भाई-बहन का रिश्ता बहुत ही अनोखा और प्यारा होता है। इसमें लड़ना-झगड़ना, नोकझोक और खट्टी-मीठी बातें चलती रहती हैं, लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, पारिवारिक जिम्मेदारियां, करियर और शादी होने की वजह से कई बार भाई-बहनों के बीच दूरियां आने लगती हैं। ये छोटी-छोटी दूरियां कब बातचीत बंद होने तक पहुंच जाती हैं, इसका पता ही नहीं चलता।
ऐसे में टूटे हुए रिश्तों को दोबारा जोड़ने और सुधारने के लिए सिबलिंग थेरेपी बहुत काम आती है। काउंसलिंग का यह आधुनिक तरीका भाई-बहनों के बीच एक मजबूत बॉन्डिंग बनाने में मदद करता है। अगर आप भी सिबलिंग थेरेपी के बारे में विस्तार से जानना चाहती हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें।
क्या होती है सिबलिंग थेरेपी?
1. सिबलिंग थेरेपी, फैमिली थेरेपी का ही एक हिस्सा है, जो भाई-बहनों के बीच के रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए डिजाइन की जाती है। यह एक ऐसी प्रोफेशनल काउंसलिंग प्रक्रिया है, जिसमें एक लाइसेंस प्राप्त थेरेपिस्ट भाई-बहन को एक साथ बिठाकर उनके बीच चल रही गलतफहमियों पर खुलकर बात करवाता है।
2. अक्सर घर के बड़े या रिश्तेदार जब फैसला कराने आते हैं, तो ऐसा लगता है कि वे किसी एक के पक्ष में बोल रहे हैं या किसी को गलत ठहरा रहे हैं, लेकिन थेरेपी रूम में एक न्यूट्रल एक्सपर्ट होता है, जो बिना किसी जजमेंट के दोनों पक्षों की बात सुनता है और सही सलाह देता है।
3. कई बार बचपन में माता-पिता की तरफ से किसी एक को ज्यादा प्यार मिल जाने या तुलना किए जाने का गुस्सा लंबे समय तक मन में बना रहता है। थेरेपी इस छिपे हुए दर्द और गिले-शिकवे से बाहर निकलने में बहुत मदद करती है।
सिबलिंग थेरेपी कैसे मजबूत करती है बॉन्डिंग?
- यह थेरेपी बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात रखने का मौका देती है और थेरेपिस्ट दोनों की पूरी बात ध्यान से सुनता है।
- थेरेपी के दौरान भाई-बहन यह समझ पाते हैं कि दूसरा व्यक्ति किसी खास परिस्थिति में क्या महसूस कर रहा था। साथ ही, यह दोनों को अपनी गलतियों का अहसास कराने में भी मदद करती है।
- बड़े होने के बाद पर्सनल स्पेस और लाइफस्टाइल बदल जाती है। ऐसे में थेरेपी भाई-बहन को एक-दूसरे के साथ एक मजबूत रिश्ता बनाए रखने में मदद करती है।
- इसमें झगड़ों को तूल देने के बजाय बातचीत और समझ के जरिए पुरानी कड़वाहट को दूर किया जाता है।
आपको कब लेनी चाहिए सिबलिंग थेरेपी?
अगर आपके मन में भी यह सवाल है कि सिबलिंग थेरेपी कब और क्यों लेनी चाहिए, तो इन परिस्थितियों में यह बेहद मददगार साबित हो सकती है -
- बचपन की किसी घटना या पारिवारिक विवाद को लेकर अगर लगातार मनमुटाव चल रहा है।
- जब महीनों या सालों से आपस में कोई संवाद न हो रहा हो और रिश्ते में दूरियां लगातार बढ़ती जा रही हों।
- माता-पिता की लंबी बीमारी, उनका गुजर जाना या परिवार से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेते वक्त तनाव होने पर।
- एक-दूसरे के साथ होने वाले छोटे-छोटे झगड़े जब लंबे समय से अनसुने और अनसुलझे चले आ रहे हों।
यह भी पढ़ें- दो बच्चों के बीच कुछ इस तरह करें चीजों की शेयरिंग
निष्कर्ष: अगर आपका और आपके भाई या बहन का बहुत लंबा झगड़ा चल रहा है और आपस में बातचीत भी पूरी तरह बंद हो चुकी है, तो आप इस परिस्थिति में सिबलिंग थेरेपी की मदद ले सकती हैं। यह आपके टूटे हुए रिश्ते को बचाने और आपसी समझ को बेहतर बनाने में बहुत मददगार साबित होती है। उम्मीद है कि इस लेख में दी गई जानकारी आपके बहुत काम आएगी। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: freepik
-1793950433757_m.webp)