बॉलीवुड अभिनेता मनोज कुमार को फैंस प्यार से 'भारत कुमार' कहकर बुलाते थे। साल 1967 की फिल्म 'उपकार' में उनके किरदार का नाम भारत था और यूं भी पर्दे पर उन्होंने कई फिल्मों में देशभक्ति की भावना से सराबोर किरदार निभाए थे, इसलिए उन्हें यह नाम दिया गया था। उनके किरदारों में भारतीयता, देशप्रेम, सादगी और ईमानदारी साफ झलकती थी। मनोज कुमार ने भी ऑनस्क्रीन हमेशा अपनी इस छवि को बनाए रखा। वह रोमांटिक सीन्स में भी हीरोइन को छूने से बचते थे।

बेशक उन्होंने कई फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया है, लेकिन वह रोमांटिक सीन्स में भी हीरोइन से दूरी बनाए रखने की कोशिश करते थे। एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने भी एक इंटरव्यू में इस बात का जिक्र किया था कि मनोज कुमार रोमांटिक सीन्स में हीरोइन को कभी नहीं छूते थे, लेकिन एक ऐसी फिल्म भी थी जिसके लिए उन्होंने अपना 'नो किसिंग' वाला नियम तोड़ दिया था। यह फिल्म कौन-सी थी और उन्हें किसके कहने पर ऐसा किया था, चलिए आप हमारी खास सीरीज 'फिल्मी गलियारों से' में आपको सुनाते हैं यह दिलचस्प किस्सा।

मनोज कुमार ने सिमी ग्रेवाल के साथ किया था किसिंग सीन

पर्दे पर रोमांटिक सीन से बचने वाले मनोज कुमार ने फिल्म 'मेरा नाम जोकर' में सिमी ग्रेवाल के साथ एक छोटा सा किसिंग सीन किया था, जो उस वक्त काफी चर्चा में रहा था। इस सीन के चर्चा में रहने की सबसे बड़ी वजह यही थी कि मनोज कुमार को पहली बार किसी एक्ट्रेस को किस करते देख सभी हैरान रह गए थे। मनोज कुमार ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि राज कपूर ने उनसे यह सीन करने के लिए कहा था और वह राज कपूर का बहुत सम्मान करते थे, इसलिए वो उन्हें मना नहीं कर सकते थे।

जीनत अमान के साथ रोमांटिक सीन करने को किया था मना

मनोज कुमार का यह किसिंग सीन इसलिए भी चर्चा में रहा था क्योंकि उससे पहले वह जीनत अमान के साथ एक रोमांटिक सीन ठुकरा चुके थे, जिसे लेकर फिल्मी गलियारों में कई खबरें आई थीं। मनोज कुमार ने एक पुराने इंटरव्यू में खुद इस बात का जिक्र करते हुए कहा था, "फिल्म 'रोटी कपड़ा मकान' में जीनत बारिश में नाच रही थीं और मुझे भी उस सीन में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने मना कर दिया था क्योंकि मेरा किरदार उस सीन के दौरान जॉब इंटरव्यू के लिए जा रहा है...ऐसे में मुझे यह सीन करना सही नहीं लगा। मैंने पूरे करियर के दौरान सिर्फ राज कपूर के कहने पर एक बार नो इंटिमेसी रूल तोड़ा था क्योंकि मैं उन्हें मना नहीं कर सकता था।"

 

 

यह भी पढ़ें- 'इसमें हीरोइन जैसी बात नहीं है...', जब आशा पारेख को ऐसा कहकर डायरेक्टर ने दिखा दिया था बाहर का रास्ता


'फिल्मी गलियारों से' सीरीज में हम बॉलीवुड सेलेब्स और फिल्मों से जुड़े ऐसे ही दिलचस्प किस्से आप तक पहुंचाते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: Pinterest