शादी का फैसला लेना जिंदगी के सबसे बड़े फैसलों में से एक होता है। अक्सर लोग शादी तय होने से पहले अपने पार्टनर से ढेरों सवाल पूछते हैं और उनकी आदतों को जानने की कोशिश करते हैं, लेकिन दूसरों को समझने से पहले खुद से कुछ सवाल पूछना बहुत जरूरी है। किसी के साथ पूरी जिंदगी का रिश्ता जोड़ने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप खुद दिमागी और भावनात्मक रूप से इस नई जिम्मेदारी के लिए कितने तैयार हैं। साइकोलॉजिस्ट की मानें तो शादी के फैसले तक पहुंचने से पहले हर इंसान को खुद से ये जरूरी बातें पूछ लेनी चाहिए। इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...
शादी से पहले खुद से पूछें ये 5 सवाल
यहां बताए गए 5 सवाल शादी से पहले आपके बेहद काम आ सकते है, पढ़ते हैं..
1. क्या आप बदलाव को स्वीकार कर सकते हैं?
शादी सिर्फ दो लोगों का साथ आना नहीं है, बल्कि एक नई जिंदगी की शुरुआत है। इसमें कई ऐसे नए अनुभव और चुनौतियां आती हैं, जिनका सामना आपने पहले कभी नहीं किया होता। ऐसे में खुद से पूछें कि क्या आप अपनी पुरानी लाइफस्टाइल में आने वाले बदलावों को अपनाने के लिए तैयार हैं?
2. क्या आप जिंदगी भर का साथ निभाने को तैयार हैं?
शादी कोई कुछ दिनों का रिश्ता नहीं है, बल्कि यह जिंदगी भर का वादा है। किसी भी सफल शादी की नींव भरोसा, प्यार, समझदारी और थोड़े-बहुत समझौतों पर टिकी होती है। जब तक आप किसी एक इंसान के साथ हर सुख-दुख में खड़े रहने का मन न बना लें, तब तक आगे बढ़ना जल्दबाजी हो सकता है।
3. शादी करने के पीछे आपकी असली वजह क्या है?
अपने मन की बात को समझना बहुत जरूरी है। खुद से पूछें कि क्या आप सच में अपनी खुशी से शादी कर रहे हैं या फिर आपके ऊपर परिवार, समाज या उम्र का दबाव है? जब तक आपका दिल पूरी तरह तैयार न हो, तब तक सिर्फ दूसरों के कहने पर फैसला न लें।
4. क्या आप मैच्योर तरीके से बात संभाल सकते हैं?
शादीशुदा जिंदगी में छोटी-मोटी बहस और परेशानियां आना आम बात है। ऐसे में यह देखें कि आप मुश्किल वक्त में कैसे रिएक्ट करते हैं। क्या आप अपने गुस्से को काबू कर पाते हैं? क्या आप झगड़ों को शांति से सुलझाने में समझदारी दिखाते हैं? एक मजबूत रिश्ते के लिए यह बेहद जरूरी है।
5. समझें कि कोई भी इंसान 100% तैयार नहीं होता
शादी एक ऐसा अनुभव है, जिसकी पूरी तैयारी कोई भी पहले से नहीं कर सकता। आगे क्या होगा, यह कोई नहीं जानता। यह हर दिन एक-दूसरे के साथ सीखने और आगे बढ़ने का सफर है। इसलिए न तो बिना सोचे फैसला लें और न ही यह सोचें कि आपको सब कुछ पहले से आता है।
यह भी पढ़ें- बहू नहीं, बेटी बनाकर देखें; जानिए कैसे एक सोच बदल सकती है आपके घर का माहौल?
पार्टनर से बात करते वक्त इन मुद्दों पर करें बात
जब आप खुद को तैयार महसूस करें, तो अपने होने वाले पार्टनर से मिलकर इन विषयों पर खुलकर बात करें। ध्यान रखें, ये सारे सवाल एक ही दिन में न पूछें, बल्कि अलग-अलग मुलाकातों में आराम से बात करें-
1. करियर और पैसे से जुड़ी बातें: आगे के प्लान, जॉब के लिए दूसरे शहर जाना, काम और परिवार में बैलेंस, खर्च करने की आदतें, सेविंग्स, कर्ज और बैंक अकाउंट अलग रखने हैं या जॉइंट, इन पर बात होना जरूरी है।
2. बच्चे और फैमिली प्लानिंग: आप बच्चे चाहते हैं या नहीं, कब चाहते हैं, बच्चों की परवरिश कैसे करेंगे और अगर आगे चलकर कोई दिक्कत आए तो उसे मिलकर कैसे संभालेंगे।
3. फैमिली और रिश्ते: घर वालों का दखल कितना रहेगा, पारिवारिक कार्यक्रमों में कैसे शामिल होंगे और आपसी मतभेदों को कैसे सुलझाएंगे, इसकी सीमाएं पहले ही तय कर लें।
4. रहने की जगह और लाइफस्टाइल: आप आगे कहां रहना चाहते हैं, बड़े शहर में या छोटे कस्बे में? किराए के मकान में रहना है या खुद का घर लेना है?
यह भी पढ़ें- कान्हा जैसे ये 5 गुण क्या आपके अंदर भी है? हर लड़की को होती है ऐसे ही जीवनसाथी की तलाश
निष्कर्ष
शादी जल्दबाजी में लिया जाने वाला फैसला नहीं है। सही समय पर सही सवाल पूछना आपको भविष्य की कड़वाहट और परेशानियों से बचा सकता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
-1789365309706_m.webp)