धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। यही वजह है कि इस दिन बाजारों में गहनों की खरीदारी के लिए खूब भीड़ उमड़ती है। कोई सोने की खूबसूरत चेन खरीदना चाहता है, तो किसी को चांदी की पायल और बिछिया पसंद आती है। वहीं, कुछ महिलाएं त्योहार और शादी के लिए खूबसूरत आर्टिफिशियल ज्वेलरी तलाशती हैं। अगर आप भी इस धनतेरस अपने लिए कुछ खास खरीदने की सोच रही हैं, तो दिल्ली के इन 5 मशहूर बाजारों का रुख कर सकती हैं। यहां आपको पारंपरिक गहनों से लेकर लेटेस्ट डिजाइन तक मिल जाएंगे।
दिल्ली के ये मार्केट हैं बेस्ट
त्योहारों के मौसम में महिलाओं की खरीदारी की लिस्ट में कपड़ों के साथ ज्वेलरी भी जरूर शामिल होती है। खासकर धनतेरस पर सोने और चांदी के गहने खरीदने का अलग ही उत्साह रहता है। सही डिजाइन और बजट में पसंदीदा ज्वेलरी मिलना भी जरूरी है। दिल्ली में ऐसे कई बाजार हैं, जहां एक ही जगह पर आपको सोने, चांदी, कुंदन और ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी की ढेरों वैरायटी मिल सकती हैं। आइए जानते हैं दिल्ली के उन 5 बाजारों के बारे में, जहां आप धनतेरस की खरीदारी के लिए जा सकती हैं।
1. चांदनी चौक का दरिबा कलां मार्केट
दरिबा कलां दिल्ली के सबसे पुराने और मशहूर गहनों के बाजारों में शामिल है। यह बाजार खासतौर पर चांदी की ज्वेलरी के लिए जाना जाता है। यहां आपको चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां, झुमके, हार और पारंपरिक डिजाइन वाले गहने मिल जाएंगे। इसके अलावा सोने, मोती और दूसरे कीमती पत्थरों से बने गहनों की दुकानें भी हैं। अगर आप धनतेरस पर चांदी के पारंपरिक गहने खरीदना चाहती हैं, तो यह बाजार अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यहां खरीदारी करते समय गहनों की शुद्धता, वजन और मेकिंग चार्ज जरूर जांचें। यहां पहुंचने के लिए चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन सबसे सुविधाजनक है।
Photo Credit: Pinterest (aniiee)
2. करोल बाग का बैंक स्ट्रीट मार्केट
बैंक स्ट्रीट सोने, हीरे और शादी की ज्वेलरी खरीदने के लिए काफी मशहूर है। यहां कई पुराने और प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम मौजूद हैं। आप यहां सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके और कुंदन के खूबसूरत सेट देख सकती हैं। अगर आप धनतेरस या दिवाली के मौके के लिए गहने खरीदना चाहती हैं, तो इस बाजार में कई डिजाइन मिल जाएंगे। यहां एक से ज्यादा दुकानों पर कीमत और मेकिंग चार्ज की तुलना करना फायदेमंद रहेगा। करोल बाग मेट्रो स्टेशन से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।
3. लाजपत नगर का सेंट्रल मार्केट
अगर आप कम बजट में खूबसूरत और ट्रेंडी ज्वेलरी खरीदना चाहती हैं, तो लाजपत नगर का सेंट्रल मार्केट अच्छा ऑप्शन है। यहां आपको आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुंदन सेट, चूड़ियां, कलीरे, झुमके और नेकलेस की कई वैरायटी मिल जाएगी। इस बाजार की खास बात यह है कि यहां कपड़ों और ज्वेलरी की खरीदारी एक साथ कर सकती हैं। आप अपने सूट, साड़ी या लहंगे से मैच करती ज्वेलरी भी आसानी से तलाश सकती हैं। लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन से बाजार पहुंचना आसान है।
Photo Credit: Pinterest (chetan29)
4. साउथ एक्सटेंशन मार्केट
अगर आप प्रीमियम और डिजाइनर ज्वेलरी खरीदना चाहती हैं, तो साउथ एक्सटेंशन जा सकती हैं। यहां सोने, हीरे और कुंदन के गहनों के कई बड़े शोरूम हैं। बाजार के पार्ट-1 और पार्ट-2 में आपको पारंपरिक से लेकर मॉडर्न डिजाइन तक देखने को मिल जाएंगे। यहां आप सगाई की अंगूठी, सोने के हार, डायमंड इयररिंग्स और शादी के लिए खास ज्वेलरी खरीद सकती हैं। यहां खरीदारी के दौरान गहनों की कीमत के साथ उनकी शुद्धता और सर्टिफिकेट की जानकारी जरूर लें। साउथ एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन यहां पहुंचने का सुविधाजनक रास्ता है।
5. जनपथ मार्केट
धनतेरस पर अगर आप कम कीमत में खूबसूरत फैशन ज्वेलरी खरीदना चाहती हैं, तो जनपथ मार्केट जरूर जाएं। यहां ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चंकी रिंग्स, रंग-बिरंगी मोतियों वाली ज्वेलरी, ट्राइबल नेकलेस और चूड़ियों की अच्छी वैरायटी मिलती है। जनपथ के पास मौजूद तिब्बती मार्केट में भी चांदी के गहने और पारंपरिक डिजाइन की एक्सेसरीज मिलती हैं। यहां खरीदारी करते समय मोलभाव करना न भूलें। साथ ही ज्वेलरी की पॉलिश, स्टोन और फिनिशिंग अच्छी तरह जांच लें। जनपथ मेट्रो स्टेशन से यहां आसानी से पहुंच सकती हैं।
Photo Credit: Pinterest (myblog)
धनतेरस पर ज्वेलरी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
- सोने के गहने खरीदते समय BIS हॉलमार्क और उसकी शुद्धता जरूर जांचें।
- गहनों का वजन, मेकिंग चार्ज और पत्थरों की कीमत अलग-अलग पूछें।
- खरीदारी के बाद पक्का बिल जरूर लें।
- चांदी के गहने खरीदते समय उनकी शुद्धता और वजन की पुष्टि करें।
- हीरे की महंगी ज्वेलरी खरीदने पर उसका प्रमाणपत्र जरूर मांगें।
- एक्सचेंज और बायबैक की शर्तों को पहले ही समझ लें।
यह भी पढ़ें- दिवाली पर घर को देना है रॉयल लुक? दिल्ली की इन बाजारों से खरीदें खूबसूरत डेकोरेशन आइटम्स
दिल्ली में धनतेरस की ज्वेलरी शॉपिंग के लिए हर बजट का ऑप्शन है जैसे चांदी के लिए दरिबा कलां, सोने के लिए करोल बाग, डिजाइनर के लिए साउथ एक्स और बजट फैशन ज्वेलरी के लिए लाजपत नगर और जनपथ। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793797057740_m.webp)