मिलीबग छोटे और सफेद रंग के कीड़े होते हैं जो आमतौर पर गुड़हल के पौधे में लग जाते हैं और पूरे पौधे को खराब कर देते हैं। ये कीड़े पौधे से निकलने वाले रस से ज्यादा पनपते हैं और धीरे-धीरे बड़े होने लगते हैं। यह रस पौधों के रक्त के समान होता है क्योंकि यह पौधे के विभिन्न भागों तक आवश्यक ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचाता है। हालांकि, जब मिलीबग पौधे के रस पर पलते बढ़ते हैं, तो वो पौधे की जीवन शक्ति को सोख लेते हैं और हरा-भरा पौधा भी जल्दी ही सूखने लगता है। अगर आपके गुड़हल के पौधे में भी मिलीबग लग गए हैं, तो आप कुछ आसान स्प्रे तैयार करके इस समस्या को दूर कर सकती हैं। आइए जानें कैसे तैयार किया जा सकता है गुड़हल से मिलीबग दूर करने वाला स्प्रे।
कीटनाशक साबुन का करें छिड़काव
कीटनाशक साबुन के लिए आप बाजार में मिलने वाले प्रोडक्ट चुन सकती हैं। इसके लिए आप ऐसा साबुन चुनें जिसमें कोई भी ऐसा तत्व मौजूद न हो जो पौधों को खराब करे। इसके लिए आप डिश वॉश लिक्विड सोप का इस्तेमाल कर सकती हैं। आइए जानें कैसे तैयार किया जा सकता है नेचुरल स्प्रे।
- इस तरह का स्प्रे तैयार करने के लिए आप 2 लीटर पानी में 1 चम्मच डिश सोप मिलाकर इसे अच्छी तरह से मिक्स करें।
- एक स्प्रे बोतल में इसे भरें और अच्छी तरह से मिक्स करके कीटनाशक स्प्रे तैयार करें।
- साबुन के इस घोल का स्प्रे पौधे के सभी हिस्सों में करें। इसे पत्तियों के नीचे के हिस्से में भी डालें।
- इस स्प्रे को आप नियमित रूप से पौधे के उन हिस्सों में स्प्रे करें जहां मिलीबग लगा हुआ है।
- इस प्रक्रिया को आप हफ्ते में एक बार जरूर करें। इससे धीरे-धीरे गुड़हल के पौधे में लगे मिलीबग पूरी तरह से दूर हो जाते हैं और दोबारा पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं।
गुड़हल के कीड़ों के लिए नीम के तेल का बनाएं स्प्रे
नीम के तेल को एक जैविक कीटनाशक माना जाता है। अगर आपके गुड़हल के पौधे में मिलीबग लग जाएं तो आप नीम के तेल से एक कीटनाशक स्प्रे बना सकती हैं।
- सबसे पहले आप एक चम्मच डिश वॉश लिक्विड और पानी के साथ दो चम्मच नीम का तेल मिलाएं।
- इसे एक स्प्रे बोतल में भरकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- नीम के तेल से बने स्प्रे का छिड़काव आप गुड़हल के पौधों पर सुबह या शाम के समय करें।
- नीम के तेल में मौजूद प्राकृतिक पदार्थ मिलीबग की संख्या को बढ़ने से रोकते हैं और जो कीड़े पेड़ में पहले से मौजूद हैं उन्हें पौधे से दूर करने में मदद करते हैं।
- इस प्रक्रिया को हर सात दिन में दोहराएं जिससे कीटों का लाइफ साइकिल ही खत्म हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Gardening Hacks: मई-जून की गर्मी में उगा सकते हैं गुड़हल का पौधा, इन 3 बेसिक बातों का रखें ध्यान
अगर आपके भी गुड़हल के पौधे में सफेद कीड़ों यानी मिलीबग ने अटैक कर दिया है, तो आप यहां बताए स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Magnipik.com, Shutterstock.com
