देश की राजधानी दिल्ली में ऐसे कई बाजार हैं, जो सस्ते दाम और अच्छी क्वालिटी वाली चीजों के लिए जाने जाते हैं। ऐसा ही एक बाजार है जहां से आप सस्ते में कई इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स खरीद सकती हैं। हम बात कर रहे हैं दिल्ली के मशहूर गफ्फार मार्केट की, जो टेक प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। इस बाजार में आपको सेकंड हैंड स्मार्टफोन, रीफर्निश्ड लैपटॉप, स्मार्टवॉच से लेकर तरह-तरह की इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज आसानी से मिल जाएंगी।
करोल बाग में स्थित यह बाजार उत्तर भारत के इलेक्ट्रॉनिक सामान, एक्सेसरीज और आईटी गैजेट्स के लिए सबसे बड़ा हब माना जाता है। यहां आपको लैपटॉप टेबल, एल्युमिनियम लैपटॉप स्टैंड और वायरलेस कीबोर्ड-माउस कॉम्बो जैसी चीजें बजट में मिल सकती हैं। सामान सस्ते होने की वजह से चीजों को अच्छी तरह परख कर लेना ही फायदेमंद होता है। ऐसे में आइए जानते हैं गफ्फार मार्केट में पुराने गैजेट खरीदने से पहले उनकी क्वालिटी चेक कैसे करें?
डिस्प्ले और बॉडी की जांच करें
गफ्फार मार्केट में अच्छा सामान मिलने के साथ-साथ ओरिजिनल जैसे दिखने वाले डुप्लीकेट पार्ट्स, चोरी के सामान या अंदरूनी खराबी वाले इलेक्ट्रॉनिक्स भी देखने को मिल जाएंगे। अगर आप भी गफ्फार मार्केट से पुराना गैजेट खरीदने का प्लान बना रही हैं, तो गैजेट को अपने हाथ में लेकर उसका हर कोना गौर से देखें। अगर बॉडी पर कोई बड़ा डेंट, क्रैक या मुड़ा हुआ हिस्सा दिख रहा है, तो उसे लेने से बचें। इसके अलावा स्क्रीन की ब्राइटनेस पूरी बढ़ाकर कोई इमेज या वीडियो चलाकर देखें।
बैटरी हेल्थ और चार्जिंग पोर्ट का टेस्ट लें
जब भी आप इस बाजार से कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदें, तब उसकी बैटरी और चार्जिंग पोर्ट की जांच जरूर करें। इसके लिए आप फोन का कैमरा इस्तेमाल करके देखें या कोई हाई-डेफिनिशन वीडियो चलाएं। अगर बैटरी तुरंत 5 से 10 परसेंट कम हो जाती है, तो समझ जाइए कि बैटरी खराब हो चुकी है। इसके अलावा दुकान पर ही चार्जर मांगकर लगाकर देखें कि चार्जिंग पोर्ट ढीला या खराब तो नहीं है।
बिल, बॉक्स और आईडी प्रूफ जरूर मांगें
खरीदारी के समय यह भी जांच लें कि पुराना इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी का तो नहीं है। इसके लिए आप दुकानदार से पक्का बिल और डिब्बा मांग सकती हैं। अगर पुराना बिल नहीं है, तो दुकान का अपना जीएसटी बिल या मुहर लगी रिसीप्ट जरूर लें। इसके साथ ही दुकानदार का आईडी कार्ड या शॉप लाइसेंस की कॉपी भी अपने पास संभालकर रखें।
आईएमईआई नंबर और डायग्नोस्टिक टेस्ट करें
इन सभी के अलावा किसी भी परेशानी से बचने के लिए डायग्नोस्टिक कोड्स का इस्तेमाल जरूर करें। इसके लिए अपने फोन के डायल पैड में *#06# दबाकर स्क्रीन पर दिख रहा IMEI नंबर चेक करें और बिल में लिखे नंबर से मैच करें। सैमसंग या शाओमी जैसे ब्रांड्स के फोन में *#0*# डायल करके हार्डवेयर टेस्ट करें। अगर आईफोन है, तो सेटिंग्स में जाकर 'True Tone' एक्टिव है या नहीं यह जरूर चेक करें। साथ ही 'Parts & Service History' में किसी डुप्लीकेट पार्ट, डिस्प्ले या कैमरा की चेतावनी पर भी नजर रखें।
गफ्फार मार्केट तक कैसे पहुंचें?
अगर आप भी दिल्ली के इस मशहूर बाजार तक जाना चाहती हैं, तो करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट तक आसानी से पहुंच सकती हैं -
यहां आने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन 'करोल बाग' है, जो दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर है। मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 4 से बाहर निकलकर आप 5 मिनट में पैदल गफ्फार मार्केट की गलियों तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा आपको नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या आनंद विहार से कैब या सीधी डीटीसी बसें भी मिल जाएंगी, जो आपको इस बाजार तक पहुंचा देंगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के इन 3 बाजार से खरीदें सस्ते और टिकाऊ Trolley Bags, जानें कहां मिलेगा बेस्ट कलेक्शन
निष्कर्ष:गफ्फार मार्केट दिल्ली के सबसे पुराने बाजारों में से एक है। यहां से रीफर्निश्ड गैजेट खरीदना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन सामान खरीदते समय पूरी सतर्कता बरतना बहुत जरूरी है। ऐसे में अगर आप भी इस बाजार का दीदार करना चाहती हैं, तो खरीदारी करते समय ऊपर बताई गई बातों और क्वालिटी चेक्स का खास ध्यान रखें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
(image credit: magnific)
-1789994761877_m.webp)