नई-नई शादी के बाद हर कपल चाहता है कि वे अपनी गृहस्थी के फैसले खुद लें और एक-दूसरे की फील‍िंग्‍स की भी कद्र करें, लेकिन दिक्कत तब शुरू होती है, जब पत्नी किसी भी बात पर पति की राय मांगे और पति हर बार कह दे, 'पहले मम्मी से पूछ लूं...'। शुरुआत में इसे नजरअंदाज किया जा सकता है, लेकिन जब हर छोटे-बड़े फैसले में यही ब‍िहेव‍ियर पत‍ि का रहता है, तो पत्नी खुद को अकेला महसूस करने लगती है।

पत्नी को लगता है कि पति की नजर में उसकी राय की कोई कीमत नहीं है। ऐसे में आइए जानते हैं कि हर चीज मम्‍मी से पूछने की आदत धीरे-धीरे पति-पत्नी के रिश्ते को कैसे प्रभावित करती है?

image credit- magnific

शादी के बाद भी हर बात में मम्मी की मर्जी क्यों?

मां और बेटे का रिश्ता बहुत ही प्यारा होता है और शादी के बाद भी मां से सलाह लेना कोई गलत बात नहीं है, लेक‍िन समस्या तब आती है, जब पति अपनी ही गृहस्थी के फैसले पत्नी के साथ मिलकर लेने के बजाय हर बार मां की इजाजत ढूंढने लगे। घर में कौन से पर्दे लगेंगे, छुट्टी में कहां जाना है या बजट कैसे बनाना है, अगर इन सब में पत्नी की पसंद की कोई जगह ही न हो, तो उसे बुरा लगना तो स्वाभाविक है।

पति की इस आदत से रिश्ते में कैसे आती है कड़वाहट?

आपको बता दें कि‍ जब पत्नी को बार-बार यह फील होता है कि उसके पति की नजर में उसकी पसंद और एडवाइस की कोई वैल्‍यू नहीं है, तो धीरे-धीरे उसके मन में नाराजगी घर करने लगती है। उसे लगने लगता है कि शादी के बाद भी वह अपने ही घर में अपनी मर्जी से कुछ नहीं कर सकती है। इसका सीधा असर पति-पत्नी के रिश्ते पर पड़ता है। छोटी-छोटी बातों पर बहस होने लगती है और दोनों के बीच पहले जैसी खुलकर बातचीत भी नहीं रह जाती। ऐसे हालात में पत्नी को ये बातें सबसे ज्यादा परेशान करती हैं-

  • पत्नी को लगने लगता है कि घर के किसी भी फैसले में उसकी राय मायने नहीं रखती।
  • पति-पत्नी के पर्सनल मैटर में भी बार-बार किसी और की राय शामिल होने से मन खट्टा होने लगता है।
  • पत्नी को लगता है कि पति उसकी भावनाओं को समझने के बजाय हर बार मां की तरफ ही देखता है।
  • मन में दबी नाराजगी की वजह से मामूली सी बात भी बड़ा झगड़ा बन जाती है।
 
image credit- istock

मां और पत्नी के बीच फंस जाता है पति

ऐसा माहौल पति के लिए भी आसान नहीं होता है। एक तरफ मां होती हैं, जिनसे उसका बचपन से र‍िश्‍ता है, तो दूसरी तरफ पत्नी, जिसके साथ उसने अपनी नई दुनिया बसाई है। दोनों की उम्मीदों के बीच कई बार वह खुद को फंसा हुआ महसूस करने लगता है। हालांक‍ि, उसे ही समझना होगा क‍ि मां की इज्जत करना और पत्नी को बराबरी का हक देना, दोनों काम एक साथ हो सकते हैं। मां से सलाह लेना बिल्कुल गलत नहीं है, लेक‍िन अपनी गृहस्थी के फैसले पत्नी के साथ मिलकर लेना भी उसकी ही जिम्मेदारी है।

इस परेशानी को दूर करने के लिए क्या करें?

अगर पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर अनबन ज्‍यादा होती है क‍ि हर डि‍सीजन मम्‍मी से पूछकर ही क्‍यों लेना है, तो रोज-रोज बहस करने के बजाय कुछ बातों पर ध्यान देना होगा। जैसे-

  • पत्नी को बिना गुस्सा किए प्यार और शांति से पति को बताना चाहिए कि हर बात में मां से पूछने पर उसे कैसा महसूस होता है।
  • घर-गृहस्थी, घूमने-फिरने या पैसों से जुड़े मामलों में दोनों एक-दूसरे की पसंद और राय को पूरी तवज्जो दें।
  • मां को भी प्यार से यह समझाना जरूरी है कि पत्नी के साथ मिलकर फैसले लेने का मतलब उनका अनादर करना बिल्कुल नहीं है।
  • मां से सलाह और उनका आशीर्वाद लेना बहुत अच्छी बात है, लेकिन पति-पत्नी के फैसलों में दोनों की रजामंदी सबसे ऊपर होनी चाहिए।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific