हिंदी सिनेमा के दो दिग्गज कलाकार अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर सिनेमाघरों में अपनी जोड़ी का जलवा बिखेर रहे हैं। इससे पहले दोनों कलाकारों ने 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'कीमत', 'तू चोर मैं सिपाही' और 'टशन' जैसी कई फेमस फिल्मों में साथ काम कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। अब यह सुपरहिट जोड़ी जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन की साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी कर चुकी है। लंबे समय बाद सिनेमाघरों में लौटी इस जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर दर्शकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं।
फैंस को कैसी लगी हैवान मूवी?
टीजर और ट्रेलर के दौरान मिले-जुले रुझानों के बाद, फिल्म के रिलीज होते ही दर्शकों की राय में काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकांश दर्शक इस थ्रिलर की तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फिल्म को सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। कुछ दर्शकों का मानना है कि फिल्म का रनटाइम और सेकेंड हाफ थोड़ा और बेहतर हो सकता था, लेकिन मुख्य अभिनेताओं के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है।
एक यूजर ने फिल्म पर कहा कि प्रियदर्शन ने एक बार फिर खुद को साबित किया है। अक्षय कुमार ने अपने नकारात्मक किरदार को बेहद संजीदगी और गहराई के साथ निभाया है। वहीं, एक दृष्टिहीन व्यक्ति के रूप में सैफ अली खान का संयमित अभिनय भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
कई दर्शकों के अनुसार यह महज एक साधारण थ्रिलर फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें मानवीय संवेदनाओं और ड्रामे का भी खूबसूरत मेल देखने को मिलता है।
हालांकि यह फिल्म 'ओप्पम' की रीमेक बताई जा रही है, लेकिन इसके क्लाइमेक्स में किए गए बदलावों ने कहानी को और अधिक रोचक बना दिया है।
यह भी पढ़ें- Friday Movie Releases: OTT पर रिलीज होंगी ये 5 नई फिल्में और वेब सीरीज, जानें किन प्लेटफॉर्म्स पर देखें?
एक ने कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसमें हिट होने का पूरा मसाला था, लेकिन कमजोर कहानी और बहुत ज्यादा खिंचे हुए सीन्स की वजह से यह पूरी तरह फ्लॉप हुई। इसमें वही पुराना और घिसा-पिटा मजाक दिखाने की कोशिश की गई है जो काफी बचकाना लगता है। एक वक्त के बाद तो यह फिल्म देखना झेलना मुश्किल हो जाता है।
यह फिल्म वाकई एक जबरदस्त सरप्राइज है! अगर आप प्रियदर्शन के पुराने अंदाज और सस्पेंस फिल्मों के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपको बिल्कुल निराश नहीं करेगी। हालांकि जो लोग फिल्म को बुरा भला कह रहे हैं उनके लिए एक ने लिखा है कि अक्षय कुमार ने हमें दमदार फिल्में भी दी हैं
फिल्म की कहानी और मुख्य किरदार
कहानी की बात करें तो सैफ अली खान ने एक ऐसे दृष्टिहीन व्यक्ति की भूमिका निभाई है, जो एक मामले में गलत तरीके से फंस जाता है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद वह अपनी सूझबूझ के दम पर खुद को बचाने की कोशिश करता है।
वहीं दूसरी ओर, अक्षय कुमार एक खतरनाक विलेन के रूप में सामने आते हैं, जो बदले की भावना से प्रेरित होकर मुख्य किरदार के लिए गंभीर चुनौतियां खड़ी करता है। दोनों के बीच की यह टक्कर फिल्म का मुख्य आकर्षण है।
स्टार कास्ट और टेक्निकल टीम
फिल्म में मुख्य जोड़ी के अलावा अन्य कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं-
- सहायक भूमिकाओं में सयामी खेर एक पुलिस अफसर के किरदार में नजर आ रही हैं, जबकि बोमन ईरानी ने एक जज की भूमिका निभाई है।
- इसके अलावा शरिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी भी अहम किरदारों में मौजूद हैं।
- निर्देशन प्रियदर्शन का है, जिन्होंने अभिलाष नायर और रोहन शंकर के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है।
- फिल्म में म्युजिक प्रीतम का है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर रोनी राफेल ने तैयार किया है।
केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। शुरुआती शो के बाद मिले सकारात्मक सोशल मीडिया रिएक्शन से फिल्म को एक अच्छी शुरुआत मिली है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।
यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20: कैप्टन बनते ही यंग ने दिखाया कनिका मान पर रौब, घर में हुआ बड़ा घमासान
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: imdb
