‘तनु वेड्स मनु’ फ्रेंचाइजी के चाहने वालों के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। निर्देशक मिताक्षरा कुमार इस फेमस रोमांटिक कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म पर काम कर रही हैं। हालांकि, फैंस के लिए दुख की बात यह है कि इस बार कहानी में कंगना रनौत और आर. माधवन की जोड़ी देखने को नहीं मिलेगी। फिल्म में नए कलाकारों के साथ एक अलग कहानी पेश की जाएगी। मेकर्स का मकसद है कि वह पुरानी फिल्मों के हास्य, अनोखे किरदारों और मस्ती भरे अंदाज को बरकरार रखकर लोगों को कुछ नया दिखाएं।
मिताक्षरा कुमार ला रही हैं ‘तनु वेड्स मनु’ का नया चैप्टर
‘तनु वेड्स मनु’ की अगली किस्त उसी दुनिया से जुड़ी होगी, जिसे लोगों ने पिछली दोनों फिल्मों में पसंद किया था। हालांकि, इस बार कहानी पुराने किरदारों को आगे नहीं बढ़ाएगी। मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम फ्रेंचाइजी के खास अंदाज को बनाए रखते हुए नए किरदारों के इर्द-गिर्द कहानी तैयार कर रही है।
image credit- imdb
कंगना रनौत और आर. माधवन की जगह दिखेंगे नए चेहरे
पहली दोनों फिल्मों में कंगना रनौत ने तनुजा त्रिवेदी और आर. माधवन ने मनु शर्मा का रोल निभाया था। इन दोनों कलाकारों की जोड़ी कहानी का अहम हिस्सा रही। हालांकि, आने वाली फिल्म में दोनों अपने पुराने किरदार को नहीं निभा पाएंगे।
नई फिल्म में युवा कलाकारों की टीम को शामिल करने का प्लान है। फिलहाल, कलाकारों के नामों को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। निर्देशक मिताक्षरा कुमार ने भी फिल्म में नए चेहरों के आने की बात कही है।
मिड-डे से बातचीत में निर्देशक ने कहा, 'हम बिल्कुल फ्रेश और यंग स्टारकास्ट के साथ तनु वेड्स मनु 3 में उसी मैडनेस के साथ लौट रहे हैं'
कब रिलीज हुई थी पहली ‘तनु वेड्स मनु’?
‘तनु वेड्स मनु’ साल 2011 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया था। इसकी कहानी मनु शर्मा और तनुजा त्रिवेदी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में दोनों के अलग-अलग स्वभाव, गलतफहमियों और पारिवारिक उलझनों के कारण कई दिलचस्प परिस्थितियां पैदा होती हैं। रोमांस और कॉमेडी के इस मेल को लोगों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में जिमी शेरगिल, एजाज खान, स्वरा भास्कर और दीपक डोबरियाल भी बड़े रोल में थे।
image credit-imdb
कब आई थी ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’?
पहली फिल्म की सफलता के बाद साल 2015 में इसका सीक्वल ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ रिलीज हुआ। इस फिल्म में शादी के बाद तनु और मनु की जिंदगी में आने वाली परेशानियों और उनके रिश्ते की जटिलताओं को दिखाया गया था। सीक्वल में भी कंगना रनौत और आर. माधवन की जोड़ी नजर आई थी। फिल्म ने कॉमेडी, रोमांस और पारिवारिक परिस्थितियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया।
‘तनु वेड्स मनु’ फ्रेंचाइजी का नया चैप्टर भले ही कंगना रनौत और आर. माधवन के बिना आ रहा हो, लेकिन फिल्म की अगली किस्त में नए कलाकारों और नई कहानी के जरिए लोगों को एक अलग अनुभव देने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- क्या सिनेमाघरों में फिर लौटेगी कंगना रनौत-आर माधवन की जोड़ी? Tanu Weds Manu 3 को लेकर आया बड़ा अपडेट
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
