किससे मिलना है, कौन-सा काम करना है, नौकरी करनी है या घर संभालना है, शादी कब करनी है या अकेले रहना है। महिलाओं की जिंदगी से जुड़े ऐसे कई फैसलों पर अक्सर दूसरे लोग अपनी राय देने लगते हैं। कई बार महिला अपनी पसंद से कोई कदम उठाती है, तो उससे बार-बार पूछा जाता है कि उसने ऐसा क्यों किया। परिवार की चिंता, सोच और रिश्तों को बनाए रखने की कोशिश में वह अपनी बात समझाने लगती है। धीरे-धीरे यह आदत इतनी बढ़ जाती है कि बिना किसी की मंजूरी के फैसला हो या फिर खुद फैसला लिया हो। इन सारी बातों के बारे में बताना पड़ता है। मगर इन सब बातों के बीच हमें यह समझना जरूरी है कि हर सवाल का जवाब देना और हर फैसले की सफाई देना जरूरी है क्या?

अपने जीवन के फैसले खुद लेने का है अधिकार

पुरुषों की तरह औरतों की जिंदगी उसकी अपनी होती है और उसके फैसले उसकी प्राथमिकताओं, एक्सपीरियंस और इच्छाओं पर आधारित होते हैं। जब कोई महिला अपने करियर, शादी, लाइफस्टाइल या परिवार से जुड़ा कोई बड़ा कदम उठाती है, तो अक्सर उससे बार-बार सवाल पूछे जाते हैं। ऐसे में बार-बार सफाई देने से उसका सेल्फ कॉफिडेंस कमजोर होने लगता है। अपनी निजी जिंदगी के फैसलों के पीछे की वजहें हर किसी को बताना जरूरी नहीं है। महिलाओं को यह बात विशेष रूप से समझनी होगी कि उनकी जिंदगी पर सबसे पहला अधिकार उनका है।

Image Credit-magnific

क्या अपने फैसले के पीछे हर बात का तर्क देना जरूरी?

महिलाओं को अक्सर अपने छोटे-छोटे फैसलों के लिए भी जवाब देना पड़ता है। नया कपड़ा खरीदने से लेकर दोस्तों के साथ बाहर जाने तक, कई बार उनसे पूछा जाता है कि इसकी जरूरत क्या थी। ऐसे में अपनी पसंद को सही साबित करने की आदत बन सकती है। जबकि हर फैसला किसी बड़ी वजह से जुड़ा हो, यह जरूरी नहीं है। कभी कोई महिला केवल अपनी खुशी के लिए कुछ करना चाहती है, तो कभी उसे अकेले समय बिताना अच्छा लगता है। अपनी पसंद बताना गलत नहीं है, लेकिन हर बार उसे दूसरों की कसौटी पर सही साबित करना भी जरूरी नहीं है।

बात समझाना और सफाई देना अलग-अलग बातें हैं

किसी रिश्ते में अपनी बात समझाना बातचीत का सामान्य हिस्सा है। अगर आपके फैसले का असर किसी दूसरे व्यक्ति पर पड़ता है, तो उससे बात करना और उसकी चिंता सुनना जरूरी हो सकता है। लेकिन जब कोई व्यक्ति बार-बार सवाल पूछकर आपको दोषी महसूस कराए या आपकी पसंद को गलत साबित करने की कोशिश करें, तो स्थिति अलग हो जाती है।

Image Credit-magnific

उदाहरण के लिए, काम से थककर किसी दिन बाहर जाने से मना करना आपकी जरूरत हो सकती है। इसके लिए लंबी सफाई देने के बजाय इतना कहना पर्याप्त है कि आज आपको आराम करना है। अपनी बात स्पष्ट रखें, लेकिन हर बार बहस में पड़ना जरूरी नहीं है

कब ना सुनना है और कब नहीं?

दूसरों को हर बात की सफाई देने से बचने का सबसे असरदार तरीका है अपनी निजी सीमाएं तय करना। महिलाओं को अक्सर बचपन से सबकी बात मानने वाला बनाने की सीख दी जाती है, जिसकी वजह से उनके लिए 'ना' कहना मुश्किल हो जाता है। मगर आपको कब किसका ना सुनना है और कब नहीं यह आपका कुछ का निर्णय होना चाहिए। हर बार खुद को साबित करने की कोशिश करने के बजाय, यह स्वीकार करना जरूरी है कि कुछ बातें केवल आपकी अपनी हैं।

अपने फैसलों पर चुप रहना या केवल यह कहना कि "यह मेरा निजी फैसला है," किसी भी तरह की बदतमीजी नहीं बल्कि आपके आत्म-सम्मान का प्रतीक है। जब महिलाएं बिना डरे अपनी सीमाएं तय करती हैं और अपनी मर्जी से फैसला लेना और ना कहना सीखती है, तो असल में वह अपने जीवन की बॉस होती हैं।

निष्कर्ष

महिलाओं को यह समझना चाहिए कि सम्मान पाने के लिए हर समय खुद को सही साबित करना जरूरी नहीं है। रिश्तों में संवाद, सलाह और जिम्मेदारी की अपनी जगह है, लेकिन निजी जिंदगी में पसंद और स्वतंत्रता भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। अपनी बात कहें, दूसरों की राय सुनें और सोच-समझकर फैसले लें। जहां जवाब देना जरूरी हो, वहां स्पष्ट रहें और जहां बार-बार सफाई मांगी जा रही हो, वहां अपनी सीमाएं तय करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-magnific