साउथ के सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म 'फौजी' रिलीज से पहले ही विवादों में है। इस फिल्म का 2 मिनट 31 सेकंड का टीजर 23 अक्टूबर यानी प्रभास के 47वें जन्मदिन पर रिलीज किया गया था। टीजर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर की मुलाकात का एक सीन है, जिसे लेकर सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस ने आपत्ति जताई थी और मेकर्स पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में भी अपनी नारागजी जाहिर की थी और अब उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की गुजारिश की है। साथ ही मेकर्स से इस टीजर को वापस लेने की भी मांग की है। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरा मामला?
मुसीबत में पड़ी प्रभास की फिल्म 'फौजी'
चंद्र कुमार बोस ने मंगलवार रात को X पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री को लिखा अपना लेटर शेयर किया। इसमें उन्होंने फिल्म से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ करने और नेताजी के चित्रण पर आपत्ति जताई है। खासकर, नेताजी और एडॉल्फ हिटलर की मुलाकात के सीन को जिस तरह से पेश किया गया है, उन्होंने उसे पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने टीजर को हटाने और इसे सही तथ्यों के साथ दोबारा रिलीज करने की मांग की है। उन्होंने इस पत्र में लिखा, "टीजर में नेताजी को मामूली रूप से पेश किया गया है, हम इसे लेकर कड़ी आपत्ति जताते हैं। हमें यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर सेंसर बोर्ड ने इस आपत्तिजनक कंटेट को पास कैसे कर दिया...हम आपसे निवेदन करते हैं कि इस मामले की गंभीरता को समझा जाए और इस पर तुरंत ध्यान दिया जाए। अगर आप इस बात को सुनिश्चित करें कि यह टीजर हटा दिया जाए और इस गलती के लिए जिम्मेदार लोगों को दंड दिया जाए, तो यह देश सेवा होगी।
कैप्शन में लिखी यह बात
चंद्र कुमार बोस ने इस लैटर को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "'फौजी' का टीजर हटा लिया जाना चाहिए, उसमें सुधार किया जाना चाहिए और फिर से रिलीज किया जाना चाहिए। अगर नेताजी को लेकर हमारी चिंताएं दूर हो जाती हैं (टीजर और फिल्म, दोनों के संदर्भ में), तो मेरी तरफ से प्रभास और पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
टीजर के किस सीन पर है आपत्ति?
यह पूरा मामला खासतौर पर 'फौजी' के टीजर के एक सीन से जुड़ा है जो हिटलर और नेताजी की मुलाकात से जुड़ा है। क्लिप में दिखाया गया है कि सुभाष चंद्र बोस, भारत में ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई में समर्थन पाने के लिए हिटलर से मिलते हैं और वहां प्रभास के काल्पनिक किरदार का परिचय देते हैं और उसकी तारीफ करते हैं। चंद्र कुमार बोस का कहना है कि ऐसा दिखाकर न केवल नेताजी की विचारधार को गलत तरीके से पेश किया गया है, बल्कि उनकी गरिमा को भी ठेस पहुंचाई है।
कब रिलीज होगी 'फौजी'?
'फौजी' 19 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसे हनु राघवापुडी ने डायरेक्ट किया है और नवीन यरनेनी, वाई रवि शंकर व भूषण कुमार इसके निर्माता हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
