Oscars 2027: दुनियाभर में भारतीय सिनेमा की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। अब एक बार फिर दो भारतीय फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 (Oscar 2027) की दौड़ में भारत की दो फिल्मों ने जगह बनाई है। इनमें मराठी फिल्म 'गोंधल' (Gondhal) और फिल्म निर्माता थेजा रियो की 'अंग' (Angh) शामिल हैं। दोनों फिल्मों की खासियत यह है कि ये भारत के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, परंपराओं और जीवन से जुड़ी कहानियों को पर्दे पर उतारती हैं।
'अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' (The Academy of Motion Picture Arts and Sciences) ने इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए 104 फिल्मों को योग्य घोषित किया है। यह इस कैटेगरी में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके अलावा एनिमेटेड फीचर फिल्म की कैटेगरी में 38 और डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म की श्रेणी में 190 फिल्में शामिल की गई हैं।
ऑस्कर की रेस में कैसे पहुंचीं भारत की ये दो फिल्में?
मराठी फिल्म 'गोंधल' भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री है। इसका निर्देशन संतोष दावखर ने किया है। वहीं, थेजा रियो की फिल्म 'अंग ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीतने के बाद इस श्रेणी में जगह बनाई है।
'द हॉलीवुड रिपोर्टर' की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में 100 फिल्में अलग-अलग देशों और क्षेत्रों की ओर से भेजी गई थीं, जबकि चार अन्य फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में पुरस्कार जीतकर इस सूची में जगह बनाई। इस तरह फिल्म फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करने वाली फिल्मों के लिए भी ऑस्कर की इस श्रेणी तक पहुंचने का रास्ता खुला।
image credit-jagran
क्या है 'गोंधल' की कहानी?
भारत की आधिकारिक एंट्री 'गोंधल' की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की पूरी कहानी एक रात के घटनाक्रम के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें आधी रात को होने वाले पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
इस पारंपरिक आयोजन में संगीत, नृत्य, पौराणिक कथाओं और धार्मिक मान्यताओं का खास महत्व होता है। फिल्म इन सभी पहलुओं को अपनी कहानी के साथ जोड़ती है। यही वजह है कि यह सिर्फ एक सिनेमाई कहानी नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी पेश करती है।
image credit-herzindagi
क्या है 'अंग' की कहानी?
दूसरी भारतीय फिल्म 'अंग' भी अपनी कहानी और विषय की वजह से चर्चा में है। थेजा रियो के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1960 के दशक के नागालैंड की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी एक उम्रदराज कोन्याक गांव के मुखिया और उनके बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों ऐसे दौर में अपनी पुरानी आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को बचाने की कोशिश करते हैं, जब उनके आसपास की दुनिया तेजी से बदल रही है।
इन देशों की फिल्में देंगी भारत को टक्कर
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में इस बार कई देशों की चर्चित फिल्मों को जगह मिली है। आइए जानते हैं यहां-
| देश | फिल्म का नाम |
| जापान | ऑल ऑफ अ सडन |
| नेपाल | एलीफेंट्स इन द फॉग |
| पोलैंड | फादरलैंड |
| रोमानिया | फ्योर्ड |
| स्पेन | ला बोला नेग्रा |
| फ्रांस | मिनोटौर |
| दक्षिण कोरिया | पॉसिबल लव |
| यूनाइटेड किंगडम | रिहर्सल्स फॉर अ रेवोल्यूशन |
| पाकिस्तान | हैंगिंग बाय अ वायर |
क्या ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हो गई हैं दोनों भारतीय फिल्में?
एलिजिबिलिटी लिस्ट में शामिल होने का मतलब ऑस्कर के लिए फाइनल नॉमिनेशन मिलना नहीं है। इसका मतलब सिर्फ इतना है कि ये फिल्में अब इस श्रेणी की आगे की प्रक्रिया में हिस्सा ले सकती हैं। इसके बाद एकेडमी की ओर से शॉर्टलिस्ट जारी की जाएगी। फिर वोटिंग के अगले चरण के आधार पर अंतिम नॉमिनेशन तय होंगे।
यह भी पढ़ें- भारत की ऑस्कर एंट्री फिल्म Gondhal का ग्लोबल ट्रेलर आउट, सात भाषाओं में इस दिन दोबारा होगी रिलीज
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- jagran, herzindagi
