शादी सिर्फ दो दिलों का मिलन नहीं, बल्कि दो जिंदगियों, परिवारों के लिए नया सफर होता है। प्यार और अपनापन इस रिश्ते की नींव होते हैं, लेकिन स्ट्रांग बनाने के लिए कुछ विषयों पर बात करना जरूरी होता है। आज के समय में ज्यादातर महिलाएं आत्मनिर्भर हैं, तो शादी से पहले पैसों यानी फाइनेंस से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करना किसी भी तरह की स्वार्थी सोच नहीं, बल्कि एक समझदारी भरा कदम है।

कई बार कपल्स लव मैरिज हो या अरेंज मैरिज, पैसों के विषय पर बात करने से कतराते हैं, जो आगे चलकर बड़े तनाव या गलतफहमियों का कारण बन सकता है। ऐसे में खुशहाल भविष्य के लिए हर महिला को शादी से पहले अपने होने वाले जीवनसाथी से कुछ खास और जरूरी आर्थिक सवाल जरूर पूछने चाहिए। नीचे लेख में जानें-

रिश्ता पक्का करने से पहले पार्टनर से पैसों से जुड़े कौन से सवाल पूछने चाहिए?

आज के समय कई महिलाएं पैसों के बारे में पार्टनर से पूछने में कतराती हैं उन्हें लगता है कि इससे जुड़ा सवाल पूछना गलत है? मगर आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। नीचे 5 प्वाइंट्स में समझें शादी तय करने से पहले अपने जीवनसाथी से पैसों से जुड़े कौन से सवाल पूछना महत्वपूर्ण है?

1. वर्तमान समय में कमाई और फाइनेंशियल कंडीशन क्या है?

शादी से पहले अपने पार्टनर की सैलरी या कमाई के बारे में स्पष्ट जानकारी होना बेहद आवश्यक है। यह सवाल किसी पर शक करने के लिए नहीं बल्कि भविष्य के खर्चों का सही अनुमान लगाने के लिए है। आपको यह पता होना चाहिए कि आप दोनों की आय कितनी होगी, ताकि घर का बजट, ईएमआई और अन्य जरूरी खर्च आसानी से मैनेज हो सकें।

2. पुराने कर्ज या लोन के बारे में बात करें

अगर आपके होने वाले पति पर पहले से कोई एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन या किसी अन्य तरह का कोई कर्ज है, तो इसके बारे में पहले से जानना जरूरी है। आपको यह भी क्लियर करना चाहिए कि उस कर्ज को चुकाने की उनकी क्या प्लानिंग है, ताकि शादी के तुरंत बाद आर्थिक दबाव या अचानक आने वाले मानसिक तनाव से बचा जा सके।

3. शादी के बाद घर के खर्चों और बजट को किस तरह से मैनेज करेंगे?

आज के समय में जब दोनों पार्टनर कामकाजी होते हैं, तो यह तय करना जरूरी है कि घर की रोजमर्रा की जरूरतें, बिजली-पानी के बिल और ग्रॉसरी का खर्च कौन उठाएगा। क्या आप दोनों खर्चों को आधा-आधा बांटेंगे या कोई एक व्यक्ति सारे बिल संभालेगा और दूसरा बचत करेगा? इस बात के क्लियर होने से भविष्य में पैसों को लेकर कभी विवाद नहीं होता।

4. शॉर्ट-टर्म और लॉन्ग-टर्म फाइनेंशियल गोल्स क्या हैं?

पैसे कमाने के साथ-साथ उसे सही जगह इंवेस्ट करना और बचाना भी बहुत जरूरी है। अपने पार्टनर से पूछें कि अगले 5 सालों में उनकी क्या योजना है जैसे घर खरीदना, गाड़ी लेना, रिटायरमेंट प्लानिंग या कोई यात्रा। यह जानना जरूरी है कि क्या वे सिर्फ आज में जीने वाले हैं या भविष्य के लिए एक सुरक्षित वित्तीय प्लानिंग रखते हैं।

5. क्या किसी अन्य आर्थिक जिम्मेदारी में सहयोग करना होगा?

कई बार शादी के बाद माता-पिता या भाई-बहनों की आर्थिक मदद करने की जिम्मेदारी एक पार्टनर पर होती है। इस बारे में पहले से बात कर लें कि क्या परिवार के किसी सदस्य की पढ़ाई या मेडिकल खर्चों में आप दोनों को मिलकर सहयोग करना है। इन मुद्दों पर ट्रांसपेरेंसी रहने से बाद में रिश्तों में खटास नहीं आती और आपसी विश्वास मजबूत होता है।

निष्कर्ष

ये सवाल आज के समय न केवल कामकाजी महिलाओं बल्कि नौकरी न करने वाली लड़कियों को भी पूछने चाहिए। इससे आप शादी होने से पहले भविष्य में होने वाली चीजों के लिए तैयार रहेगी। साथ ही यह भी तय कर सकती हैं कि आपको किस तरह से सारी चीजे प्लान करनी होंगी।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो, तो इसे शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit-magnific