आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में देर रात काम से घर लौटना हो या किसी अनजान शहर में अकेला आना जाना हमारी रूटीन का एक अहम हिस्सा बन चुका है। इसके साथ ही हर महिला के मन में अपनी सुरक्षा को लेकर एक अनजाना डर और चिंता हमेशा बनी रहती है। अच्छी बात यह है कि आज के डिजिटल दौर में हमारा स्मार्टफोन ही हमारी सुरक्षा का सबसे बड़ा साधन भी है।
किसी भी घटना या आपातकालीन स्थिति का इंतजार करने के बजाय, अगर हम कैब में कदम रखने से पहले और राइड के दौरान अपने फोन की कुछ खास सेटिंग्स ऑन रखें और छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो हमारी हर राइड स्ट्रेस फ्री बन सकती है। आइए दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट मुफ्ती उसामा नदवी से उन फोन की सेटिंग्स के बारे में जानते हैं जो हर महिला की राइड को सेफ बना सकती हैं।
कैब में बैठते ही फोन में ऑन करनी चाहिए ये सेटिंग्स
जब भी आप किसी कैब में बैठती हैं, तो आपकी सुरक्षा की शुरुआत उसी पल से हो जाती है। सुरक्षा का मतलब केवल डरना नहीं बल्कि पहले से सतर्क और तैयार रहना है। राइड के दौरान लाइव लोकेशन व ट्रिप-शेयरिंग जैसे फीचर्स का सही इस्तेमाल किया जाए, तो किसी भी खतरे को समय रहते टला जा सकता है।
Photo Credit: Magnific
1. लाइव लोकेशन शेयर करें
कैब में बैठने के तुरंत बाद अपने परिवार के किसी सदस्य (जैसे मम्मी पापा या भाई बहन) या किसी दोस्त को अपनी लाइव लोकेशन तुरंत भेजें। इसके लिए आप व्हाट्सएप के Share Live Location फीचर या गूगल मैप्स का उपयोग कर सकती हैं। इससे आपके घर वालों को लगातार यह पता रहेगा कि आप इस समय किस रास्ते पर और कहां पहुंच चुकी हैं। जब आप लोकेशन शेयर करें, तो टाइम का ख्याल रखें। इसे केवल कुछ मिनटों के लिए नहीं, बल्कि पूरी राइड की टाइमिंग के लिए सेट करें।
2. इमरजेंसी SOS (Emergency SOS) फीचर तैयार रखें
कैब में बैठने से पहले किसी भी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय इस फीचर को अपने फोन की सेटिंग्स (Settings- Safety & Emergency) में जाकर पहले से चालू करके रखें। ऐसा करने से आपको एमरजेंसी में मैसेज टाइप करने या नंबर डायल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस फीचर के अंदर अपने परिवार के लोगों या किसी बेहद करीबी दोस्त का नंबर सेव करें। SOS सेटिंग्स में लोकेशन शेयरिंग और ऑटोमैटिक अलर्ट मैसेज का ऑप्शन हमेशा ऑन रखें। इससे जैसे ही आप SOS क्लिक करेंगी, आपके अपनों के पास एक मैसेज चला जाएगा जिसमें लिखा होगा कि आप मुसीबत में हैं। साथ ही आपकी मौजूदा लोकेशन का लिंक भी उनके पास पहुंच जाएगा।
3. ट्रिप शेयर फीचर (Trip Share Feature) ऑन करें
जब आप ओला, उबर या किसी भी अन्य कैब में बैठती हैं तो राइड शुरू होने पर Share Trip या Share Ride का ऑप्शन आता है, जिसका यूज आपको करना चाहिए। इस ऑप्शन की मदद से आप अपनी राइड की पूरी जानकारी, गाड़ी का नंबर, ड्राइवर का नाम और उसका रेटिंग स्कोर अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति को भेज सकती हैं। यदि ड्राइवर आपको किसी गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश करेगा तो इस सेटिंग के जरिए आपके जानने वाले को तुरंत पता चल जाएगा।
अगर कुछ गलत महसूस हो तो तुरंत ये कदम उठाएं
अगर आपको सफर के दौरान किसी भी तरह का खतरा या असहजता महसूस होती है:
- अपनी अंतरात्मा (Instincts) को नजरअंदाज न करें।
- तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति को कॉल करें।
- अगर आप किसी भीड़भाड़ वाली या रोशनी वाली जगह पर हैं, तो तुरंत आवाज उठाकर मदद मांगें।
- कैब ऐप के आपातकालीन बटन (Emergency button) का उपयोग करें।
- तुरंत मदद पाने के लिए पुलिस आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करें।
Photo Credit: Magnific
कैब में सवार होने से ठीक पहले इन 4 बातों का ध्यान रखें
- कैब का नंबर ऐप से जरूर मिलाएं।
- चाइल्ड लॉक की जांच करें।
- हमेशा पिछली सीट (Back seat) पर बैठना पसंद करें।
- अपने फोन की बैटरी और इंटरनेट हमेशा चालू (ON) रखें।
सफर में सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि आत्मरक्षा की ओर एक बड़ा कदम है। टेक्नोलॉजी ने आज हर महिला को इतना समर्थ बना दिया है कि वह अपनी सुरक्षा का नियंत्रण खुद अपने हाथों में रख सकती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1792396375118_m.webp)