कार्तिक महीने का इंतजार हर साल भक्तों को रहता है। चार महीने की लंबी नींद के बाद भगवान विष्णु जागते हैं और इसी के साथ शादी-ब्याह और मांगलिक कामों की शुरुआत हो जाती है। इस बार भी लोगों के मन में एक ही सवाल है, देव उठनी एकादशी 20 नवंबर को है या 21 नवंबर को।

किस तारीख को होगा तुलसी विवाह?

तुलसी विवाह को लेकर भी घर-घर में कंफ्यूजन है। कोई कह रहा है विवाह एकादशी की शाम को होगा, तो कोई कह रहा है द्वादशी को होगा। यहां हम आपको सभी परंपराओं के हिसाब से सही डेट, तिथि, पारण का समय और पूजा की पूरी विधि बता रहे हैं, ताकि आपको भटकना न पड़े। आइए पंडित अरुणेश कुमार शर्मा से जानते हैं, इन त्योहारों की सही तिथि।

देवउठनी एकादशी 2026 कब है?

देवउठनी एकादशी को देवुत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। यह दिन भगवान विष्णु के जागने का दिन माना जाता है। इस साल ज्यादातर घरों में देवउठनी 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी। एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह तक रहेगी। जो लोग वैष्णव परंपरा को मानते हैं, वो व्रत 21 नवंबर 2026 को रख सकते हैं। इसे गौण एकादशी कहा जाता है।

Photo Credit: Pinterest (Sprituality)

एकादशी तिथि और शुभ मुहूर्त

भक्तों को पूजा के लिए सही समय पता होना बहुत जरूरी है। नीचे दिए गए समय के हिसाब से आप पूजा कर सकते हैं।

एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी।

गोधूलि बेला- भगवान को जगाने का समय, 20 नवंबर, शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक

प्रदोष काल- 20 नवंबर, शाम 5:25 बजे से रात 8:06 बजे तक

ब्रह्म मुहूर्त- 20 नवंबर, सुबह 5:00 बजे से 5:53 बजे तक

गोधूलि बेला में ही भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा है। इस समय घर में दीपक जलाना बहुत शुभ माना जाता है।

व्रत का पारण कब करें?

व्रत रखने के बाद पारण सही समय पर करना जरूरी होता है। अगर आप 20 नवंबर को व्रत रख रहे हैं तो पारण अगले दिन करना होगा।
21 नवंबर को पारण दोपहर 1:10 मिनट से 3:18 मिनट तक रहेगा।

पारण से पहले भगवान को भोग लगाएं और फिर किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद को भोजन कराना शुभ माना जाता है।

देवउठनी एकादशी की पूजा विधि

  • सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। पूजा वाली जगह को अच्छे से साफ करें।
  • एक चौकी पर पीला कपड़ा बिछाएं। उस पर भगवान विष्णु की मूर्ति या फोटो या शालिग्राम शिला को रखें। घी का दीपक और अगरबत्ती जलाएं।
  • भगवान को पीले फूल, तुलसी के पत्ते, फल, मिठाई और पंचामृत चढ़ाएं। पंचामृत दूध, दही, शहद, चीनी और घी से बनता है।
  • इसके बाद रोली, अक्षत, चंदन और तुलसी दल अर्पित करें। "ऊं नमो भगवते वासुदेवाय" मंत्र का जाप करें और विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।
  • पूजा के समय संकल्प लें कि आप शुद्ध मन से एकादशी व्रत रखेंगे और भगवान से अपने परिवार की खुशहाली की कामना करें।

देव उठनी एकादशी का महत्व क्या है?

ऐसा माना जाता है कि भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी को योगनिद्रा में जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है। चातुर्मास में शादी, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे शुभ काम नहीं किए जाते। देव उठनी एकादशी के बाद ही ये सभी काम फिर से शुरू होते हैं। इसलिए इस एकादशी का इंतजार हर घर में रहता है। इस दिन व्रत रखने से पापों से मुक्ति मिलती है और घर में सुख-शांति आती है, ऐसी मान्यता है।

Photo Credit: Pinterest (ushasri)

तुलसी विवाह 2026 कब है?

तुलसी विवाह हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन तुलसी माता का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम रूप से कराया जाता है। इस साल तुलसी विवाह शनिवार, 21 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। हालांकि, कई परिवार देव उठनी एकादशी की शाम यानी 20 नवंबर को ही तुलसी विवाह कर लेते हैं। दोनों ही परंपराएं सही मानी जाती हैं। आप अपने घर की परंपरा के हिसाब से ही विवाह करें।

तुलसी विवाह के दिन तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। लाल चुनरी, चूड़ियां, सिंदूर और फूलों से सजावट की जाती है। शालिग्राम को दूल्हा बनाकर पूरे विधि-विधान से फेरे कराए जाते हैं।

इस साल देव उठनी एकादशी 20 नवंबर को और तुलसी विवाह 21 नवंबर को मनाया जाएगा। आप चाहे किसी भी परंपरा को मानें, मन की श्रद्धा ही सबसे बड़ी है। समय पर पूजा करें, तुलसी विवाह धूमधाम से मनाएं और भगवान विष्णु का आशीर्वाद लें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।