Yeh Prem Mol Liya Box Office Collection Day 2: सिनेमाघरों में किसी फिल्म के पहले दिन का प्रदर्शन उसके आगे के सफर की एक झलक जरूर देता है, लेकिन असली तस्वीर वीकेंड पर सामने आती है। खासकर शनिवार को लोगों की संख्या में होने वाला बदलाव फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के लिए अहम माना जाता है। आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के कलेक्शन में भी दूसरे दिन बढ़त देखने को मिली है। शुक्रवार को धीमी शुरुआत करने वाली इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म ने शनिवार को अपनी कमाई में इजाफा किया और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई।

दूसरे दिन कितना रहा 'ये प्रेम मोल लिया' का कलेक्शन?

सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को भारत में 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, इसका पहले दिन का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 4.70 करोड़ रुपये रहा।

दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में 31.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 7,126 शोज के जरिए 5.25 करोड़ रुपये (Yeh Prem Mol Liya Box Office Collection Day 2) का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई 9.25 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि इंडिया में ग्रॉस कलेक्शन 11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

शनिवार को बढ़ी दर्शकों की दिलचस्पी

फिल्म की कमाई के साथ-साथ सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी के आंकड़ों में भी सुधार देखने को मिला। दूसरे दिन 7,126 शोज में फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 14 प्रतिशत दर्ज की गई।

दिन बढ़ने के साथ दर्शकों की संख्या में इजाफा हुआ। सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी 6.85 प्रतिशत थी, जो दोपहर में बढ़कर 17 प्रतिशत हो गई। शाम के दौरान यह आंकड़ा 20.62 प्रतिशत और रात के शोज में 23 प्रतिशत तक पहुंच गया।

शनिवार को फिल्म के करीब 2,38,675 टिकट बिके। इसके साथ ही दो दिनों में कुल टिकट बिक्री का आंकड़ा 4,27,401 हो गया है।

क्या है 'ये प्रेम मोल लिया' की कहानी?

'ये प्रेम मोल लिया' एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा है, जो 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में आयुष्मान खुराना ने प्रेम और शरवरी ने पूर्वा का किरदार निभाया है। पूर्वा पेशे से पत्रकार है और शादी के बाद अपने बुजुर्ग दादा-दादी को छोड़कर कहीं और नहीं जाना चाहती।

फिल्म की कहानी प्रेम और पूर्वा के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें दिखाया गया है कि शादी के बाद प्यार, परिवार की जिम्मेदारियों और परंपराओं को लेकर अलग-अलग सोच रखने वाले दो लोग किस तरह अपनी जिंदगी में संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं।

फिल्म में आयुष्मान और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, स्वानंद किरकिरे और सौम्या टंडन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।