों से कम नहीं थी। जब भी हम दुनिया की खूबसूरत और ऐतिहासिक इमारतों की बात करते हैं, तो अक्सर हमारे मन में बड़े-बड़े पुरुष आर्किटेक्ट के नाम आते हैं। लोगों को लगता है कि यह ऐसा काम है, जिसे पुरुष ही अच्छे से करते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। सच यह है कि दुनिया में कई शानदार और मशहूर इमारतों को महिलाओं ने भी डिजाइन किया था। आज के इस आर्टिकल में हम उन ऐतिहासिक इमारतों के बारे में विस्तार से बताएंगे, जिसे महिलाओं द्वारा डिजाइन दिया गया है।

1- हैदर अलीयेव सेंटर

यह इमारत अजरबैजान की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक माना जाता है। हैदर अलीयेव सेंटर की आधिकारिक वेबसाइट heydaraliyevcenter.az  के अनुसार इसका डिजाइन डेम जाहा मोहम्मद हदीद ने बनाया था। डेम जाहा इराकी-ब्रिटिश वास्तुकार, कलाकार और डिजाइनर थीं। उनके द्वारा बनाए गए ज्यादातर डिजाइंस घुमावदार आकार के होते थे। आपको उनके डिजाइन में सीधी दीवारों वाली इमारतें बहुत कम देखने को मिलेगी। हैदर अलीयेव सेंटर का डिजाइन भी ऐसा ही है। इसका बाहरी हिस्सा भी घुमावदार डिजाइन में बना है, इसलिए यह दूर से ही नजर आ जाता है। आज के समय में इस इमारत का यूज सांस्कृतिक कार्यक्रम और अलग-अलग सम्मेलन के लिए किया जाता है।

डेम जाहा मोहम्मद (Dame Zaha Mohammad Hadid) को साल 2004 में प्रित्जकर आर्किटेक्चर पुरस्कार भी मिला है। इसे वास्तुकला के क्षेत्र में सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।

इसे भी पढ़ें- क्यों पहले मिट्टी-गोबर से लीपे जाते थे घर? जानें इसके पीछे की असली वजह

डेम जाहा मोहम्मद द्वारा डिजाइन की गई ऐतिहासिक इमारतें

  • ग्वांगझोऊ ओपेरा हाउस (चीन)
  • लंदन एक्वेटिक्स सेंटर (लंदन, यूके)
  • विट्रा फायर स्टेशन (जर्मनी)

2- 21वीं सदी का समकालीन कला संग्रहालय

यह इमारत जापान के कानाजावा शहर में स्थित है। इस संग्रहालय का डिजाइन दिखने में आपको बिल्कुल सिंपल लगेगा, लेकिन यह जापान की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक माना जाता है। कानाजावा की आधिकारिक वेबसाइट www.kanazawa21 के अनुसार इसका डिजाइन महिला वास्तुकार काजुयो सेजिमा (Kazuyo Sejima) ने बनाया था। इमारत का डिजाइन गोल है और बाहर की दीवारें शीशें की बनी हुई है। इस इमारत से बाहर से अंदर और अंदर से बाहर का नजारा आसानी से देखा जा सकता है। दिन के समय धूप सीधे कांच से अंदर आती है, जिससे कम बिजली की जरूरत पड़ती है।

काज़ुयो सेजिमा द्वारा डिजाइन की गई ऐतिहासिक इमारतें

  • लौवर-लेंस
  • न्यूयॉर्क का न्यू म्यूजियम
  • स्विट्जरलैंड का रोलेक्स लर्निंग सेंटर

3- हर्स्ट कैसल

हर्स्ट कैसल अमेरिका में स्थित एक खूबसूरत ऐतिहासिक इमारत है। हर्स्ट कैसल की आधिकारिक वेबसाइट hearstcastle.org के अनुसार इसका डिजाइन महिला वास्तुकार जूलिया मॉर्गन (Julia Morgan) ने बनाया था। यह साल 1919 में बनी एक ऐसी इमारत है, जिसमें आपको स्पेनिश और यूरोपीय वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी। इस महल की सबसे बड़ी खासियत इसका नेपच्यून पूल (Neptune Pool) है, जो सफेद संगमरमर से बनाया गया है। जिसकी दीवारों और छत पर नीले और सुनहरे रंग की टाइलें लगाई गई हैं। हर साल लाखों लोग इसकी भव्यता, सुंदर वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व को देखने आते हैं।

इसे भी पढ़ें- राजा-महाराजाओं के महलों में क्यों बनाए जाते थे छोटे-छोटे झरोखे? जानें वजह

जूलिया मॉर्गन द्वारा डिजाइन की गई ऐतिहासित इमारतें

  • असिलोमर कॉन्फ्रेंस ग्राउंड्स
  • बर्कले सिटी क्लब
  • ओकलैंड में स्थित
  • चैपल ऑफ द चाइम्स

दुनिया के इन ऐतिहासिक इमारतों की जानकारी ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर आधारित है। इनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने के लिए आप वेबसाइट के लिंक पर क्लिक कर सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific, wikipedia