बेडरूम को खूबसूरत बनाने के लिए हमेशा नए फर्नीचर खरीदने या हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं होती। कई बार घर में रखी पुरानी चीजों को थोड़ा नया लुक देकर भी कमरे की पूरी रौनक बदली जा सकती है। अगर आपकी ड्रेसिंग टेबल भी पुरानी हो गई है, उसका रंग फीका पड़ गया है या वह अब पहले जैसी अच्छी नहीं दिखती, तो उसे हटाने की बजाय कुछ बदलाव करके इसे दोबारा से नया जैसा बना सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको कुछ सस्ती चीजों और आसान DIY आइडियाज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप अपनी पुरानी ड्रेसिंग टेबल को मॉडर्न, स्टाइलिश और खूबसूरत बना सकती हैं।
पुरानी ड्रेसिंग टेबल को नया लुक देने के लिए क्या करें?
पुरानी ड्रेसिंग टेबल को स्टाइलिश और मॉडर्न लुक देने के लिए आपको ज्यादा मेहनत या पानी जैसे पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान आइडियाज को फॉलो करके इसे बिल्कुल नया जैसा बना सकती हैं। जानें कैसे?
1.ड्रेसिंग टेबल पर लगाएं खूबसूरत वॉलपेपर
अगर आपकी ड्रेसिंग टेबल का रंग पुराना हो गया है, तो उसे नया लुक देने के लिए सेल्फ एडहेसिव वॉलपेपर का इस्तेमाल कर सकती हैं। बाजार में कई तरह के फ्लोरल, मार्बल, वुडन और मिनिमल डिजाइन वाले वॉलपेपर मिल जाते हैं। इन्हें ड्रेसिंग टेबल के ड्रॉअर या साइड वाले हिस्से पर चिपका सकती हैं। इससे बिना पेंटिंग के फर्नीचर का लुक पूरी तरह बदल जाएगा। ध्यान रखें कि वॉलपेपर लगाने से पहले सतह को अच्छी तरह साफ कर लें।
Image Credit-ai
2. पुराने हैंडल बदलकर दें मॉडर्न लुक
कई बार ड्रेसिंग टेबल पुरानी सिर्फ इसलिए दिखने लगती है क्योंकि उसके हैंडल घिस चुके होते हैं। ऐसे में पूरी टेबल बदलने की जगह उसके पुराने हैंडल निकालकर नए डिजाइन के हैंडल लगा दें। आप गोल्डन, ब्रास, ब्लैक या क्रिस्टल डिजाइन वाले हैंडल चुन सकती हैं। ये छोटे-छोटे बदलाव ड्रेसिंग टेबल को काफी महंगा और मॉडर्न लुक देते हैं। यह तरीका कम खर्च में फर्नीचर को नया बनाने का अच्छा विकल्प है।
Image Credit-ai
3. शीशे के आसपास लगाएं LED लाइट
ड्रेसिंग टेबल को स्टाइलिश बनाने के लिए उसके शीशे के आसपास LED स्ट्रिप लाइट लगा सकती हैं। आजकल बाजार में बैटरी और USB से चलने वाली LED लाइट भी आसानी से मिल जाती हैं। आप शीशे के चारों तरफ इसे लगाकर मेकअप कॉर्नर को खूबसूरत बना सकती हैं। वार्म व्हाइट लाइट कमरे को सॉफ्ट और क्लासी लुक देती है। इससे तैयार होते समय चेहरे पर रोशनी भी अच्छी पड़ती है।
4. पुराने स्टूल को दें करें मेकओवर
ड्रेसिंग टेबल के साथ रखा पुराना स्टूल भी उसकी खूबसूरती कम कर सकता है। इसे बदलने के लिए नया स्टूल खरीदना जरूरी नहीं है। आप पुराने स्टूल पर अपनी पसंद के रंग का कपड़ा लगाकर उसे नया लुक दे सकती हैं। अगर स्टूल की सीट सख्त है, तो उसके ऊपर फोम लगाकर कपड़े से कवर कर दें। पेस्टल, बेज, ग्रे या फ्लोरल प्रिंट वाला कपड़ा कमरे की सजावट के साथ अच्छा लगेगा।
Image Credit-ai
5. ड्रॉअर के अंदर लगाएं खूबसूरत लाइनर
ड्रेसिंग टेबल के ड्रॉअर को भी खूबसूरत और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। इसके लिए अंदर की सतह पर रंगीन पेपर या वॉशेबल ड्रॉअर लाइनर बिछाएं। इससे ड्रॉअर साफ रहेगा और उसमें रखी छोटी-छोटी चीजें भी आसानी से मिल जाएंगी। आप अलग-अलग ड्रॉअर में अलग डिजाइन के लाइनर लगा सकती हैं। इससे पुरानी ड्रेसिंग टेबल खोलने पर भी आपको एक नया एहसास होगा।
6. साइड में लगाएं छोटी फ्लोटिंग शेल्फ
अगर आपकी ड्रेसिंग टेबल पर मेकअप और स्किन केयर के सामान की वजह से जगह कम पड़ जाती है, तो उसके आसपास एक छोटी फ्लोटिंग शेल्फ लगा सकती हैं। इस पर परफ्यूम, छोटी क्रीम की बोतलें या रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजें रख सकती हैं। इससे टेबल का ऊपर वाला हिस्सा खाली और साफ दिखाई देगा। हालांकि, अगर आप किराए के कमरे में रहती हैं, तो दीवार में छेद करने की बजाय बिना ड्रिलिंग वाले शेल्फ का विकल्प चुनें।
Image Credit-ai
7. पुराने मिरर को दें नया फ्रेम
अगर ड्रेसिंग टेबल का शीशा ठीक है, लेकिन उसका फ्रेम पुराना दिखाई देता है, तो उसे सजाकर नया लुक दे सकती हैं। इसके लिए लकड़ी के हल्के बॉर्डर, डेकोरेटिव टेप या मिरर फ्रेम मोल्डिंग का इस्तेमाल करें। आप गोल्डन, वुडन या सफेद रंग का फ्रेम चुन सकती हैं। इससे शीशा पहले से ज्यादा आकर्षक लगेगा। ध्यान रखें कि शीशे के किनारों पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री अच्छी तरह चिपकी हो।
8. कम सामान से बनाएं खूबसूरत मेकअप कॉर्नर
ड्रेसिंग टेबल को सुंदर दिखाने के लिए उस पर ढेर सारी सजावटी चीजें रखने की जरूरत नहीं है। एक छोटी ट्रे में परफ्यूम, कंघी और रोजाना इस्तेमाल होने वाले सामान को व्यवस्थित रखें। इसके अलावा एक छोटा फूलदान, छोटा प्लांट या खूबसूरत ज्वेलरी स्टैंड रख सकती हैं। कोशिश करें कि टेबल पर ज्यादा सामान न हो। कम चीजों से की गई सजावट भी ड्रेसिंग टेबल को साफ-सुथरा और मॉडर्न लुक दे सकती है।
पुरानी ड्रेसिंग टेबल को नया बनाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
ड्रेसिंग टेबल का मेकओवर शुरू करने से पहले टेबल को अच्छी तरह साफ करें। अगर लकड़ी पर धूल, चिकनाई या पुरानी पॉलिश जमी है, तो उसे हटाना जरूरी है। इसके बाद ही वॉलपेपर, टेप या दूसरे सजावटी सामान लगाएं। साथ ही, कमरे की बाकी सजावट को ध्यान में रखकर ही रंग और डिजाइन चुनें। एक साथ सभी बदलाव करने की जरूरत नहीं है। शुरुआत हैंडल बदलने, लाइट लगाने या छोटे डेकोर से भी कर सकती हैं। इससे कम बजट में आपकी पुरानी ड्रेसिंग टेबल फिर से नई जैसी दिखने लगेगी।
इन तरीकों को अपनाकर आप पुरानी से पुरानी ड्रेसिंग टेबल को नया जैसा बना सकती हैं। मेकओवर होने के बाद बेकार दिखने वाली टेबल कमाल की नजर आने लगती हैं। साथ ही, पूरे बेडरूम की रौशन बढ़ा देता है।
Image Credit-ai
