बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी सही परवरिश बहुत जरूरी है। बच्चे गीली मिट्टी की तरह होते हैं और इसलिए बचपन में उन्हें जिस तरह ढाला जाता है, जिस तरह संवारा जाता है, बड़े होकर वो वैसे ही इंसान बनते हैं। ऐसे में उनकी सही परवरिश पेरेंट्स के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। आज भी हमारे समाज में कई घरों में लड़कों और लड़कियों की परवरिश में अंतर किया जाता है। जहां बेटों को बड़ा करते वक्त उन्हें सिखाया जाता है 'लड़के रोते नहीं हैं', 'मर्द बनो' और 'कमजोर मत पड़ो'। वहीं, बेटियों को बचपन से ही 'धीरे बोलो', 'ज्यादा मत हंसो', 'लड़कियों को ऐसे नहीं करना चाहिए' जैसी बातें सुनने को मिलती हैं। इन बातों के जरिए अनजाने में हम बच्चों को जेंडर के आधार पर अलग-अलग नियम सिखाने लगते हैं, जो कि पूरी तरह गलत है, इसलिए जरूरी है कि बेटे और बेटियों की परवरिश में अंतर नहीं रखना चाहिए। यहां हम आपको 5 ऐसी बातों के बारे में बता रहे हैं, जो हर माता-पिता को अपने बच्चों को बचपन से सिखानी चाहिए।

1.रोना कमजोरी नहीं है

हम लड़कों को बचपन से सिखाते हैं कि रोना कमजोरी होता है और लड़के रोते नहीं हैं। अक्सर कोई लड़का किसी बात पर रो रहा होता है, तो बचपन में उसे ऐसा कह दिया जाता है कि क्या लड़कियों की तरह हो रहा है? इसकी जगह हमें उन्हें सिखाना चाहिए कि रोना या अपनी भावनाओं को व्यक्त करना कमजोरी नहीं है। बेटा हो या बेटी, दोनों को सिखाएं कि इमोशंस को मन में रखना सही नहीं है। खुलकर हंसना और रोना दोनों जरूरी हैं।

2. खिलौनों का कोई जेंडर नहीं होता

पिंक कलर लड़कियों का...ब्लू कलर लड़कों को...गुड़िया और किचेन सेट से लड़कियां खेलेंगी..कार से लड़के खेंलेगे...ये कुछ ऐसी बाते हैं जो बचपन से ही बच्चों के दिमाग में डाल दी जाती हैं, पर ऐसा करना गलत हैं। आपको बच्चों को सिखाना होगा कि खिलौनों, रंग या पसंद-नापसंद का कोई जेंडर नहीं होता है।

3. घर के काम लड़के और लड़कियों में नहीं बंटे होते हैं

जब आप बचपन में ही लड़कों के दिमाग में ये बात डाल देते हैं कि घर के काम उनकी जिम्मेदारी नहीं है और लड़कियों को ये सिखाते हैं कि रसोई और घर का हर काम उनकी जिम्मेदारी है, जो पूरी तरह गलत है। ऐसे में कहीं न कहीं शादी के बाद अगर लड़के अपनी पार्टनर के साथ रसोई या घर का काम करते हैं, तो उसे अपनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मदद मानते हैं। ऐसे में बचपन से ही आपको बेटों और बेटियों दोनों को सिखाना चाहिए कि घर के काम दोनों की जिम्मेदारी है।

4. लड़कियां लड़कों से कम नहीं होती हैं

यह एक ऐसा स्टीरियोटाइप है, जिसे सभी पेरेंट्स को जल्द से जल्द तोड़ना चाहिए। आपको बच्चों को सिखाना चाहिए कि लड़के और लड़कियां बराबर होते हैं और दोनों में कोई अंतर नहीं होता है। बेटों को सिखाएं कि लड़कियां उनसे बराबर हैं और बेटियों को सिखाएं कि वो किसी भी मामले में लड़कों से कमजोर नहीं हैं।

5. खाना बनाना और अपनी देखभाल करना सिखाएं

आज के वक्त में हर इंसान को बेसिक लाइफ स्किल आना जरूरी है। अगर बच्चों को आगे चलकर अकेले रहना पड़े, नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर जाना पड़े, तो उन्हें खाना बनाना, अपने कपड़े धोना, अपनी चीजें अरेंज करना और अपना ख्याल रखना जैसे बेसिक स्किल्स आने चाहिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।