इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है और शिवम पंडित का जादू इस बार फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म में इमरान हाशमी की एक्टिंग की बहुत तारीफ हो रही है। हालांकि, 'सीरियल किसर' की फिल्म में एक भी किसिंग सीन का न होना फैंस को हजम नहीं हो रहा है। कई फैंस ने तो सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में इसे गैर-कानूनी करार दे दिया। कई फैंस ने कहा कि वो आखिरी सीन तक इंतजार कर रहे थे कि फिल्म में एक न एक किसिंग सीन तो जरूर होगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा। 'आवारापन 2' में शिवम पंडित (इमरान हाशमी) और जारा (दिशा पाटनी) के बीच कोई किसिंग सीन क्यों नहीं था, अब इसका जवाब खुद फिल्म के राइटर ने दिया है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?
'आवारापन 2' में क्यों नहीं है कोई किसिंग सीन?
'सीरियल किसर' की छवि वाले इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' में किसिंग सीन होने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन फिल्म में एक भी ऐसा सीन नहीं था। फिल्म के लेखक बिलाल सिद्दीकी ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि कहानी लिखते समय यह पहले से ही तय था कि ऐसा कोई भी सीन फिल्म में नहीं रखा जाएगा। लेखक का कहना है कि फिल्म में इमरान हाशमी एक ऐसे व्यक्ति (शिवम पंडित) का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी दिवंगत प्रेमिका (आलिया) की याद में खोया हुआ है और वह अब भी उसी से प्यार करता है, ऐसे में उसे किसी नए रिश्ते की तलाश नहीं है। ऐसे में जबरन किसी रोमांटिक सीन को फिल्म में जोड़ना इसकी कहानी और किरदार की गंभीरता के साथ फिट नहीं बैठता।
यह भी पढ़ें- हर किसिंग सीन के बदले इमरान हाशमी की बीवी उनसे वसूलती हैं यह कीमत, एक्टर ने खुद किया था खुलासा
फिल्म में अधूरे प्यार के एहसास पर है फोकस
'आवारापन 2' के लेखक बिलाल ने बताया कि इस फिल्म में किसी भी तरह का किसिंग सीन या रोमांटिक एंगल डालना काफी बनावटी लगता। इस फिल्म में इमरान हाशमी अपनी 'सीरियल किसर' वाली छवि से एकदम हटके नजर आए हैं, क्योंकि वो अपने प्यार की यादों में खोए हैं और अधूरे प्यार का एहसास ही इस फिल्म की पूरी कहानी का आधार है। बता दें कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और फिल्म के आखिर में 'आवारापन 3' को लेकर भी हिंट दिया गया है, जिसका फैंस ने अभी से इंतजार करना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर 'आवारापन 2' की चांदी, 100 करोड़ पार हुई इमरान हाशमी की फिल्म
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
