राजकुमार राव की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'प्रहार' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म को लेकर लंबे समय से बज था और मेकर्स मे सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया था कि 29 सितंबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जाएगा और अब फाइनली मैडॉक फिल्म्स ने मुंबई के मशहूर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर 'प्रहार - द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और खुद उज्ज्वल निकम भी मौजूद थे। इस फिल्म में राजकुमार राव, उज्जवल निकम का ही रोल निभा रहे हैं। वह मुंबई के 26/11 टेरर अटैक केस में सरकारी वकील थे और उन्होंने कसाब को फांसी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। यह कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। चलिए आप भी इसके ट्रेलर पर नजर डाल लीजिए।

'प्रहार' फिल्म का ट्रेलर आउट

राजकुमार राव की सबसे बड़ी खासियत है कि वह किसी भी किरदार में खुद को बखूबी ढाल लेते हैं और इस फिल्म में भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है। वह उज्जवल निकम के रोल में छा गए हैं। मुंबई में 26/11 की खौफनाक रात के बाद कोर्टरूम में एक बड़ी लड़ाई गई थी, जो आतंकवाद और आंतकवादियों के खिलाफ थी और जिसका मकसद इस हमले में घायल हुए और जान गंवाने वाले लोगों को इंसाफ दिलाना था। इसमें सबसे अहम भूमिका वकील उज्जवल निकम ने निभाई थी। यह फिल्म उन्हीं की कहानी को पर्दे पर दिखाती है। मेकर्स ने इस ट्रेलर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "न बंदूक...न गोली..सिर्फ सुबूत और सच्चाई। ये था उज्जवल निकम का प्रहार। ट्रेलर आउट....'प्रहार: उज्जवल निकम की अनसुनी कहानी', सिनेमाघरों में 16 अक्टूबर, 2026 को।"

ट्रेलर में क्या है खास?

राजकुमार राव की इस फिल्म की शुरुआत में मुंबई शहर की झलक दिखाई जाती है। उसके बाद 26/11 के हमले की रात दिखाई जाती है। कहानी में उज्जवल निकम, मुंबई हमले के आरोपी अजमल कसाब को सजा दिलाने के लिए बड़ी कानूनी लड़ाई लड़ते नजर आ रहे हैं। वह किस तरह कसाब को सजा दिलाने के लिए मशक्कत करते हैं, कैसे सारे सुबूतों और सच्चाई को सामने लाते हैं, यह बखूबी दिखाया गया है। फिल्म में वामिका गब्बी, राजकुमार राव की पत्नी का रोल प्ले कर रही हैं। उनके अलावा जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर अहम भूमिकाओं में हैं।

उज्ज्वल निकम के रोल के साथ न्याय कर रहे हैं राजकुमार राव

ट्रेलर काफी प्रॉमिसिंग है और राजकुमार राव की बॉडी लैंग्वेज कमाल दिख रही है। वह उज्जवल निकम के रोल के साथ बखूबी न्याय करते दिख रहे हैं। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उज्ज्वल निकम भी मौजूद थे। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इस कहानी का पर्दे पर आना उनके लिए काफी भावुक पल है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।