इस शुक्रवार ऑडियंस को एंटरटेंमेंट का जबरदस्त डोज मिला है। 'भारत भाग्य विधाता' के साथ आज 12 जून को 'मैं वापस आऊंगा' भी रिलीज हुई है। दोनों ही फिल्मों का प्रमोशन जोर-शोर से हो रहा था। दोनों की कहानी और जॉनर एक-दूसरे से एकदम हटके है। ज्यादातर लोगों के मन में यह सवाल था कि दोनों में से कौन-सी फिल्म बेहतर होगी और किस फिल्म को देखना चाहिए? आज रिलीज के बाद दोनों ही फिल्मों के रिव्यूज सामने आने लगे हैं। कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को अच्छे रिव्यूज मिल रहे हैं। बात अगर इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की करें, तो ये फिल्म दिखाती है कि कैसे बंटवारा जमीनों को बांट देता है पर दिलों को नहीं बांट पाता। कैसे दिल कभी नहीं बंटते हैं और प्यार की तड़प हमेशा रहती है। इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह,वेदांग रैना ,दिलजीत दोसांझ और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में है। 2 घंटे 46 मिनट की इस फिल्म को देखकर लोग सोशल मीडिया पर क्या रिएक्शन दे रहे हैं और फिल्म को क्या रिव्यूज मिल रहे हैं, चलिए आपको बताते हैं।

इम्तियाज अली का कहानी कहने का अंदाज दिल को छू जाएगा


यह फिल्म सिर्फ एक रोमांटिक कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी स्टोरी है जिसे आप भूल नहीं पाएंगे। एक यूजर ने लिखा कि यह एक सिनेमैटिक एक्सपीरियंस है, जो आपको लंबे समय तक याद रहेगा। इम्तियाज अली की यह कहानी आज के वक्त में एक जादू की झप्पी जैसी है और उन्होंने फिर साबित किया है कि उनसे बेहतर लव स्टोरीज शायद कोई नहीं कह पाता है। डायलॉग्स, किरदारों की एक्टिंग और सीन्स सभी कमाल हैं।

आपको हो जाएगा फिल्म से प्यार

इस फिल्म को देखने के बाद लोग सोशल मीडिया पर इसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह फिल्म परफेक्ट नहीं है, लेकिन आपको इससे प्यार हो जाएगा।

प्यार और किस्मत की कहानी  

इस फिल्म के जरिए इम्तियाज अली ने अपने सिग्नेचर स्टाइल में वापसी की है। ये फिल्म आपको आगे बंटवारे के दर्द में लिपटी प्यार और दर्द की एक ऐसी कहानी पेश करेगी, जो आपको खुद से जोड़ लेगी। ए आर रहमान का म्यूजिक फिल्म की धड़कन है। नसीरुद्दीन शाह की एक्टिंग इस फिल्म की जान है। बता दें कि फिल्म को क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है।

क्या है 'मैं वापस आऊंगा' की कहानी?


यह कहानी कीनू यानी नसीरुद्दीन शाह से शुरू होती है, जिनकी उम्र 95 साल की है और जो दुनिया को अलविदा कहने के मोड़ पर पहुंच चुके हैं। उनकी जवानी का किरदार वेदांग रैना ने निभाया है। नसीरुद्दीन शाह मरने से पहले पाकिस्तान के सरगोधा जाना चाहते हैं, क्योंकि उनका बचपन और जवानी वही बीती और वही उनके इश्क की शुरुआत हुई थी। उन्हें डिमेंशिया है, इसलिए काफी कुछ भूल चुके हैं, लेकिन अपना प्यार जिया यानी शरवरी वाघ उन्हें याद है। जिया और कीनू बंटवारे की त्रासदी में अलग हो गए थे और आखिरी बार मिल भी नहीं पाए थे। कीनू इस दुनिया से जाने से पहले जिया से मिलना चाहते हैं और उससे जाने की इजाजत मांगना चाहते हैं। ऐसे में उनका पोता निवि यानी दिलजीत दोसांझ उनकी आखिरी ख्वाहिश पूरी करने की कोशिश करता है। क्या यह कोशिश कामयाब हो पाएगी, क्या जिया और कीनू मिल पाएंगे, ये जानने के लिए आपको सिनेमाघरों का रूख करना होगा।

 

 

यह भी पढ़ें-क्या सिनेमाघरों में फिर लौटेगी कंगना रनौत-आर माधवन की जोड़ी? Tanu Weds Manu 3 को लेकर आया बड़ा अपडेट

 

यह भी पढ़ें- Bharat Bhhagya Viddhaata X Review: क्या सालों बाद कंगना रनौत की झोली में गिरेगी एक हिट फिल्म? टिकट बुक करने से पहले पढ़ें यह रिव्यू


'भारत भाग्य विधाता' और 'मैं वापस आऊंगा' में कौन बॉक्स ऑफिस की धुरंधर साबित होती है, यह देखने लायक होगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।