बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर की इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म 'दायरा' 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म को लेकर काफी बज है। करीना इस फिल्म में डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभाते हुए नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस इन दिनों फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रही हैं। एक इंटरव्यू के दौरान करीना कपूर ने साल 2023 में आई रणबीर कपूर की 'एनिमल' की सफलता पर बात की और इसकी सक्सेस का उदाहरण देते हुए बॉलीवुड पर तंज कसा। एक्ट्रेस ने कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभी भी सभी भेड़-चाल चलने में लगे हैं। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

करीना कपूर ने बॉलीवुड में मौजूद भेड़-चाल पर कसा तंज

करीना कपूर लगभग दो दशक से ज्यादा वक्त फिल्म इंडस्ट्री में बिता चुकी हैं। हाल ही में मीडिया प्लेटफॉर् 'युवा' के साथ एक बातचीत में, उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आज भी मौजूद 'भेड़-चाल' (herd mentality) की आलोचना की। करीना ने रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' का उदाहरण देते हुए कहा कि इस फिल्म की सफलता के बाद हर कोई और ज्यादा हिंसक फिल्में बनाना चाहता है, क्योंकि सभी के दिमाग में यह बात बैठ गई कि इस तरह की फिल्में चलती हैं। करीना ने कहा, "हमारे दर्शक हमारी सोच से कहीं ज्यादा समझदार हैं...उन्हें अच्छी तरह पता होता है कि कौन सी फिल्म अच्छी है और वे उसे देखना चाहते हैं या नहीं...इसलिए आज बात सिर्फ युवा प्रेम कहानी की नहीं है। ये सब बातें अब पुरानी हो चुकी हैं, जैसे कि अभी हिंसा का दौर चल रहा है या 'एनिमल' हिट हो गई तो चलो सब वॉयलेंस वाली फिल्में बनाने लगे। हमारी सोच भेड़-चाल वाली है, क्या कहें? फिर ऐसे फिल्ममेकर भी हैं जो कुछ अलग बनाना चाहते हैं, जो आपकी सोच को झकझोरते हैं और जिनकी अपनी फैन फॉलोइंग है। मुझे लगता है कि अब चीजें बदल रही हैं। अब दर्शक ट्रेलर देखकर कहेंगे कि हम यह फिल्म देखना चाहते हैं।"

हर फिल्म 500 करोड़ नहीं कमाएगी...

करीना ने यह भी कहा कि यंग ऑडियंस सोच-समझकर फिल्म चुनती है और सवाल पूछती है। अब कोई भी फिल्ममेकर किसी फिल्म को लेकर यह नहीं सोच सकता है कि चलो ये कॉमेडी है, इसे तो लोग देखेंगे ही। ऐसा नहीं है। अब हर फिल्म 200 करोड़ या 500 करोड़ नहीं कमाएगी। बदलाव आ रहा है...हम भी कोशिश कर रहे हैं और दर्शक हमारी मदद कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 'अब एनिमल जैसी फिल्में मत करना...', टीवी के कृष्ण ने दी रणबीर कपूर को सलाह

करीना कपूर की 'दायरा' का फैंस कर रहे हैं इंतजार

करीना कपूर की फिल्म 'दायरा' का ट्रेलर काफी प्रॉमिसिंग है। इसे मेघना गुलजार ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल में हैं। इसकी कहानी को देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है।


यह भी पढ़ें- Daayra का ट्रेलर हुआ आउट, DCP Ajooni Kohli बनीं करीना कपूर; जानें कब रिलीज होगी फिल्म


अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।